UP Nikay Chunav 2023: सीएम योगी ने अखिलेश पर बोला हमला, कहा- सपा अध्यक्ष का बयान छह करोड़ लोगों का अपमान है

UP Nikay Chunav 2023: मुख्यमंत्री ने छानबे विधानसभा उपचुनाव में सहयोगी दल अपना दल (एस) की उम्मीदवार रिंकी कौल के पक्ष में भी वोट मांगा।

Update: 2023-05-08 23:04 GMT
CM Yogi Adityanath (Photo-Social Media)

UP Nikay Chunav 2023: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बाराबंकी, मीरजापुर में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को नगर निकाय चुनाव में जिताने की अपील की। मुख्यमंत्री ने छानबे विधानसभा उपचुनाव में सहयोगी दल अपना दल (एस) की उम्मीदवार रिंकी कौल के पक्ष में भी वोट मांगा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बयान पर मुख्यमंत्री ने उन्हें घेरते हुए विपक्षी दलों को खूब धोया। वहीं विकास कार्यों के बलबूते कमल खिलाने का भी आह्वान किया।

यह सपा-बसपा के कचरे व अराजकता को साफ करने का चुनाव है-

बाराबंकी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा अध्यक्ष की चर्चा की और कहा कि उनका बयान छह करोड़ लोगों का अपमान है। 2017 के पहले किसी भी शहर में जाओ, कूड़े का डंप पड़ा रहता था यानि शहर की पहचान कूड़े के ढेर से दिखाई देती थी। आपने आज समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष का बयान पढ़ा होगा। वे कहते हैं कि नगर निगम चुनाव में हमारी रूचि इसलिए नहीं है, क्योंकि यह कूड़ा उठाने का चुनाव है। यानी कूड़ा उठाना उनकी प्रतिष्ठा के विपरीत है। एक व्यक्ति, जो उत्तर प्रदेश जैसे राज्य का मुख्यमंत्री रहा हो, उनके द्वारा यह हल्के शब्द का इस्तेमाल करना नगरीय क्षेत्र में रहने वाले छह करोड़ लोगों का अपमान है। यह कूड़ा नहीं, सपा-बसपा के कचड़े, गंदगी, अराजकता, अवसरवादिता को साफ करने का चुनाव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया के 20 बड़े देशों के समूहों की अध्यक्षता कर रहा है। रुस और यूक्रेन युद्ध के समय भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया। सूडान में आंतरिक संघर्ष के कारण व्यापक पैमाने पर कत्लेआम हो रहे थे तो इस दौरान भारत दुनिया का अकेला देश था, जिसने ऑपरेशन कावेरी चला करके अपने नागरिकों को सुरक्षित निकाला। मुख्यमंत्री ने बाराबंकी के लोगों से कहा कि यहां एक ओर लखनऊ में इंटरनेशनल एयरपोर्ट है तो दूसरी तरफ अयोध्या का इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन रहा है यानी जो भी आपके नजदीक हो, आप वहां के एयरपोर्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं।

जिन्होंने आपको पानी के लिए तरसाया, उन्हें एक-एक वोट के लिए तरसाइए-

मीरजापुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिन लोगों ने आपको एक एक बूंद पानी के तरसाया था आज उनको एक एक वोट के लिए तरसाइए। परिवारवादी लोगों को विकास से कोई मतलब नहीं है। वो लोग पहले आपके विकास में बाधा पैदा करते थे, बैरियर लगाते थे। गरीब कल्याणकारी योजनाओं में डकैती डालने का काम करते थे। डबल इंजन की सरकार आपके पीने के पानी की समस्या का समाधान करने जा रही है। बहुत ही जल्द आपको शुद्ध पेयजल मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी ने छानबे विधानसभा सीट पर हो रहे उप चुनाव को लेकर आयोजित जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मां विंध्यवासिनी के धाम में भव्य कॉरिडोर का निर्माण कार्य चल रहा है। इस धाम को हम वाटर-वे से भी जोड़ चुके हैं, इसकी जेट्टी बनकर तैयार हो चुकी है। इससे यहां के किसानों की उपज आसानी से देश और दुनिया के बाजार तक पहुंचेगी। इससे यहां पर किसानों को उनकी उपज का अच्छा दाम मिल पाएगा। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मिर्जापुर में मेडिकल कॉलेज की भी सुविधा मिल रही है। यहां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय बन रहा है।

Tags:    

Similar News