UP News : ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने 14 डायरेक्टरों की चयन प्रक्रिया रद्द की, CM योगी के निर्देश पर हुआ एक्शन

UP News : प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने 14 डायरेक्टरों के चयन प्रक्रिया को रद्द कर दिया है। ये कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर की गई है।

Update: 2023-03-23 21:16 GMT
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा (Social Media)

UP News : उत्तर प्रदेश के बिजली विभाग से गुरुवार (23 मार्च) की शाम बड़ी खबर आई। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा (AK Sharma) ने 14 डायरेक्टरों के चयन प्रक्रिया को रद्द कर दिया। ये कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के निर्देश पर की गई है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता समिति की बैठक के बाद 14 निदेशकों ​​​​​​की नियुक्ति प्रक्रिया पिछले साल 16 अगस्त को शुरू हुई थी। अभी किसी भी निदेशक की नियुक्ति नहीं हुई थी।

प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के इस निर्णय से विद्युत विभाग में हड़कंप मचा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद ऊर्जा मंत्री ने सभी डायरेक्टरों की नियुक्ति रद्द की है।

यूपी में 65 घंटे चली थी कर्मियों की हड़ताल

गौरतलब है कि, हाल ही में यूपी में बिजली कर्मचारियों ने हड़ताल की थी। अपनी मांगों के समर्थन में बिजली कर्मचारियों ने 72 घंटे कार्य के बहिष्कार की घोषणा की थी। जिससे पूरे प्रदेश में बिजली व्यवस्था चरमरा गई थी। बिजली कर्मचारियों की हड़ताल करीब 65 घंटे बाद खत्म हुई थी। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा से तीन दौर की वार्ता के बाद संघर्ष समिति ने ये हड़ताल एक दिन पहले ही खत्म करने की घोषणा कर दी। सरकार के आश्वासन के बाद बिजली कर्मचारियों ने अपने कदम वापस लिए। हड़ताल खत्म होने के बाद ऊर्जा मंत्री ने संघर्ष समिति पदाधिकारियों से कहा था कि बिजली आपूर्ति जल्द से जल्द शुरू की जाए। जिसके बाद पूरे प्रदेश में निर्बाध गति से बिजली की आपूर्ति होने लगी।

ऊर्जा मंत्री के आश्वासन के बाद ख़त्म हुई हड़ताल

ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा के आश्वासन के बाद बिजली कर्मचारी काम पर वापस लौट आए। इसी के साथ, ऊर्जा मंत्री एके.शर्मा ने संघर्ष समिति को भी आश्वासन दिया कि हड़ताल के दौरान कर्मचारियों के खिलाफ की गई FIR और निलंबन वापस लिया जाएगा।

...फिर करेंगे हड़ताल

हड़ताल भले ही ख़त्म हो गई, लेकिन संकट अभी टला नहीं है। अब बिजलीकर्मी फिर से विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। विरोध-प्रदर्शन के बाद आगे के आंदोलन को लेकर रणनीति भी तैयार करेंगे। बिजली कर्मियों का यह प्रदर्शन शुक्रवार को होना निश्चित है। दरअसल, 72 घंटे हड़ताल के दौरान बिजलीकर्मियों पर सरकार ने निलंबन, FIR सहित कई अन्य कार्रवाई की थी। इन्हें वापस लेने की मांग को लेकर बिजली कर्मी लखनऊ के सरोजनी नायडू पार्क में विरोध प्रदर्शन करेंगे। भविष्य में किसी प्रकार का उत्पीड़न न करने व 3 दिसंबर 2022 को हुए समझौते को तत्काल लागू किया जाने को लेकर बिजली कर्मी मुख्यमंत्री से मांग करेंगे।

Tags:    

Similar News