×

विधायक ने उड़ाई लॉकडाउन की धज्जियां, जन्मदिन पर शानदार पार्टी का आयोजन

कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें लॉकडाउन में घरों से बाहर न निकलने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने पर जोर दे रही हैं मगर फिर भी कुछ लोग मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे।

Dharmendra kumar
Published on: 11 April 2020 5:18 AM GMT
विधायक ने उड़ाई लॉकडाउन की धज्जियां, जन्मदिन पर शानदार पार्टी का आयोजन
X

नई दिल्ली: कोरोना वायरस का संक्रमण रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें लॉकडाउन में घरों से बाहर न निकलने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने पर जोर दे रही हैं मगर फिर भी कुछ लोग मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे। कर्नाटक में तो सत्तारूढ़ भाजपा के एक विधायक ने हद ही कर डाली। इस विधायक ने अपने जन्मदिन पर शानदार पार्टी का आयोजन किया जिसमें काफी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया।

लॉकडाउन की अनदेखी

इस पार्टी में हिस्सा लेने वालों में बुजुर्गों के साथ ही बच्चे तक शामिल थे। देशभर में जारी लॉकडाउन का कर्नाटक में भी सख्ती से पालन करा कराया जा रहा है मगर सूबे की तुरुवेकेरे सीट से भाजपा विधायक एम जयराम ने अपने जन्मदिन पर शानदार पार्टी का आयोजन कर लॉकडाउन की धज्जियां उड़ा डालीं।

यह भी पढ़ें...कोरोना पर बड़ी खबर! वैज्ञानिकों का दावा, वैक्सीन इस महीने तक हो सकती है तैयार

लोगों को खिलाई गई बिरयानी

इस पार्टी का आयोजन बेंगलुरु से 90 किलोमीटर दूर गुब्बी में किया गया। विधायक के बुलावे पर लॉकडाउन का उल्लंघन कर काफी संख्या में लोग उन्हें जन्मदिन की बधाई देने पहुंचे। विधायक की जन्मदिन पार्टी में लोगों को बिरयानी खिलाई गई। इस बिरयानी का लोगों ने भरपूर मजा लिया।

यह भी पढ़ें...क्या कोरोना से निपटने के लिए लिए सेना संभाल सकती है मोर्चा, पढ़ें ये हैं नियम

पार्टी का वीडियो वायरल

विधायक की इस पार्टी की फोटो और वीडियो वायरल हो चुका है। इसमें विधायक जयराम हाथ में सफेद रंग का ग्लव्ज पहने केक काटते दिख रहे हैं। पार्टी में शामिल होने वाले लोगों ने न तो सोशल डिस्टेंसिंग के नियम का पालन किया और ना ही किसी ने मास्क लगा रखा था।

विधायक जयराम की इस पार्टी का आयोजन एक स्कूल में किया गया और केक काटते समय उन्होंने पार्टी में पहुंचे लोगों को संबोधित भी किया। जन्मदिन की पार्टी के वीडियो में देखा जा सकता है कि इसके लिए बाकायदा पांडाल तक लगाया गया था।

यह भी पढ़ें...कोरोना से जंग: गौतम गंभीर ने निभाया अपना वादा, केजरीवाल से पूछे सवाल

पार्टी पर लोगों ने जताई आपत्ति

कर्नाटक में लॉकडाउन के बीच इस तरह की पार्टी के आयोजन को हैरत भरी निगाह से देखा जा रहा है। राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा के विधायक द्वारा इस तरह की पार्टी के आयोजन पर लोग आपत्ति जता रहे हैं। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई है।

छह लोगों की जान ले चुका है वायरस

कर्नाटक में अभी तक कोरोना के दो सौ से ज्यादा पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। इस किलर वायरस ने राज्य में छह लोगों की जान ले ली है। इस वायरस का संक्रमण रोकने के लिए राज्य सरकार सख्ती से लॉकडाउन का पालन करवा रही है। विशेषज्ञों के एक पैनल ने राज्य में लॉकडाउन की समय सीमा को और बढ़ाने की सिफारिश की है। ऐसे में सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक द्वारा अपने जन्मदिन पर पार्टी के आयोजन को लेकर राज्य सरकार पर उंगलियां उठाई जा रही हैं।

Dharmendra kumar

Dharmendra kumar

Next Story