Uttar Pradesh Day 2023: 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस-2023 के अवसर पर मनोरंजन, लजीज व्यंजन और खरीदारी के लिए हो जाइए तैयार

Uttar Pradesh Day 2023: उत्तर प्रदेश दिवस 2023 मंगलवार यानी 24 जनवरी से अपनी भव्य तैयारियों और आकर्षक साज सजावट के साथ आरंभ हो रहा है।

Newstrack :  Network
Update: 2023-01-23 12:43 GMT

चौबीस जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस-2023 के अवसर पर मनोरंजन, लजीज व्यंजन और खरीदारी के लिए हो जाइए तैयार: Photo- Social Media

Uttar Pradesh Day 2023: जी हां, देश भर के छोटे बड़े सभी प्रांतों की संस्कृति को समेटे उत्तर प्रदेश दिवस 2023 मंगलवार यानी 24 जनवरी से अपनी भव्य तैयारियों और आकर्षक साज सजावट के साथ आरंभ हो रहा है। जहां देश भर के व्यापारी, कलाकार, काष्ठकार, अपने अपने हुनर में परिपक्व सम्मान प्राप्त हस्तियां अपनी- अपनी स्टॉल पर साजो सामान के साथ नजर आएंगे। जहां विभिन्न प्रांत के लजीज व्यंजनों की खुशबू लोगों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित करेंगी। वहीं घर के साजो सजावट के समान, वस्त्र, आकर्षक पंजाबी मोजरियां साथ ही बच्चों के लिए नव नवेले झूलों के साथ सांस्कृतिक मंच पर आकर्षक नृत्य, गायन प्रस्तुतियां आदि मेला घूमने आए लोगों को अपनी ओर आकर्षित करेंगी।

बताते चलें कि वर्ष 2018 से उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस 24 जनवरी को वर्तमान सरकार द्वारा राज्य स्तरीय आयोजन के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 से 26 जनवरी, 2023 की अवधि में उत्तर प्रदेश दिवस-2023 को समारोह पूर्वक मनाया जा रहा है। मुख्य सचिव द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि खादी एवं ग्रामोद्योग/एमएसएमई एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा इस अवसर पर ओडीओपी के स्टाल लगाकर उत्पादों का विक्रय एवं प्रचार-प्रसार किया जायेगा। जिसमें सूचना, पर्यटन, एमएसएमई, खादी ग्रामोद्योग, संस्कृति तथा शिक्षा विभाग के साथ अन्य विभागों की सहभागिता रहेगी।

उत्तर प्रदेश दिवस-2023 का आयोजन

उत्तर प्रदेश दिवस-2023 का आयोजन कराये जाने हेतु यहां राज्य सरकार की योजनाओं से सम्बंधित सभी विभागों के सम्बंधित अधिकारियों को सदस्य के रूप में नामित करते हुए प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है जिसमें नृत्य, गायन के साथ कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राजकीय अभिलेखागार द्वारा उत्तर प्रदेश की यात्रा से सम्बंधित संकलित अभिलेखों की प्रदर्शनी का आयोजन सभी कार्यक्रम स्थलों पर किया जायगा। इसका उद्देश्य नवीन पीढ़ी को उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा की जानकारी उपलब्ध कराना है।

25 जनवरी, 2023 को सभी कार्यक्रम स्थलों पर राज्य स्तरीय चित्रकला, भाषण, रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनको फरवरी माह में आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 से जोड़ा जा सकेगा। इस मौके पर उन हस्तियों को भी शामिल किया गया है जिन्होंने प्रदेश में निवेश एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये हैं। ऐसे महानुभावों को कार्यक्रम स्थल पर आमंत्रित करके सम्मानित किया जाएगा।अवध शिल्पग्राम लखनऊ में वृहद आयोजन उत्तर प्रदेश महोत्सव में राज्य सरकार की संचालित योजनाओं-परियोजनाओं से सम्बंधित प्रदर्शनी तथा हस्तशिल्प उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय हस्तशिल्प एवं ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है, जहां लोग हस्त कला से निर्मित वास्तुवों को अपनी पसंद के अनुरूप खरीद सकते हैं।

अवध शिल्पग्राम लखनऊ में बड़ा आयोजन

अवध शिल्पग्राम लखनऊ में बड़े आयोजन के अन्तर्गत उद्घाटन एवं मुख्य आयोजन को सूचना विभाग के माध्यम से समस्त जिलों में लाइव प्रसारण भी किया जायगा। जिससे ज्यादातर लोग इसकी भव्यता से वाकिफ हो सकें। अवध शिल्पग्राम लखनऊ में संस्कृति, पर्यटन, गृह, सूचना, महिला कल्याण तथा कृषि विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों की प्रदर्शनियों का आयोजन किये जा रहें हैं। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। यहां समस्त आयोजन आजादी का अमृत महोत्सव के तहत किये जा रहे हैं आपको बताते चलें कि जनपदों को उपलब्ध करायी गयी धनराशि से सांस्कृतिक आयोजन, प्रदर्शनियां एवं अन्य विविध गतिविधियां संचालित की जा रहीं हैं।

उत्तर प्रदेश महोत्सव की गंभीरता और उसके कुशल संचालन के लिए मुख्य सचिव द्वारा यह भी निर्देश दिये हैं कि समस्त जनपदों मे आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों हेतु जिला स्तर पर नामित नोडल अधिकारी तथा उस नोडल अधिकारी द्वारा कार्यक्रम का विवरण एवं फोटोग्राफ्स संस्कृति विभाग के पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाय। उत्तर प्रदेश दिवस-2023 को भव्यपूर्ण ढंग से मनाए जानें की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण पर हैं। 24 जनवरी को अवध शिल्पग्राम लखनऊ में उत्तरप्रेश महोत्सव अपने आगाज़ को तैयार है।

Tags:    

Similar News