Afghanistan: महिलाओं के प्रदर्शनों से डरा तालिबान, विरोध रोकने के लिए जारी किया ये फरमान

Afghanistan Taliban News: तालिबान ने नया फरमान जारी करते हुए कहा है कि देश में प्रदर्शन से पहले इसकी अनुमति लेनी होगी।

Newstrack :  Network
Published By :  Shreya
Update:2021-09-09 09:45 IST

प्रदर्शन करतीं महिलाएं (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

·Afghanistan Taliban News: अफगानिस्तान में अब पूरी तरह से तालिबान का राज शुरू हो गया है। मंगलवार को तालिबान ने देश में अपनी नई सरकार का एलान कर दिया है। हालांकि इस नई सरकार में महिलाओं से कई हक छीन लिए गए हैं और अब तालिबान इनसे प्रदर्शन करने का भी अधिकार छीनने की कोशिश में जुटा हुआ है। दरअसल, काबुल (Kabul) से लेकर हेरात (Herat) तक इस कट्टरपंथी संगठन के खिलाफ महिलाएं सड़क पर उतर आई हैं और अपने अधिकारों के लिए लगातार जमकर प्रदर्शन कर रही हैं। 

इतनी बड़ी तादाद में महिलाओं द्वारा प्रदर्शन करने के बाद तालिबान में घबराहट देखने को मिल रही है और इसी तिलमिलाहट में अब तालिबान ने प्रदर्शनों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। प्रदर्शनों को रोकने के लिए तालिबानी सरकार ने कई नियम बनाए हैं। तालिबान ने अब एक नया फरमान जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि प्रदर्शन करने से पहले इसकी अनुमति लेनी होगी। 

अफगानिस्तान में प्रदर्शन करते लोग (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

क्या है तालिबान का नया फरमान?

तालिबान की नई सरकार का कहना है कि अब लोगों को विरोध प्रदर्शन करने से पहले न्‍याय मंत्रालय से अनुमति लेनी होगी। इसके बाद ही वो प्रदर्शन कर सकेंगे। यही नहीं प्रदर्शनकारियों को अपने विरोध प्रदर्शन का मकसद, नारे, जगह, समय और विरोध से जुड़ी अन्य जानकारियां सुरक्षा एजेंसियों के साथ साझा करने को कहा गया है। इसके अलावा जारी फरमान में कहा गया है कि किसी भी प्रदर्शन से 24 घंटे पहले प्रदर्शनकारियों को सुरक्षा एजेंसियों को भी को प्रदर्शन से जुड़ी जानकारियां देनी होगी। 

तालिबान ने यह भी साफ साफ कहा है कि अगर इन शर्तों का किसी के द्वारा उल्लंघन किया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि अफगानिस्तान में लगातार कट्टरपंथी संगठन तालिबान और उसका साथ दे रहे पाकिस्तान के खिलाफ लोग प्रदर्शन कर रही हैं। सड़कों पर बड़ी तादाद में महिलाएं भी उतरी हैं। इन विरोध प्रदर्शनों के बाद ही तालिबान ने यह फरमान जारी किया है। हालांकि माना जा रहा है कि तालिबान के इस कदम से दुनियाभर के कई देश नाराज हो सकते हैं। 

(फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

महिलाओं के प्रति बढ़ रहा जुल्म

आपको बता दें कि अफगानिस्तान में तालिबान का कब्जा होने के बाद महिलाओं के प्रति उसका रवैया गुजरते दिन के साथ खराब होता जा रहा है। भले ही अब तक तालिबान ने महिलाओं के हक में कितने ही वादे किए हों, लेकिन जमीनी स्तर पर सभी फेल नजर आ रहे हैं। जब महिलाओं ने इसके खिलाफ आवाज उठानी चाही तो बुधवार को अधिकारों के लिए रैली निकाल रही महिलाओं पर तालिबानी लड़ाकों ने हमला कर दिया। इस दौरान कई महिलाओं के साथ बुरी तरह मारपीट भी की गई। जिसमें कई के घायल होने की खबर है। 

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News