Earthquake in Afghanistan: विनाशकारी भूकंप ने अब अफगानिस्तान में बिछाई लाश, 2 हजार लोगों के मारे जाने का अनुमान

Earthquake in Afghanistan: भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हेरात शहर से करीब 40 किमी की दूरी पर स्थित था। ग्रामीण इलाके में ज्यादा तबाही मची है। तालिबान के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि करीब दो हजार लोग हताहत हुए हैं।

Update: 2023-10-08 07:06 GMT

Earthquake in Afghanistan (Social Media)

Earthquake in Afghanistan: तुर्किये, मोरक्को के बाद अब अफगानिस्तान में विनाशकारी भूकंप ने व्यापक पैमाने पर तबाही मचाई है। दशकों से अशांति का दंश झेल रहे अफगानिस्तान की हालत तालिबान हुकूमत के आने के बाद पहले से ही खराब चल रही है। अब इस भूकंप ने एक तरह से देश की कमर तोड़कर रख दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शक्तिशाली भूकंप शनिवार दोपहर को ईरानी सीमा के पास आया, रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 6.3 मापी गई।

भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के हेरात शहर से करीब 40 किमी की दूरी पर स्थित था। ग्रामीण इलाके में ज्यादा तबाही मची है। तालिबान के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि करीब दो हजार लोग हताहत हुए हैं। वहीं, घायलों का असल आंकड़ा अब तक सामने नहीं आया है। देश में स्वास्थ्य व्यवस्था की हालत बहुत खराब है। ऐसे में घायलों को समय पर उचित इलाज नहीं मिल पाया तो मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।


गांव के गांव हुए तबाह

पश्चिमी अफगानिस्तान में आए इस विनाशकारी भूकंप में कई गांव तबाह हो गए हैं। कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। मलबों के ढ़ेर में बड़ी संख्या में लोगों के फंसे होने की आशंका है। जो लोग किसी तरह जिंदा बच गए वे मलबों में अपनो को खोज रहे हैं। तालिबान सरकार के प्रवक्ता अब्दुल वाहिद रेयान ने बताया कि भूकंप से लगभग छह गांव पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं। सैंकड़ों नागरिक मलबे में दब गए हैं। 465 घर पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं और 135 क्षतग्रस्त हुए हैं। तालिबान ने विदेशी सरकारों से मदद की अपील की है।


2022 में भी आया था शक्तिशाली भूकंप

अफगानिस्तान में बीते साल यानी 2022 में भी एक शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई थी। जून 2022 में पक्तिका प्रांत में आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.1 थी। इसमें करीब एक हजार लोग मारे गए थे और 1500 जख्मी हुए थे। 

Tags:    

Similar News