Russia-Ukraine Update: यूक्रेन के हालात और खराब, फंसे भारतीयों से सरकार ने तत्काल खारकीव छोड़ने को कहा

Russia-Ukraine Update: यूक्रेन में बदतर हो रहे हालातों को देखते हुए भारत सरकार ने फंसे भारतीयों से खार्कीव तुरंत छोड़ने का कहा।

Published By :  Vidushi Mishra
Update:2022-03-02 20:03 IST

यूक्रेन में फंसे भारतीय (फोटो-सोशल मीडिया)

Russia-Ukraine Update: रूस के साथ जंग में उलझे यूक्रेन में हालात तेजी से बदतर होते जा रहे हैं। यूक्रेन के दूसरे सबसे बड़े शहर खार्कीव पर रूसी सेना द्वारा लगातार किए जा रहे मिसाइल हमले के बीच भारत सरकार ने वहां फंसे भारतीयों के लिए एक और एडवायजरी जारी की है। रूसी इनपुट के मद्देनजर भारतीय विदेश मंत्रालय ने खार्कीव में फंसे भारतीयों को तुरंत शहर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों पर जाने को कहा है।

विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी

रूसी हमले से तबाह हुए यूक्रेन में वहां फंसे भारतीयों की सुरक्षा भारत सरकार के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बन चुकी है। खार्कीव में रूसी सेना के बढ़ते हमले के बीच भारत सरकार के लिए वहां से लोगों को निकालना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में भारतीय विदेश मंत्रालय ने वहां फंसे भारतीयों को खार्कीव के आसपास मौजूद सुरक्षित ठिकानों की जानकारी दी है।

विदेश मंत्रालय ने जानकारी देते हुए कहा कि जो भी भारतीय खार्कीव में मौजूद हैं वे पिसोचिन,बेज़लुडोव्का और बाबे जो कि खार्कीव के पास ही मौजूद है, वहां चले जाएं। विदेश मंत्रालय ने इन तीनों जगहों को सुरक्षित बताते हुए शाम छह बजे (यूक्रेनी समय) तक वहां चले जाने की सलाह दी है।

भारतीय छात्र के निधन पर विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने भारतीय छात्र चंदन जिंदल के निधन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी मौत प्राकृतिक है। वो पिछले काफी समय़ से अस्पताल में एडमिट थे, उनका परिवार भी इस समय यूक्रेन में मौजूद है। वहीं यूक्रेन में फंसे भारतीयों की जानकारी देते हुए कहा कि यूक्रेन छोड़ने वाले भारतीयों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

अब तक 17 हजार भारतीय नागरिक यूक्रेन की सीमा छोड़ कर पड़ोसी देशों में प्रवेश पा चुके हैं। जहां से उन्हें स्वेदश लाने की प्रकिया जारी है। बता दें कि अबतक 16 विमानों के जरिए ऑपरेशन गंगा के तहत हजारों भारतीयों को सकुशल स्वदेश लाया जा चुका है।

यूक्रेन ने दो रूसी फाइटर जेट को मार गिराया

इधर, रूसी और यूक्रेनी सैनिकों के बीच संघर्ष जारी है। यूक्रेन को एकबार फिर रूस के खिलाफ बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। यूक्रेनी सेना के दो फाइटर जेट ने दो रूसी फाइटर जेट को डॉगफाइट में मार गिराया है। दरअसल हवा में दो लड़ाकू जेटों के बीच होने वाले भिड़ंत को तकनीकी भाषा में डॉगफाइट कहा जाता है। यूक्रेन के मिग विमान ने रूस के दो सुखोई विमान को मार गिराया है।

पीएम मोदी पुतिन से बात करेंगे

इस बीच उच्च पदस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने रूसी समकक्ष राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन से एकबार फिर फोन पर बात करने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान पीएम मोदी युध्दग्रस्त यूक्रेन में अब भी फंसे भारतीयों की सुरक्षित निकासी के लिए राष्ट्रपति पुतिन से मदद मांगेंगे। 

Tags:    

Similar News