Bangladesh Violence: ढाका की सड़कों पर उतरे लाखों लोग,बड़े पैमाने पर हिंसा और तोड़फोड़,सेना प्रमुख ने हिंसा के लिए ISI को बताया जिम्मेदार

Bangladesh Violence: सेना प्रमुख वकार उज जमान ने देश के नाम संबोधन में कहा कि 48 घंटे के भीतर देश में अंतरिम सरकार का गठन किया जाएगा। उन्होंने देश के लोगों से हिंसा का रास्ता छोड़कर शांति बहाली की अपील की है।

Report :  Anshuman Tiwari
Update: 2024-08-05 11:58 GMT

Bangladesh Violence

Bangladesh Violence: बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी आंदोलन के हिंसक होने के बाद अब हालात पूरी तरह बेकाबू हो गए हैं। आंदोलनकारी छात्रों के अड़ जाने के बाद प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और वे देश छोड़कर निकल गई हैं। उनके भारत जाने की बात कही जा रही है। हालांकि आधिकारिक स्तर पर इस बात की पुष्टि नहीं हो सकी है कि शेख हसीना अपनी बहन के साथ कहां रवाना हुई हैं। राजधानी ढाका में हालात पूरी तरह बेकाबू बने हुए हैं।

जानकारों के मुताबिक ढाका की सड़कों पर करीब चार लाख से अधिक लोग उतर गए हैं और जगह-जगह बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ और हिंसा की घटनाएं हो रही हैं। सेना प्रमुख वकार उज जमान ने देश के नाम संबोधन में कहा कि 48 घंटे के भीतर देश में अंतरिम सरकार का गठन किया जाएगा। उन्होंने देश के लोगों से हिंसा का रास्ता छोड़कर शांति बहाली की अपील की है। उन्होंने देश में बढ़ रही हिंसा के लिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को जिम्मेदार ठहराया है। इस बीच खबर है कि ढाका में अवामी लीग के दफ्तर को प्रदर्शनकारियों ने घेर लिया है और वहां आगजनी हो रही है।


पीएम के इस्तीफे के बाद सेना ने संभाली कमान

शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद अब बांग्लादेश में सेना ने कमान संभाल ली है। शेख हसीना अपना सरकारी आवास छोड़कर अपनी बहन के साथ निकल गई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उनके भारत रवाना होने की बात कही गई है मगर उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि पीएम के बारे में कोई खबर नहीं है। बांग्लादेश के अखबार प्रथमो डेली के मुताबिक प्रधानमंत्री शेख हसीना अपनी बहन रेहाना के साथ हेलीकॉप्टर से रवाना हुई है। देश के कानून मंत्री अनीसुल हक ने कहा कि देश के हालात काफी खराब बने हुए हैं। मुझे भी नहीं पता कि अब आगे क्या होने वाला है। बांग्लादेश में आरक्षण विरोधी आंदोलन में अब तक 300 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। रविवार को देश के विभिन्न इलाकों में भड़की हिंसा में करीब 100 लोगों की मौत हो गई थी।


सेना प्रमुख ने की शांति बहाली की अपील

इस बीच बांग्लादेश के सेना प्रमुख जनरल वकार उज जमान ने देश के नाम अपने संबोधन में हिंसा के लिए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने देश के लोगों से प्रदर्शन, तोड़फोड़ और हिंसा का रास्ता छोड़कर शांति बहाली की अपील भी की है। उन्होंने कहा कि सत्ता का हस्तांतरण चल रहा है। 48 घंटे के भीतर देश में अंतरिम सरकार का गठन किया जाएगा। उन्होंने सभी दलों के नेताओं के साथ इसके लिए बैठक भी की है। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश के लोगों को हमारे ऊपर भरोसा रखना चाहिए। हम साथ मिलकर काम करेंगे क्योंकि लड़ाई लड़ने से कुछ भी हासिल होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि संघर्ष को टालिए। हम मिलकर एक सुंदर देश बनाएंगे।


बांग्लादेश के विभिन्न इलाकों में हिंसा और लूटपाट

वैसे सेना प्रमुख की ओर से की जा रही इस अपील का अभी तक कोई असर पड़ता नहीं दिख रहा है। देश के विभिन्न इलाकों में लोग सड़कों पर उतरकर जमकर हिंसा, उत्पात और लूटपाट कर रहे हैं। देश के विभिन्न हिस्सों से लोग ढाका पहुंच रहे हैं। मौजूदा समय में ढाका की सड़कों पर लाखों लोग उतरे हुए हैं और राजधानी के विभिन्न इलाकों में तोड़फोड़ और हिंसा की खबरें मिल रही हैं।


प्रदर्शनकारियों ने गृह मंत्री का घर फूंका

रविवार को हिंसा के घटनाओं में सौ लोगों के मारे जाने के बाद आज भी छह लोगों के मारे जाने की खबर है। वैसे जानकारों का कहना है कि मृतकों का आंकड़ा बढ़ सकता है। प्रदर्शनकारियों ने तंगेल और ढाका में एक हाईवे पर कब्जा कर लिया है।


बांग्लादेश के गृह मंत्री के घर में लोगों ने आग लगा दी है। जानकार सूत्रों के मुताबिक सत्तारूढ़ अवामी लीग के दफ्तर को भी लोगों ने घेर रखा है और वहां आगजनी होने की खबरें मिल रही हैं। शेख हसीना के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफे के बाद लोग सड़कों पर जश्न भी मना रहे हैं। 

Tags:    

Similar News