"मुसलमानों अब रोना शुरू करो..." बंगाल नतीजों से पहले यूपी के मौलाना की डरावनी भविष्यवाणी, देश में सनसनी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना से पहले उत्तर प्रदेश के एक मौलाना का भड़काऊ बयान वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में मौलाना ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बिना नाम लिए “शेर” भी कहा है।

By :  Shivam
Update:2026-05-03 20:14 IST

Etawah News: 4 मई को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना होनी है। राज्यभर में लोग अपने-अपने प्रत्याशियों के नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। टीएमसी समर्थक ममता बनर्जी के नेतृत्व में सरकार बनने का दावा कर रहे हैं, वहीं भाजपा कार्यकर्ता इस बार बंगाल में कमल खिलने की बात कह रहे हैं। अंतिम नतीजों के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि सत्ता किसके हाथ में जाएगी।

इसी बीच बंगाल चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश के इटावा से एक मौलाना का विवादित बयान सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि हिंदुस्तान इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।

इटावा के रहने वाले मौलाना जर्जिश अंसारी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे पश्चिम बंगाल में मतगणना से पहले तकरीर करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे कहते हैं कि “मुसलमानों के लिए रोने का वक्त आ गया है।” उन्होंने आगे कहा, “बंगाल वालों, तुम्हें मुबारक, तुमने जो चाहा वही मिला। अब चुनाव में की गई गलतियों का खामियाजा मुसलमानों को भुगतना पड़ेगा।”

मौलाना ने यह भी कहा कि अब हालात ऐसे होंगे कि कई जगहों पर मुस्लिम जलसे नहीं हो पाएंगे और प्रशासन द्वारा अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि बंगाल में हालात बदलने पर यूपी जैसा “योगी मॉडल” लागू हो सकता है।

वीडियो में मौलाना यह भी कहते सुनाई देते हैं कि यूपी की तरह बंगाल की मस्जिदों में भी लाउडस्पीकर पर रोक लग सकती है, जिससे मुसलमानों को परेशानी होगी। उन्होंने लोगों को चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि उन्हें “यूपी के मुसलमानों की स्थिति देखकर सबक लेना चाहिए।”

इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना उन्हें “शेर” कहा और कहा कि नाम लेने पर उन्हें जेल जाना पड़ सकता है। इससे पहले भी मौलाना जर्जिश अंसारी अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं और उन्होंने यूपी के मुसलमानों को बंगाल में बसने तक की सलाह दी थी।

इसी तरह की एक और घटना में करीब दो महीने पहले बिहार के एक मौलाना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी और यूपी पुलिस को लेकर भी विवादित बयान दिया था। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौलाना को गिरफ्तार किया था, जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमें वह थाने में लंगड़ाते हुए नजर आया था।

Tags:    

Similar News