Arms Importers top list: हथियार इम्पोर्ट में यूक्रेन तीसरे नंबर पर, कतर और भारत निकले आगे

Arms Importers top list: हथियार आयात करने की लिस्ट कभी बहुत नीचे रहने वाला देश यूक्रेन अब दुनिया में तीसरे नंबर पर पहुँच गया है।

Update: 2023-03-14 12:21 GMT

Arms Importers top list: रूस – यूक्रेन युद्ध ने सबसे बड़ा फायदा हथियार बिजनेस को पहुंचाया है। इस युद्ध का ही नतीजा है कि यूक्रेन को हथियार देने की वजह से यूरोप में हथियारों का आयात लगभग दोगुना हो गया है। यही नहीं, हथियार आयात करने की लिस्ट कभी बहुत नीचे रहने वाला देश यूक्रेन अब दुनिया में तीसरे नंबर पर पहुँच गया है। यूक्रेन से आगे अब सिर्फ कतर और भारत हैं। बीते एक साल में यूरोप पहुंचने वाले हथियारों की तादाद में 93 फीसदी का इजाफा हुआ है। सिर्फ यूक्रेन ही नहीं बल्कि पोलैंड और नॉर्वे जैसे देश भी बड़ी तादाद में हथियार खरीद रहे हैं और अपना सैन्य खर्च बढ़ा रहे हैं। स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (सीपरी) की हाल में जारी सालाना रिपोर्ट में बताया गया है कि यूरोपीय देशों में हथियारों का आयात 2022 में ही करीब 35 फीसदी बढ़ चुका था। आंकड़ों के मुताबिक पूरे यूरोप में भेजे गये हथियारों का एक-तिहाई सिर्फ यूक्रेन में आया, जबकि दुनिया के पैमाने पर यह आंकड़ा आठ फीसदी का है।

साठ गुना बढ़ा आयात

यूक्रेन में हथियारों का आयात पिछले साल 60 गुना बढ़ गया। इन हथियारों में अमेरिका से आये 230 टैंक, 280 पोलिश बख्तरबंद गाड़ियां और 7,000 से ज्यादा ब्रिटिश एंटी टैंक मिसाइल के साथ ही नये बनाये गये एंटी एयरक्राफ्ट सिस्टम जैसे हथियार भी हैं। 2018 से 2022 के बीच पांच साल में यूरोपीय आयात इससे पहले के पांच साल की तुलना में 47 फीसदी बढ़ा। यूरोप को छोड़कर दुनिया के बाकी हिस्सों में पिछले पांच साल के दौरान हथियारों का आयात कम हुआ है। सबसे ज्यादा 40 फीसदी की कमी अफ्रीका में आई। उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका में यह कमी 20 फीसदी, जबकि एशिया में 7 और मध्यपूर्व में 9 फीसदी की कमी थी।

मिडिल ईस्ट सबसे ऊपर

हथियारों के ट्रेड में एक बड़ा बदलाव यह आया है कि पिछले एक साल में मिडिल ईस्ट हथियार निर्यातकों की सबसे बड़ी मंजिल बन गया है। पूरी दुनिया में निर्यात हुए हथियारों का 32 फीसदी मिडिल ईस्ट के देशों को गया है। सबसे ज्यादा हथियार आयात करने वाले देशों में कतर ने कुल निर्यात का सबसे ज्यादा 10 फीसदी हथियार आयात किया है। भारत 9 फीसदी के साथ दूसरे नंबर पर है, जबकि 8 फीसदी के साथ यूक्रेन तीसरे नंबर पर। इसके बाद सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और पाकिस्तान का स्थान है। हथियार निर्यातकों की लिस्ट में अमेरिका 40 फीसदी के साथ सबसे ऊपर है। इसके बाद रूस 16 फीसदी, फ्रांस 11 फीसदी, चीन 5 फीसदी और जर्मनी ने 4 फीसदी हथियारों का निर्यात किया है।

Tags:    

Similar News