Elon Musk Twitter Deal: एलोन मस्क ने ट्विटर डील रद की, अब चलेगी लंबी कानूनी लड़ाई

Elon Musk Cancels Twitter Deal: अरबपति एलोन मस्क ने महीनों की खींचतान के बाद आखिरकार 44 अरब डॉलर की ट्विटर डील रद कर दी है। डील रद करने की वजह ट्विटर द्वारा फर्जी या स्पैम खातों की सही संख्या नहीं बताया जाना है।

Report :  Neel Mani Lal
Update: 2022-07-09 05:19 GMT

Elon Musk Cancels Twitter Deal (image credit social media)

Elon Musk Cancels Twitter Deal: अरबपति एलोन मस्क ने महीनों की खींचतान के बाद आखिरकार 44 अरब डॉलर की ट्विटर डील रद कर दी है। डील रद करने की वजह ट्विटर द्वारा फर्जी या स्पैम खातों की सही संख्या नहीं बताया जाना है। मस्क के फैसले के तुरंत बाद ट्विटर ने पलटवार करते हुए मस्क पर वादाखिलाफी का मुकदमा ठोंकने की धमकी दे दी है। एलोन मस्क के लिए भी इस डील से पल्ला झाड़ना बहुत आसान नहीं है। दो कंपनियों के विलय समझौते को यूं ही तोड़ा नहीं जा सकता है। यानी अब ट्विटर और एलोन मस्क के बीच एक लंबी कानूनी जंग देखने को मिलने वाली है।

कानूनी एक्सपर्ट्स के अनुसार, फिलहाल ट्विटर का बोर्ड बहुत मुश्किल स्थिति में है। उनके सामने वर्तमान पेचीदा स्थिति से बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं है। अगर ट्विटर डील की कीमत घटाने या डील तोड़ने के बदले एक अरब डॉलर की पेनाल्टी देने जैसे किसी समझौते की पेशकश करता है तो ट्विटर के शेयर धारक भड़क जाएंगे और उनके द्वारा मुकदमेबाजी शुरू करने का जोखिम होगा। ट्विटर के शेयरधारकों ने पहले ही कंपनी और खुद एलोन मस्क के खिलाफ अराजक सौदे को लेकर मुकदमा दायर किया है।

ट्विटर करेगा मुकदमा

ट्विटर के चेयरमैन ब्रेट टेलर पहले ही कह चुके हैं कि कंपनी का बोर्ड मस्क के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा। टेलर ने एक ट्वीट में लिखा - ट्विटर बोर्ड मस्क के साथ सहमत कीमत और शर्तों पर लेनदेन को बंद करने के लिए प्रतिबद्ध है और विलय समझौते को लागू करने के लिए कानूनी कार्रवाई करने की योजना बना रहा है। हमें विश्वास है कि हम डेलावेयर कोर्ट ऑफ चांसरी में मजबूत स्थिति में होंगे।" टेलर ने डेलावेयर अदालत का जिक्र किया है जो व्यवसायों के बीच विवादों को सुलझाती है।

बाध्यकारी समझौता

मस्क ने अप्रैल में ट्विटर को 54.20 डॉलर प्रति शेयर के हिसाब से खरीदने के लिए कानूनी रूप से बाध्यकारी समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। समझौते में कहा गया है कि यदि दोनों में से कोई भी पक्ष सौदा तोड़ता है, तो उन्हें 1 अरब का वादाखिलाफी शुल्क देना होगा। समझौता होने के कुछ समय बाद ही मस्क ने संकेत देना शुरू कर दिया कि उनको सौदे के बारे में संदेह हैं। मई में मस्क ने कहा कि उन्होंने ट्विटर के अपने अधिग्रहण को "होल्ड पर" रखने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्पैम खातों के बारे में कंपनी के दावों का आकलन किया कि और इनकी संख्या ट्विटर के दावों से कहीं ज्यादा है। इस पर ट्विटर ने कहा कि उसने मस्क के साथ जानकारी साझा करना जारी रखा है।

ताजा पत्र

7 जुलाई को एक पत्र में मस्क के वकीलों ने ट्विटर पर सौदे के समझौते के "कई प्रावधानों के भौतिक उल्लंघन" का आरोप लगाया और दावा किया कि कंपनी ने अपने मंच पर नकली खातों के प्रसार के बारे में "गलत और भ्रामक जानकारी" दी है। ट्विटर के बोर्ड को लिखे एक पत्र में, मस्क के वकील माइक रिंगलर ने शिकायत की कि उनके मुवक्किल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर "फर्जी या स्पैम" खातों के प्रसार का पता करने के लिए लगभग दो महीने तक डेटा मांगा था।

ट्विटर इसमें विफल रहा है या यह जानकारी देने से इनकार कर दिया है।ट्विटर ने मस्क के अनुरोधों को नजरअंदाज कर दिया है और कभी-कभी इसने उन्हें उन कारणों से खारिज कर दिया जो अनुचित प्रतीत होते हैं।  कभी-कभी इसने मस्क को अधूरी या अनुपयोगी जानकारी देते हुए अनुपालन करने का दावा किया है। ये जानकारी ट्विटर के व्यापार और वित्तीय प्रदर्शन के लिए मौलिक है, और विलय को समाप्त करने के लिए आवश्यक है।

ट्रम्प खुश हुए

एलोन मस्क के फैसले पर पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने खुशी जाहिर की है। ट्रम्प अपने स्वयं के सोशल मीडिया प्लेटफार्म, "ट्रुथ सोशल" पर लिखा : "ट्विटर डील मर चुकी है, और 'सत्य' की जीत हुई है।" 6 जनवरी, 2021 को यूएस कैपिटल में दंगे के बाद ट्विटर ने ट्रम्प पर बैन लगा दिया था। ट्विटर के शेयर गिरे डील रद होने की खबर के साथ ट्विटर के शेयर 5 फीसदी गिरकर 36.81 डॉलर पर आ गए। जबकि टेस्ला के शेयर 2.5 फीसदी चढ़कर 752.29 डॉलर पर पहुंच गए। 

कितने स्पैम खाते

6 जुलाई को ट्विटर ने पत्रकारों और कंपनी के अधिकारियों के साथ एक ब्रीफिंग में स्पैम खातों की गणना पर जानकारी साझा की थी। ट्विटर ने कहा कि वह हर दिन 10 लाख स्पैम अकाउंट हटाता है। कम्पनी ने कहा कि स्पैम खाते प्रत्येक तिमाही में अपने सक्रिय उपयोगकर्ता आधार के 5 फीसदी से कम का प्रतिनिधित्व करते हैं। कितने खाते स्पैम हैं, इसकी गणना करने के लिए, सार्वजनिक और निजी डेटा जैसे आईपी पते, फोन नंबर, स्थान और खाता व्यवहार दोनों का उपयोग किया जाता है।

ट्विटर ने कहा कि वह लगातार "हजारों खातों" की समीक्षा करता है। ट्विटर को खरीदने में अपनी रुचि पर मस्क ने कहा था कि वह मुक्त अभिव्यक्ति चाहते हैं और ट्विटर को स्पैम बॉट्स से छुटकारा दिलाना चाहते हैं। विडंबना है कि अब इसी समस्या के कारण मस्क डील को रद कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News