×

शाहरुख यूपी से हुआ गिरफ्तार, दिल्ली हिंसा में पुलिस पर तानी थी पिस्तौल

राजधानी दिल्ली के उत्तर पूर्वी जिले में CAA और NRC को लेकर हुई हिंसा में पुलिस पर पिस्तौल तानने वाला शख्स शाहरुख गिरफ्तार कर लिया गया है।

Shreya
Published on: 3 March 2020 7:41 AM GMT
शाहरुख यूपी से हुआ गिरफ्तार, दिल्ली हिंसा में पुलिस पर तानी थी पिस्तौल
X

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के उत्तर पूर्वी जिले में CAA और NRC को लेकर हुई हिंसा में पुलिस पर पिस्तौल तानने वाला शख्स शाहरुख गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली हिंसा के दौरान पुलिस पर पिस्तौल तान शाहरुख ने खूब चर्चा बटोरी। इस घटना के बाद वो और उसका पूरा परिवार फरार हो गया था। अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम ने यूपी पुलिस टीम के साथ मिलकर शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि उसने पुलिस पर पिस्तौल तानने के अलावा 8 राउंड फायरिंग भी की थी।

दिल्ली पुलिस और स्पेशल सेल कर रही थी तलाश

उत्तरी पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के दौरान एक लाल टी-शर्ट पहने एक शख्स ने पुलिस पर गोलियां बरसाई थी, जिसकी पहचान शाहरुख के तौर पर हुई थी। शाहरुख की पहचान होने के बाद से ही दिल्ली पुलिस और स्पेशल सेल की 10 टीम उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच खबरें आईं कि पुलिस पर गोली चलाने वाला ये शख्स उत्तर प्रदेश के बरेली में छिपा है। वहीं पार्षद ताहिर हुसैन अभी भी फरार चल रहा है। पुलिस उसकी भी तलाश में जुटी है।

पुलिस ने बरेली से की गिरफ्तारी

सूत्रों के मुताबिक, गोली चलाने के बाद आरोपी पहले पानीपत गया, उसके बाद वहां से वह कैराना और अमरोहा जैसे कई पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिपा। शाहरुख की तलाश कर रही स्पेशल सेल को आरोपी के कॉल डिटेल से उसके बरेली में छिपे होने की जानकारी मिली थी। जिसके बाद से पुलिस ने शाहरुख को बरेली से गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें: ग्राहकों के लिए खुशखबरी: घर बैठे मिलेगा Diesel, बस करना होगा ये…

घटना के बाद से पूरी फैमिली फरार

दिल्ली के जाफराबाद में फायरिंग करने वाले शाहरुख का परिवार न्यू उस्मानपुर इलाके के अरविंद नगर में रहता है। उसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई है। पुलिस ने बताया कि जब से शाहरुख ने जाफराबाद में घटना को अंजाम दिया है उसके बाद से पूरा परिवार कहीं लापता हो गया है।

शाहरुख के पिता हैं माफिया

उसके पड़ोसियों ने बताया कि कई सालों से शाहरुख का परिवार यहां रहता है। किसी को भी इस बात की भनक नहीं थी कि शाहरुख के ऊपर पहले भी कई केस दर्ज हैं। पुलिस उसका पता लगाने के लिए दिल्ली NCR के साथ दूसरे ठिकानों पर दबिश दे रही है। खबरों के मुताबिक बताया जा रह है कि शाहरुख के पिता माफिया हैं।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस ने किया दावा: BJP के इस नेता को बनाएगा मुख्यमंत्री

दिल्ली हिंसा में अब तक 48 लोगों की मौत

बता दें कि दिल्ली हिंसा में अब तक 48 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं पुलिस ने बीते दिनों अफवाह फैलाने के आरोप में 24 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से 2 लोगों को मध्य जिले से, 21 को उत्तर-पश्चिमी जिले से और 1 को रोहिणी से गिरफ्तार किया गया है। दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी ने सोमवार को बताया था कि हिंसा की अफवाह फैलाने के आरोप में 18 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस सिलसिले में संबंधित धाराओं में 2 मामले दर्ज किए गए हैं।

अब तक दर्ज हुए 369 मुकदमें

गौरतलब है कि दिल्ली हिंसा को लेकर पुलिस हिंसा प्रभावित इलाकों में फ्लैग मार्च कर रही है। इसमें जाफराबाद, मौजपुर, बाबरपुर, चांद बाग, शिव विहार, भजनपुरा, यमुना विहार और मुस्तफाबाद में स्थानीय लोगों के साथ बैठकें भी की जा रही हैं। दिल्ली पुलिस ने अब तक 369 प्राथमिकियां दर्ज की हैं और 1284 लोगों को गिरफ्तार किया है या हिरासत में लिया है।

यह भी पढ़ें: एक के बाद एक हत्याओं से दहला यूपी: कई लोगों की मौत, पुलिस जांच में जुटी

Shreya

Shreya

Next Story