Monkeypox: पहली बार अफ्रीका से बाहर दर्ज हुईं मंकीपॉक्स वायरस से मौतें

Monkeypox: मंकीपॉक्स के बारे में एक परेशान करने वाली खबर स्पेन और ब्राज़ील से आई है। इन दोनों देशों में मंकीपॉक्स से संक्रमित लोगों की मौतें हुईं हैं। अफ्रीका से बाहर मंकीपॉक्स से पहली बार कोई मौत दर्ज की गई है।

Report :  Neel Mani Lal
Update: 2022-07-30 08:46 GMT

Monkeypox virus in Spain and Brazil (image social media)

Monkeypox virus: मंकीपॉक्स के बारे में एक परेशान करने वाली खबर स्पेन और ब्राज़ील से आई है। इन दोनों देशों में मंकीपॉक्स से संक्रमित लोगों की मौतें हुईं हैं। अफ्रीका से बाहर मंकीपॉक्स से पहली बार कोई मौत दर्ज की गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की 22 जुलाई की एक रिपोर्ट के अनुसार, मंकीपॉक्स से दुनिया भर में केवल पांच मौतों की सूचना मिली है और ये सब अफ्रीका में हुईं हैं।डब्ल्यूएचओ ने पिछले शनिवार को तेजी से फैल रहे प्रकोप को वैश्विक स्वास्थ्य आपातकाल घोषित किया, जो इसका उच्चतम स्तर का अलर्ट है।

स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपनी नवीनतम रिपोर्ट में कहा है कि देश में मंकीपॉक्स के 4,298 मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें से केवल 64 महिलाएं थीं।कुल मरीजों में से 120 को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और एक की मौत हो गई। स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने मृतक व्यक्ति के बारे में जानकारी देने से इनकार कर दिया। स्वास्थ्य मंत्रालय के आपातकालीन और सतर्क समन्वय केंद्र के अनुसार, स्पेन दुनिया के सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में से एक है, जिसमें 4,298 लोग मंकीपॉक्स वायरस से संक्रमित हैं। केंद्र ने एक रिपोर्ट में कहा है कि "उपलब्ध जानकारी वाले 3,750 (मंकीपॉक्स) रोगियों में से 120 मामले अस्पताल में भर्ती थे (3.2 प्रतिशत) और एक की मौत हो गई।" शव परीक्षण के परिणाम के लंबित रहने तक मृत्यु का विशिष्ट कारण नहीं बताया गया है।

उधर ब्राजील में एक 41 वर्षीय व्यक्ति की मंकीपॉक्स से मौत हो गई। स्थानीय मीडिया ने बताया कि इस व्यक्ति को इम्यूनिटी की गंभीर समस्या थी, और गुरुवार को दक्षिणपूर्वी मिनस गेरैस राज्य की राजधानी बेलो होरिज़ोंटे में उसकी मृत्यु हो गई। राज्य के स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि वह व्यक्ति पहले से कई अन्य गंभीर स्थितियों के लिए अस्पताल में इलाज करवा रहा था। मंत्रालय ने कहा कि यह बताना महत्वपूर्ण है कि उस व्यक्ति को गंभीर सह-रुग्णताएं थीं। मिनस गेरैस के स्वास्थ्य सचिव फैबियो बैकचेरेटी ने कहा कि मंकीपॉक्स के लिए मृत्यु दर बहुत कम है। ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय ने करीब 1,000 मंकीपॉक्स के मामले दर्ज किए हैं, जिनमें ज्यादातर साओ पाउलो और रियो डी जनेरियो राज्यों में हैं।

यह रोग आमतौर पर दो से तीन सप्ताह के बाद अपने आप ठीक हो जाता है, कभी-कभी इसमें एक महीना भी लग जाता है। डेनमार्क की दवा बनाने वाली कंपनी बवेरियन नॉर्डिक की चेचक का टीका, जिसे अमेरिका में जीनियोस और यूरोप में इम्वेनेक्स के नाम से बेचा जाता है, को भी मंकीपॉक्स से बचाने के लिए प्रभावी पाया गया है। डब्ल्यूएचओ के अनुसार, मई की शुरुआत से अफ्रीका के बाहर दुनिया भर में मंकीपॉक्स के 18,000 से अधिक मामलों का पता चला है। 78 देशों में इस बीमारी का फैलाव है, जिसमें 70 प्रतिशत मामले यूरोप में और 25 प्रतिशत अमेरिका में पाए गए हैं।

Tags:    

Similar News