UP में कोरोना से बिगड़े हालात, लखनऊ का सबसे बुरा हाल

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना से हुई 48 मौतों में 23 मौतें केवल लखनऊ में हुई हैं।

Written By :  Shreedhar Agnihotri
Published By :  Dharmendra kumar
Update: 2021-04-10 15:51 GMT

फोटो- सोशल मीडिया

लखनऊ: पूरे उत्तर प्रदेश में कोरोना का संक्रमण बढ़ता ही जा रहा है, लेकिन सबसे बुरे हालात राजधानी लखनऊ के हैं। राजधानी की स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गई हैं। हालात बद से बदत्तर होते जा रहे हैं। यहां के कई शवदाह गृहों में एम्बुलेसों की लाइन लगी है। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोरोना से हुई 48 मौतों में 23 मौतें केवल लखनऊ में हुई हैं। वहीं पूरे प्रदेश में 12787 कोरोना के नए मरीजों 4059 मरीज लखनऊ में आए हैं।

कोरोना को लेकर लखनऊ की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी और बलरामपुर अस्पताल में 50 से अधिक डॉक्टर कोरोना संक्रमित हैं। यही हाल डाॅ श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल अस्पताल का भी है। यहां पर भी कई डाक्टर कोरोना संक्रमित हैं। नर्सो पर कोरोना संक्रमण का प्रभाव साफ दिख रहा है। बलरामपुर हॉस्पिटल के हेड राजीव लोचन को पीजीआई में एडमिट होने के लिए घंटो मशक्कत करनी पड़ी है। अस्पतालों में कोरोना मरीजों के लिए बेड नहीं हैं। इस सबको देखते हुए लखनऊ का जिला प्रशासन आज रात से कर्फ्यू में और कड़ाई बरतने जा रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों बांदा जौनपुर आदि में भी नाईट कर्फ्यू लगााया जा रहा है।
सीएम योगी ने की गोरखपुर में कोरोना की समीक्षा
जबकि राष्ट्रीय स्तर पर देखा जाए तो कर्नाटक, छत्तीसगढ़, दिल्ली, कर्नाटक, गुजरात और राजस्थान में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। अगर प्रतिशत देखा जाए तो 82.82 प्रतिशत मरीज इन्ही राज्यों से हैं। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव 'सूचना' नवनीत सहगल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर में कोविड-19 की समीक्षा की है। इसके अलावा चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने मेरठ, गोण्डा, गाजियाबाद तथा सहारनपुर निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने झांसी, बरेली तथा आगरा में हालातों का जायजा किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा कोविड-19 के संक्रमण को रोकने के लिए पर्याप्त इंतजाम किये गये हैं। कोविड-19 से लड़ने के लिए जिला प्रशासन के साथ समीक्षा करके राज्य सरकार द्वारा निरन्तर आवश्यक दिशा निर्देश दिये जा रहे हैं।

एक दिन में कुल 2,12,213 सैम्पल की जांच

अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि गत एक दिन में कुल 2,12,213 सैम्पल की जांच की गयी, जो अब तक एक दिन में की गयी कोविड टेस्टिंग में सर्वाधिक है। प्रदेश में अब तक कुल 3,65,57,245 सैम्पल की जांच की गयी है। इसमें लगभग 93,000 सैम्पलों की जांच आरटीपीसीआर के माध्यम से की गयी है। आज विभिन्न जनपदों से 1,00,226 सैम्पल भेजे गये हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना सेे संक्रमित 12,787 नये मामले आये है। प्रदेश में 58,801 कोरोना के एक्टिव मामले में से 32,900 लोग होम आइसोलेशन में हैं। निजी चिकित्सालयों में 991 मरीज अपना इलाज करा रहे है तथा शेष मरीज सरकारी चिकित्सालयों में निःशुल्क इलाज भी करा रहे हैं।
प्रसाद ने बताया कि 11 अप्रैल, से 14 अप्रैल, तक टीका उत्सव मनाया जायेगा। इसके लिए आज स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। जिस कारण सिर्फ मेडिकल काॅलेजों तथा जिला अस्पतालों में ही कोविड टीकाकरण किया जा रहा है।


Tags:    

Similar News