Rajnath Singh Video: वियतनाम के राष्ट्रपति ने प्रोटोकॉल तोड़कर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का किया स्वागत
Rajnath Singh Video: हनोई प्रवास के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ऐतिहासिक ट्रैन क्वोक पगोडा का भ्रमण भी किया।;
Video Rajnath Singh Vietnam Visit
Rajnath Singh Video: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज तीन दिवसीय दौरे पर वियतनाम पहुंचे हैं। सिंह का वहां गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। राष्ट्रपति गुयेन जुआन फुक ने तो प्रोटोकॉल को तोड़ते हुए रक्षा मंत्री को गले लगा लिया। वियतनामी राष्ट्रपति का यह कदम दोनों देशों के मजबूत होते रिश्ते को बयां कर रहा है। इससे पहले रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद उन्होंने अपने वियतनामी समकक्ष जनरल फान वान गियांग से मुलाकात की औक दोनों देशों के बीच रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग बढाने पर जोर दिया।
रक्षा मंत्री के साथ मुलाकात
भारतीय दुतावास ने ट्वीट करते हुए इस मुलाकात की जानकारी देते हुए कहा कि दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता हुई है। दोनों नेताओं ने मौजूदा रक्षा सहयोग पर संतोष प्रकट किया और इस साझेदारी को समृद्ध बनाने के लिए और रास्ते तलाशने पर सहमति जताई।
राजनाथ सिंह ने जनरल फान से मुलाकात को लेकर ट्वीट भी किया है। जिसमें उन्होंने लिखा, वियतनाम के रक्षा मंत्री जनरल फान वान गियांग से भेंट अच्छी रही। हमने द्विपक्षीय सहयोग के विस्तार पर बातचीत दोबारा शुरू की। हमारे बीच घनिष्ठ रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण है।
इसके आगे अपने एक अन्य ट्वीट में राजनाथ सिंह ने कहा हमारे उपयोगी विचार-विमर्श के बाद, हमने "2030 की ओर भारत-वियतनाम रक्षा साझेदारी पर संयुक्त विजन स्टेटमेंट" पर हस्ताक्षर किए, जो हमारे रक्षा सहयोग के दायरे और पैमाने को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ाएगा।
ट्रैन क्वोक पगोडा
हनोई प्रवास के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ऐतिहासिक ट्रैन क्वोक पगोडा का भ्रमण भी किया। सिंह ने ट्वीट कर कहा, हनोई में ऐतिहासिक ट्रैन क्वोक पगोडा में जाने के बाद धन्य महसूस कर रहा हूं। वियतनाम के साथ हमारी साझा बौद्ध विरासत हमारे आधुनिक संबंधों की एक मजबूत कड़ी है। इससे पहले उन्होंने वियतनाम के संस्थापक हो ची मिन्ह की समाधि पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की थी।
बता दें कि वियतनाम भारत की एक्ट ईस्ट नीति और इंडो पैसिफिक रीजन में एक महत्वपूर्ण भागीदार बन गया है। इसके अलावा भारत की तरह वियतनाम का भी चीन के साथ दुश्मनी वाला रिश्ता है। दोनों देश अतीत में जंग बी लड़ चुके हैं।