UP Nikay Chunav 2023: यूपी में दो चरणों में होंगे निकाय चुनाव, 13 मई को आएगा रिजल्ट, तारीखों की हुई घोषणा

UP Nikay Chunav 2023: इस बार 17 महापालिका, 199 नगर पालिका और 544 नगर पंचायतों पर चुनाव होने हैं। ये चुनाव दिसंबर में हो जाने थे। इन निकायों का कार्यकाल 12 दिसंबर से 19 जनवरी के बीच खत्म हो चुका है। हालांकि, बात ओबीसी आरक्षण पर अटक गई थी।

Update: 2023-04-09 18:59 GMT
UP Nikay Chunav 2023

UP Nikay Chunav 2023: उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। प्रदेश में दो चरणों में नगर निकाय के चुनाव होंगे। पहले चरण की वोटिंग चार मई और दूसरे चरण की वोटिंग 11 मई को होगी, जबकि 13 मई को नतीजे आएंगे। नगर पालिका और नगर पंचायत के पदों पर बैलट पेपर से मतदान होगा। इसके अलावा चुनाव आयोग ने संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त पुलिस लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है। अब सभी पार्टियां निकाय चुनावों में अपना जोर आजमाइश करने में जुट गई हैं।

दिसंबर में होने थे चुनाव?

उत्तर प्रदेश में 762 नगरीय निकायों पर चुनाव होने हैं। ये चुनाव दिसंबर में हो जाने थे। इन निकायों का कार्यकाल 12 दिसंबर से 19 जनवरी के बीच खत्म हो चुका है। हालांकि, बात ओबीसी आरक्षण पर अटक गई थी। इस कारण अब तक चुनाव नहीं हो सके। 30 मार्च को यूपी सरकार ने ओबीसी आरक्षण का ड्राफ्ट जारी कर दिया है। अभी 762 में से 760 नगर निकायों में चुनाव होगा। इनमें से 205 सीटें ओबीसी के लिए रिजर्व रखी गईं हैं।

कहां किसको आरक्षण?

उत्तर प्रदेश में 17 महापालिकाओं के मेयर, 199 नगर पालिकाओं के अध्यक्ष और 544 नगर पंचायत के अध्यक्ष चुने जाने हैं। महापौर की 17 में से 9 सीटों को आरक्षित किया गया है। इनमें आगरा सीट एससी (महिला), झांसी एससी, शाहजहांपुर और फिरोजाबाद ओबीसी (महिला), सहारनपुर और मेरठ ओबीसी और लखनऊ, कानपुर और गाजियाबाद को महिला के लिए आरक्षित किया गया है। जबकि वाराणसी, प्रयागराज, अलीगढ़, बरेली, मुरादाबाद, गोरखपुर, अयोध्या और मथुरा-वृंदावन अनारिक्षित सीटें हैं।

सीमा विस्तार का असर क्या?

सीमा विस्तार होने से नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत की संख्या बढ़ गई है। कुल मिलाकर अब 17 नगर निगम, 200 नगर पालिकाएं और 545 नगर पंचायत हैं। हालांकि, इनमें से 760 पर ही चुनाव होने हैं। पिछली बार यानी 2017 के चुनाव में 16 नगर निगम, 198 नगर पालिका और 438 नगर पंचायत थीं। यानी, इस बार एक नगर निगम, 2 नगर पालिका और 107 नगर पंचायतें बढ़ गईं। .

पिछली बार क्या रहे थे नतीजे?

2017 में जब नगर निकाय के चुनाव हुए थे, तो उसमें बीजेपी की बंपर जीत हुई थी। बीजेपी ने 16 में से 14 नगर निगमों पर कब्जा कर लिया था। पिछली बार 1300 में से 597 पार्षद बीजेपी के थे। वहीं, 198 नगर पालिकाओं में से 70 में और 438 नगर पंचायतों में से 100 में बीजेपी की जीत हुई थी। कांग्रेस एक भी नगर निगम नहीं जीत पाई थी। कांग्रेस सिर्फ 9 नगर पालिका और 17 नगर पंचायत जीत सकी थी। बहुजन समाज पार्टी ने 2 नगर निगमों पर कब्जा कर लिया था।

Tags:    

Similar News