Pakistan Blast: इजराइल-फलस्तीन संघर्ष पहुंचा पाकिस्तान तक, बम धमाके में 7 लोगों की मौत

Pakistan Blast: पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में एक विस्फोट हो गया।

Newstrack :  Network
Published By :  Shivani
Update: 2021-05-22 02:03 GMT

धमाका (सांकेतिक फोटो)

Pakistan Blast: पाकिस्तान में जोरदार धमाके की खबर है। यहां दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में एक रैली के दौरान बम ब्लास्ट हो गया, जिसके बाद अफरातफरी में मच गयी। इस विस्फोट में कम से कम सात लोगों के मारे जाने और 13 लोगों के घायल होने की सूचना है। इस बारे में अधिकारियों ने आधिकारिक पुष्टि कर दी है।

भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत में एक विस्फोट हो गया। ये धमाका उस वक्त हुआ जब वहां फलस्तीन के समर्थन में एक रैली का आयोजन किया गया था। उसी दौरान जब रैली पास ही में चमन शहर के एक बाजार से होकर गुजरी तो बम विस्फोट कर दिया गया। धमाका इतना भीषण था कि मौके पर ही सात लोगों की मौत हो गयी। कई लोग घायल हो गए।

 रैली के दौरान बम ब्लास्ट

धमाके के बाद रैली में भगदड़ मच गयी। चारों तरफ अफरा तफरी का माहौल हो गया। वहीं ब्लास्ट की जानकारी होते ही सेना और सुरक्षाबलों ने क्षेत्र को घेर लिया। विस्फोट वाली जगह सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में है। बलूचिस्तान प्रांत की सरकार के प्रवक्ता लियाकत शाहवानी ने विस्फोट की जानकारी देते हुए बताया कि घटना में घायल सभी लोगों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। साथ ही कुछ लोगों को क्वेटा के अस्पतालों में भेज दिया गया है।

जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-नजरयाती (JUI-N) ने आयोजित की थी रैली

मरने वालों के बारे में जानकारी देने के साथ ही अधिकारियों ने बताया कि घायलों में से तीन की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। बता दें कि यह रैली इस्लामिक राजनीतिक संगठन जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम-नजरयाती (जेयूआई-एन) ने आयोजित की थी। रैली फलस्तीन के लोगों के प्रति एकजुटता प्रकट करने के लिए निकाली जा रही थी। रैली में पश्चिम एशिया में अस्थिरता पैदा करने की धमकी भी दी गयी। गौरतलब है कि इजराइल और फलस्तीन के बीच पिछले 11 दिनों से तनाव की स्थिति है। एक दूसरे पर हमला कर रहे इजराइल और फलस्तीन के इस खूनी संघर्ष में अब तक 240 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।

रैली में पार्टी के वरिष्ठ नेता अब्दुल कादिर लुनी और कारी महरुल्ला भी मौजूद थे। हालांकी दोनों नेता सुरक्षित हैं। वहीं लियाकत शाहवानी ने इस हमले को फलस्तीन के लिए एकजुटता के खिलाफ बताया। हमले की जांच शुरू हो गयी है। शुरुआती जांच रिपोर्ट के मुताबिक़, रैली खत्म होने से कुछ समय पहले ही एक धार्मिक नेता के वाहन को निशाना बनाकर आईईडी विस्फोट किया गया था।

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री ने की निंदा

पाकिस्तान में इस हमले की जमकर निंदा हो रही है। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री जाम कमाल खान ने धमाके को लेकर नाराजगी जाहिर की। बहरहाल अब तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी अब तक नहीं ली है।

बता दें कि इसके पहले भी बलूचिस्तान में कई बार बम धमाके हो चुके हैं। एक महीने पहले ही बलूचिस्तान की राजधानी क्वेटा में सेरेना होटल की पार्किंग में ब्लास्ट हुआ था, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गयी और 12 घायल हो गए थे। गौरतलब है कि जिस होटल की पास ये धमाका हुआ, वहीं चीनी राजदूत ठहरे हुए थे। हालांकि विस्फोट के दौरान वह होटल में मौजूद नहीं थे।

Tags:    

Similar News