UP News: सीएम योगी को जान से मारने की धमकी देने वाले को पुलिस ने दबोचा, मुंबई से गिरफ्तार कर लाया गोरखपुर

UP News: आरोपित प्रेमंचद यादव के घर पर बुलडोजर एक्शन की बात से नाराज शख्स ने यूपी सीएम को सीधे धमकी दे डाली। पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Update: 2024-01-06 04:28 GMT

सीएम योगी (photo: social media )

UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बीते बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जान से मारने की धमकी मिली थी। यह धमकी अजीत यादव नामक शख्स ने देवरिया सामूहिक हत्याकांड को लेकर दी थी। आरोपित प्रेमंचद यादव के घर पर बुलडोजर एक्शन की बात से नाराज शख्स ने यूपी सीएम को सीधे धमकी दे डाली। पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को यूपी पुलिस ने उसे मुंबई से गोरखपुर हवाई जहाज के जरिए लाया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी अजीत यादव मूल रूप से भदोही जिले के चौरा थाना क्षेत्र के टिकैतपुर गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम संतोष यादव है। वह परिवार के साथ ठाणे के वल्याणी टेकड़ी, तितवाला ईस्ट सिटी में रहता है। देवरिया पुलिस गुरूवार रात को यहीं से उसे गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे हवाई मार्ग से गोरखपुर लाया गया। शुक्रवार को पूछताछ के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

किस बात पर भड़का था आरोपी ?

दरअसल, देवरिया सामूहिक हत्याकांड के आरोपितों का मकान सरकारी जमीन पर पाए जाने को लेकर तहसीलदार कोर्ट के फैसले को डीएम कोर्ट ने भी बरकरार रखा है। आरोपित प्रेमचंद पक्ष ने खलिहान, परती, वन व मानस इंटर कॉलेज की भूमि पर अवैध निर्माण व कब्जा कर रखा है। जिला प्रशासन अब जल्द इसे खाली करवाने के लिए बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर सकता है। इससे बौखलाए अजीत यादव ने एक्स के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हत्या करने की धमकी बुधवार को दी थी।


पोस्ट में जातिगत टिप्पणी भी की गई थी। पोस्ट के वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। इसके बाद देवरिया की सदर कोतवाली में केस दर्ज किया गया। एसपी संकल्प शर्मा ने साइबर सेल को जिम्मेदार शख्स की पहचान करने और उसके खिलाफ तुरंत एक्शन लेने का निर्देश दिया। आरोपी का लोकेशन मुंबई में मिलने के बाद पुलिस की एक टीम को हवाई मार्ग से वहां भेजा गया। इसके बाद मुंबई पुलिस के सहयोग से ठाणे से गुरूवार रात को धमकी देने वाले शख्स अजित यादव को गिरफ्तार किया गया।

बता दें कि देवरिया जिले के रूद्रपुर क्षेत्र के फतेहपुर गांव में जमीन विवाद ने लाशें बिछा दी थीं। यहां प्रेमचंद यादव और सत्यप्रकाश दुबे के परिवार के बीच एक जमीन के टुकड़े को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। एक दिन प्रेमचंद यादव की हत्या कर दी गई। इससे आक्रोशित उसके घर वालों ने सत्यप्रकाश दुबे के परिवार पर धावा बोल दिया। सत्यप्रकाश दुबे समेत परिवार के पांच सदस्य की हत्या कर दी गई थी। जिसमें उसकी वीबी और बच्चे भी शामिल थे। इस हत्याकांड पर जमकर जातिगत राजनीति भी हुई थी।

Tags:    

Similar News