PM Modi in Russia: भारतीय समुदाय से मिलने को उत्सुक...शिखर सम्मेलन में शामिल होने को PM Modi रूस रवाना

PM Modi in Russia: PM के स्वागत के लिए मास्को को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मोदी के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। पीएम मास्को में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं।

Newstrack :  Network
Update:2024-07-08 10:54 IST

PM Modi visit Russia (Pic:Social Media)

PM Modi in Russia: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अपने दो दिवसीय दौरे पर रूस रवाना हुए। वह दो दिन 8 और 9 जुलाई को रूस में रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में शिरकत करेंगे। पीएम मोदी को खुद व्लादिमीर पुतिन ने रूस आने का निमंत्रण दिया था। 

अपने इस दौरे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अपने अगले तीन दिनों में मैं रूस और ऑस्ट्रिया में रहूंगा। ये यात्राएं इन देशों के साथ संबंधों को और मजबूत करने का एक शानदार अवसर होगा। जिनके साथ भारत की पुरानी दोस्ती है। मैं इन देशों में रहने वाले भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करने के लिए भी उत्सुक हूं।

तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी की यह पहली रूस यात्रा है। इससे पहले उन्होंने 2019 में रूस की यात्रा की थी। इन पांच वर्षों में दुनिया में कई घटनाक्रम हुए हैं। मसलन कोरोना महामारी, यूक्रेन युद्ध, अमेरिका-रूस तनाव...और भी बहुत कुछ। ऐसे में बदलते समीकरणों के बीच पीएम मोदी की इस यात्रा पर दुनिया की नजरें होंगी।

 स्वागत के लिए मास्को को दुल्हन की तरह सजाया गया है

उधर, पीएम मोदी के स्वागत के लिए रूस में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। वह सोमवार को रूस की राजधानी मास्को पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए मास्को शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं। पीएम मोदी के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। पीएम मोदी के स्वागत में नृत्य व गीत प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा भी कई प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भारतीय समुदाय के लोग पीएम मोदी का स्वागत करने को उत्सुक हैं।

पुतिन ने खुद दिया था निमंत्रण

पीएम मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के आमंत्रण पर मास्को जा रहे हैं। पुतिन अपने दोस्त पीएम मोदी से मिलने को बेताब हैं। इस दौरान पीएम मोदी 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। कोरोना के कारण यह शिखर सम्मेलन तीन साल बाद हो रहा है।

कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर हो सकती है बात

इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर तो बातचीत होगी ही साथ ही दोनों नेता अंतरराष्ट्रीय हालात पर भी चर्चा करेंगे। वे सैन्य, तकनीक आदि विषयों पर सहयोग बढ़ाने के लिए बातचीत करेंगे। पीएम मोदी मास्को में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं। इस यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच रूस-यूक्रेन संघर्ष पर भी चर्चा हो सकती है। भारत दोनों देशों से बार-बार शांति की अपील कर चुका है। उनसे अपने विवादित मुद्दों के समाधान के लिए बातचीत के रास्ता अपनाने का आग्रह भी भारत की ओर से कई बार किया जा चुका है।

पीएम मोदी की रूस यात्रा कई मायनों में काफी महत्वपूर्ण है। अब देखना यह होगा कि पीएम मोदी और पुतिन के बीच किन-किन मुद्दों पर सार्थक बातचीत होगी।

Tags:    

Similar News