France Pension Strike: फ्रांस में नई पेंशन योजना का विरोध, सड़कों पर लगे कूड़े के ढेर

France Pension Strike: फ्रांस के तमाम शहरों में ये गंदगी फ्रेंच सेवानिवृत्ति की आयु दो साल बढ़ाने के बिल पर व्यापक क्रोध का सबसे स्पष्ट संकेत है।

Update: 2023-03-15 11:27 GMT
फ्रांस में नई पेंशन योजना का विरोध (photo: social media )

France Pension Strike: पेंशन काफी नाजुक मसला है, ये फ्रेंच राष्ट्रपति एमानुएल मैक्रों भी अब महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पेंशन पाने की उम्र सीमा क्या बढ़ा दी, सफाई कर्मी बेमियादी हड़ताल पर चले गए और आलम ये है कि खूबसूरत पेरिस कूड़े के ढेर में तब्दील हो चुका है। फ्रांस के तमाम शहरों में ये गंदगी फ्रेंच सेवानिवृत्ति की आयु दो साल बढ़ाने के बिल पर व्यापक क्रोध का सबसे स्पष्ट संकेत है। सफाईकर्मियों के अलावा अन्य सेक्टरों में भी हड़तालें हो चुकी हैं। लेकिन सफाई हड़ताल का असर हर सड़क गली में दिखाई दे रहा है।

टनों कूड़ा बिखरा

पेंशन रिफॉर्म्स योजना के तहत पेंशन की उम्र 62 से बढ़ाकर 64 करने का प्रस्ताव है। इसके विरोध में सफाई कर्मचारी 6 मार्च से हड़ताल पर हैं। इसके चलते राजधानी पेरिस की सड़कों पर टनों बदबूदार कचरा और कचरे का ढेर जमा हो गया है। सोशल मीडिया पर साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में शहर की सामान्य रूप से सुरम्य सड़कों पर कचरे के ढेर देखे जा सकते हैं। 14 मार्च तक शहर की सड़कों पर 7,000 टन से ज्यादा कचरा जमा हो गया था। तीन अपशिष्ट ट्रीटमेंट प्लांट को अवरुद्ध कर दिया गया है और एक को आंशिक रूप से बंद कर दिया गया है।

चूहों और बीमारियों का खतरा

कचरा बढ़ते चले जाने से पेरिस के लोगों के बीच स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं बढ़ गईं हैं। लोगों को डर है कि अब चूहों और काकरोचों का आक्रमण आसन्न है। और इसके बाद तमाम बीमारियां फैलना तय है।

राष्ट्रपति भवन को भी नहीं बख्शा

कचरे के थैलों और भरे हुए कूड़ेदानों से सड़ते भोजन की बदबू फैली हुई है। पूरे पेरिस के अलावा सीनेट, और राष्ट्रपति भवन एलिसी पैलेस के सामने भी कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। किसी भी जगह को हड़ताल से बख्शा नहीं गया है। अन्य फ्रांसीसी शहरों में भी कूड़े की समस्या है, लेकिन पेरिस में गंदगी हड़तालियों के असंतोष का प्रतीक बन गई है। कई जगह सड़कों पर चलने की जगह तक नहीं बची है।

व्यापक चिंता

खुद हड़ताल करने वाले, जिनमें कूड़ा बीनने वाले, सड़क पर सफाई करने वाले और भूमिगत सीवर कार्यकर्ता शामिल हैं, इस बात से चिंतित हैं कि उनकी अनुपस्थिति में पेरिस क्या बन रहा है। हड़तालियों का कहना है कि राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों को केवल सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाने की अपनी योजना को वापस लेना है और पेरिस तीन दिनों में साफ हो जाएगा।

कई सेक्टरों में हड़ताल

पेंशन उम्र बढ़ाने के खिलाफ हड़तालों ने परिवहन, ऊर्जा और बंदरगाहों सहित अन्य क्षेत्रों को भी प्रभावित किया है, लेकिन मैक्रों की सरकार संसद में अलोकप्रिय पेंशन सुधार विधेयक को पारित कराने की कोशिश कर रही है। बिल अधिकांश लोगों के लिए सेवानिवृत्ति की आयु 62 से बढ़ाकर 64 और स्वच्छता क्षेत्र के अधिकांश लोगों के लिए 57 से बढ़ाकर 59 कर देगा। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि दो और साल का समय बहुत लंबा है।

Tags:    

Similar News