Russia Ukraine War: दोनों में बहुत जरूरी शांति वार्ता, अमेरिकी सीनेट ने पुतिन को माना अपराधी

Russia Ukraine War: यूक्रेन पर रूस के हमले के बीच अमेरिकी सीनेट ने रूसी राष्ट्रपति पुतिन को युद्ध अपराधी घोषित करने से जुड़ा एक प्रस्ताव पारित किया है।

Written By :  Neel Mani Lal
Published By :  Shreya
Update: 2022-03-16 15:09 GMT

राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन-यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की (Photo - Social Media)

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध अब 23वें दिन में दाखिल हो चुका है। यूक्रेन के कई शहरों में लड़ाई अब भी जारी है। रूस और यूक्रेन में शांति वार्ता (Russia And Ukraine Talks) भी साथ साथ चल रही है जिसके कई दौर हो चुके हैं। रूस पर यूरोप और अमेरिका ने ढेरों आर्थिक प्रतिबन्ध लगाये हुए हैं लेकिन पुतिन पर उनका कोई असर नहीं दिख रहा है। इस बीच यूक्रेन पर रूस के हमले के बीच अमेरिकी सीनेट (United States Senate) ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Russia President Vladimir Putin) को युद्ध अपराधी घोषित करने से जुड़ा एक प्रस्ताव पारित किया है।

इस बीच यूक्रेन में कई शहरों में हवाई सायरन (Air Siren) लगातार सुने जा रहे हैं। ये सायरन लोगों को संभावित मिसाइल हमलों (Missile Attacks) की चेतावनी देने के लिए होते हैं ताकि वे कहीं सुरक्षित जगहों पर शरण ले सकें। राजधानी कीव में भारी गोलीबारी (Firing In Kyiv) हो रही है, इसलिए शहर में कर्फ्यू लगा हुआ है।

संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि 24 फरवरी को युद्ध शुरू होने के बाद से हर दिन लगभग 70,000 बच्चे शरणार्थी बन गए हैं, जबकि यूक्रेन से भागने वाले शरणार्थियों की कुल संख्या 30 लाख से अधिक हो गई है।

वार्ता में प्रगति

यूक्रेन और रूस के प्रतिनिधिमंडलों के बीच चौथे दौर की शांति वार्ता हुई है बताया जाता है कि वार्ता में कुछ प्रगति हुई है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की (Ukraine President Volodymyr Zelenskyy) का कहना है कि बातचीत अब "अधिक यथार्थवादी" लगती है। जेलेंस्की ने लंदन में यूरोपीय नेताओं की बैठक में फिर आग्रह किया कि उनके देश पर नो-फ्लाई जोन (No-Fly Zone) को लागू किया जाए। दूसरी तरफ जेलेंस्की ने अब नाटो में शामिल होने का इरादा छोड़ दिया है।

उनका कहना है कि नाटो का अब यूक्रेन को स्वीकार करने का कोई इरादा नहीं है। नाटो में यूक्रेन की सदस्यता पर पुतिन को बड़ी आपत्ति थी सो अब जेलेंस्की के पीछे हटने से एक मसला सुलझ गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन यूक्रेन की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त 80 करोड़ डॉलर की सहायता की घोषणा करने वाले हैं। वहीं जर्मन चांसलर ओलाफ शॉल्त्स ने कहा है कि कोई भी नाटो और रूस के बीच सीधा सैन्य टकराव नहीं चाहता है।

राष्ट्रपति जो बिडेन (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

अमेरिकी सीनेट ने पारित किया प्रस्ताव 

अब रूस पर दबाव बढ़ाते हुए अमेरिकी सीनेट ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को युद्ध अपराधी मानने वाले एक प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया है। रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम द्वारा पेश किए गए और दोनों पक्षों के सीनेटरों द्वारा समर्थित इस प्रस्ताव ने हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) को रूस के यूक्रेन पर हमले के दौरान किए गए युद्ध अपराधों की जांच करने के लिए प्रोत्साहित किया है।

डेमोक्रेटिक सीनेटर चक शूमर ने सीनेट में अपने भाषण में कहा - हम सभी डेमोक्रेट और रिपब्लिकन साथ मिलकर कहते हैं कि व्लादिमीर पुतिन यूक्रेनी लोगों के खिलाफ किए गए अत्याचारों के लिए जवाबदेही से बच नहीं सकते।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News