Russia-Ukraine Update: रूस को बॉयकॉट करने का सिलसिला जारी, वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम ने तोड़े सारे संबंध

Russia-Ukraine Update: रूस को अंतराष्ट्रीय स्तर पर अलग- थलग करने की कवायद के बीच वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम ने एक बड़ा कदम उठाया है।

Published By :  Vidushi Mishra
Update: 2022-03-09 17:26 GMT

रूस को बॉयकॉट (फोटो-सोशल मीडिया)

Russia-Ukraine Update: रूस पर अंतराष्ट्रीय प्रतिबंधों और उसके बहिष्कार का सिलसिला जारी है। यूक्रेन के खिलाफ भीषण जंग छेड़ने वाले रूस के खिलाफ अब तक कई बड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए जा चुके हैं। दुनिया की कई दिग्गज टेक कंपनियों ने भी रूस का बहिष्कार कर दिया है।

रूस को अंतराष्ट्रीय स्तर पर अलग- थलग करने की कवायद के बीच वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम ने एक बड़ा कदम उठाया है। विश्व आर्थिक मंच ने रूस से सारे संबंध तोड़ने की घोषणा की है। अब रूस दावोस में होने वाले सलाना बैठक में भाग नहीं ले सकेगा।

दरअसल तमाम वैश्विक कवायदों के बीच रूस यूक्रेन के खिलाफ जंग खत्म नहीं कर रहा है। इस जंग में अब बड़ी संख्या में आम नागरिक निशाना बन रहे हैं, जिसने रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन को दुनियाभर में और अधिक लोकप्रिय कर दिया है।

क्या होता है वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम

वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम जिसे विश्व आर्थिक मंच भी कहा जाता है एक प्रतिष्ठित वैश्विक गैर – लाभकारी संस्था है। इसका मुख्यालय स्विट्जरलैंड के कोलोग्नी शहर में स्थित है। इस मंच का उद्देशय विश्व के व्यवसाय, राजनीति, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों के अग्रणी लोगों को एक साथ लाकर वैशविक, क्षेत्रीय और औद्योगिक दिशा तय करना है। इसकी स्थापना सनू 1971 में की गई थी।

वर्ल्ड इकोनोमिक फोरम की सबसे महत्वपूर्ण बैठक वार्षिक शीतकालीन बैठक होती है, जो दावोस शहर में आयोजित की जाती है। इस बैठक में भागीदारी केवल निमंत्रण के आधार पर ही होती है औऱ निमंत्रण केवल विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ठ काम करने वाले लोगों को ही मिलता है। इस बैठक में लगभग 2500 लोग भाग लेते हैं जिसमें अंतर्राष्ट्रीय राजनीतिज्ञ, गिने चुने बुद्धिजीवी और पत्रकार प्रमुख होते हैं। जो दुनिया के जरूरी मुद्दों पर चिंतन करते हैं। ऐसे महत्वपूर्ण संगठन से रूस का बहिष्कार होना निश्चित तौर पर उसके अंतराष्ट्रीय साख के लिए बड़ा झटका है।

यूक्रेन पर हमला जारी

उधर, यूक्रेन पर रूसी हमला जारी है। पूर्वी यूक्रेन के सेवेरोडोनेस्टक में गोलीबारी के चपेट में आने के कारण 10 लोगों की मौत होने की सूचना है। वहीं यूक्रेन ने दावा किया है कि रूस ने एक मैटरनिटी अस्पताल को निशाना बनाया है। राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस हमले की निंदा करते हुए इसे इंसानियत की मौत बताया है। उन्होंने एकबार फिर अमेरिका और वेस्ट की ओऱ मुखातिब होते हुए कहा कि आखिर कब तक दुनिया इस आतंक को नजरअंदाज करेगी औऱ चुप्पी साधे बैठी रहेगी।

बता दें कि 10 मार्च को पहली बार यूक्रेन औऱ रूस के बीच हाई लेवल की बैठक होने जा रही है। तीन दौर की वार्ता असफल होने के बाद नाटो के सदस्य देश तुर्की में रूस औऱ यूक्रेन के विदेश मंत्री युध्द के शुरू होने के बाद पहली बार मिलेंगे।

Tags:    

Similar News