×

Mediterranean Lifestyle: आपके लिए बहुत जरूरी, स्वस्थ रहना है तो मेडिटेरेनियन लाइफस्टाइल अपनाएं

Mediterranean Lifestyle: नवीनतम रिसर्च से पता चलता है कि गैर-भूमध्यसागरीय आबादी के लिए स्थानीय रूप से उपलब्ध उत्पादों का उपयोग करके भूमध्यसागरीय आहार को अपनाना और अपने खुद के परिवेश की परम्पराओं के भीतर समग्र भूमध्यसागरीय जीवन शैली को अपनाना संभव है।

Neel Mani Lal
Published on: 20 Aug 2023 11:45 AM GMT
Mediterranean Lifestyle: आपके लिए बहुत जरूरी, स्वस्थ रहना है तो मेडिटेरेनियन लाइफस्टाइल अपनाएं
X
Mediterranean Lifestyle (फोटो: सोशल मीडिया )

Mediterranean Lifestyle: जो लोग मेडीटेरीनियन यानी भूमध्यसागरीय लाइफ स्टाइल का पालन करते हैं वह ज्यादा स्वस्थ रहते हैं और उनमें सभी कारणों और कैंसर से मौत का जोखिम कम होता है। हार्वर्ड के सहयोग से हुई एक रिसर्च में यह निकल कर आया है।

वैसे तो कई अध्ययनों ने भूमध्यसागरीय आहार और लाइफ स्टाइल के स्वास्थ्य लाभों को साबित किया किया है लेकिन इसके मूल क्षेत्र के बाहर आहार पर बहुत कम शोध किये गए हैं। कहने का मतलब यह कि भूमध्यसागर क्षेत्र में रह रहे लोगों पर रिसर्च तो हुईं हैं लेकिन उस क्षेत्र के लोगों की लाइफ स्टाइल और डाइट का पालन किसी और क्षेत्र में किया जाये तो क्या असर होगा, यह पहली मतर्बा जाना गया है।

नवीनतम रिसर्च से पता चलता है कि गैर-भूमध्यसागरीय आबादी के लिए स्थानीय रूप से उपलब्ध उत्पादों का उपयोग करके भूमध्यसागरीय आहार को अपनाना और अपने खुद के परिवेश की परम्पराओं के भीतर समग्र भूमध्यसागरीय जीवन शैली को अपनाना संभव है। इससे जीवनशैली में बदलाव और स्वास्थ्य पर इसके सकारात्मक प्रभाव देखे गए हैं।

साफ़ और आसान शब्दों में कहें तो भूमध्यसागरीय खानपान और लाइफ स्टाइल को कहीं भी अपना कर उअसका फायदा उठाया जा सकता है।

क्या है भूमध्यसागरीय लाइफ स्टाइल

भूमध्यसागरीय डाइट में फलों, सब्जियों और साबुत अनाज से भरपूर आहार शामिल हैं। इसके अलावा नमक और चीनी का कम सेवन जैसी स्वस्थ खान-पान की आदतें भी इसमें शामिल हैं। लाइफ स्टाइल की बात करें तो पर्याप्त आराम, शारीरिक गतिविधि और सामाजिक मेल मिलाप को बढ़ावा देने वाली आदतों का इसमें शुमार है। रिसर्च के अनुसार, जो लोग जीवनशैली में आराम, व्यायाम और दोस्तों के साथ मेलजोल पर जोर देते हैं, उनमें हृदय रोग से मृत्यु दर का जोखिम कम पाया गया है।

- फल और साबुत अनाज का सेवन, नमक सीमित करना और स्वस्थ पेय पीना

- शारीरिक गतिविधि, आराम, और सामाजिक आदतें और मिलनसारिता

- नियमित झपकी लेना, व्यायाम करना और दोस्तों के साथ समय बिताना

भूमध्यसागरीय डाइट वस्तुतः दक्षिणी स्पेन, दक्षिणी इटली और क्रेटे क्षेत्र की खान पान की आदतों और पारंपरिक भोजन से प्रेरित एक डाइट है जिसे 1960 के दशक की शुरुआत में लोकप्रियता मिली थी। यह भूमध्यसागरीय देशों के मूल वास्तविक व्यंजनों से अलग है।

नई रिसर्च

यह अध्ययन 16 अगस्त को मेयो क्लिनिक प्रोसीडिंग्स में प्रकाशित हुआ था। शोधकर्ताओं ने यूके बायोबैंक समूह के 1,10,799 सदस्यों की आदतों का विश्लेषण किया। प्रतिभागियों की उम्र 40 से 75 वर्ष के बीच थी। शोधकर्ताओं ने नौ साल बाद प्रतिभागियों के स्वास्थ्य परिणामों की जांच की। शोधकर्ताओं ने भूमध्यसागरीय जीवनशैली के पालन और मृत्यु दर के जोखिम के बीच एक विपरीत संबंध देखा। शारीरिक गतिविधि, आराम, और सामाजिक आदतें और मिलनसारिता श्रेणी कम जोखिमों के साथ सबसे मजबूती से जुड़ी हुई थी, और इसके अलावा हृदय रोग मृत्यु दर के कम जोखिम के साथ जुड़ी हुई थी।

Neel Mani Lal

Neel Mani Lal

Next Story