×

गांधी का गोंडा से प्यार: आंदोलनकारियों में भरा था जोश, साक्षी है राजभवन

बापू की प्रेरणा से मनकापुर के राजा भी आजादी के जंग में कूद गए। राजा रघुराज सिंह पर गांधी जी के विचारों का इतना प्रभाव पड़ा कि वे उसमें डूब गए और लोग उन्हें गांधी राजा कहने लगे थे। बलरामपुर के महाराजा ने भी गांधी जी स्वागत किया और चार हजार की थैली भेंट की थी।

Newstrack
Published on: 1 Oct 2020 12:00 PM GMT
गांधी का गोंडा से प्यार: आंदोलनकारियों में भरा था जोश, साक्षी है राजभवन
X
गांधी का गोंडा से प्यार: आंदोलनकारियों में भरा था जोश, साक्षी है राजभवन

तेज प्रताप सिंह

गोंडा: स्वतंत्रता आंदोलन में शुरूआत से ही गोंडा के नौजवानों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। देश को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्ति के लिए जिले में आजादी की अलख जगाने गोंडा आए महात्मा गांधी की यादें जिले से जुड़ी हुई हैं। जिले के एकमात्र जीवित स्वतंत्रता सेनानी राम अचल आचार्य गांधी से मिल चुके हैं। वर्ष 1929 में वे गोंडा भी आए और कई कार्यक्रमों और बैठकों में हिस्सा लिया। बड़ी-बड़ी सभाएं कर उन्होंने यहां के लोगों में आजादी के प्रति जोश भरा। मनकापुर का राज भवन, सरयू प्रसाद कन्या पाठशाला, दुःखहरन नाथ मंदिर, बलरामपुर का यूरोपियन गेस्ट हाउस महात्मा गांधी के पदचिन्हों का साक्षी है।

गांधी पार्क की प्रतिमा विश्व में सबसे अधिक मूल्यवान

बापू की प्रेरणा से मनकापुर के राजा भी आजादी के जंग में कूद गए। राजा रघुराज सिंह पर गांधी जी के विचारों का इतना प्रभाव पड़ा कि वे उसमें डूब गए और लोग उन्हें गांधी राजा कहने लगे थे। बलरामपुर के महाराजा ने भी गांधी जी स्वागत किया और चार हजार की थैली भेंट की थी। उनकी स्मृति में गोंडा नगर में स्थापित गांधी पार्क की प्रतिमा विश्व में लगी गांधी जी की प्रतिमाओं में सबसे अधिक मूल्यवान है। इटैलियन संगमरमर की यह प्रतिमा इटली में तैयार हुई थी, जिसे हवाई जहाज से लाया गया था।

gandhi jayanti-district gonda-1

आचार्य ने महात्मा गांधी को करीब से देखा है

कर्नलगंज तहसील क्षेत्र के पतिसा पूरे थरि गांव निवासी जिले के एकमात्र जीवित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राम अचल आचार्य बताते हैं कि उन्होंने महात्मा गांधी को करीब से देखा, लेकिन उनसे बात नहीं कर सका था। राम अचल बताते हैं कि कक्षा दो तक शिक्षा ग्रहण करने के बाद उन्हें अयोध्या से आए आचार्य हरिवंश मणि अपने साथ लेकर चले गए। वहीं हिंदू महासभा में शामिल हो गया। 1938 में गोंडा व फैजाबाद के लोगों को गुजरात के अहमदाबाद में आहूत एक बैठक में बुलाया गया था। इसी बैठक में शामिल हुआ और महात्मा गांधी को पहली बार देखा। उनसे भेंट भी हुई, लेकिन बातचीत नहीं हो पाई। आचार्य बताते हैं कि वह बैठक में कह रहे थे कि पाकिस्तान नहीं बनेगा। सभी भारतीय एक साथ रहेंगे।

ये भी देखें: बुलडोज़र सरकार को बलात्कारियों से मिल रही चुनौती

देश में गौहत्या बंद होगी और गांव के गरीबों का कार्ड बनेगा। घर-घर चरखा से सूत काते जाएंगे, जिससे बेकारी दूर होगी। जातिवाद खत्म करके सबको एक किया जाएगा। गांधी जी के भाषणों का असर मेरे भी मन मस्तिष्क पर पड़ा, तभी से गांधीजी के निर्देशों का पालन करने लगा और आजादी की लड़ाई में तन-मन, धन से योगदान दिया। आचार्य के अनुसार, इसके बाद बिहार के सीतामढ़ी व मुजफ्फरपुर के बीच एक स्थान पर जब गांधी जी सभा में भाषण दे रहे थे तब उन्हें देखा था। लेकिन इस बार भी भेंट नहीं हो सकी थी।

02

गांधी के पदचिह्नों का साक्षी है मनकापुर राजभवन

देश को आजादी दिलाने के लिए साल 1929 में जब महात्मा गांधी भारतीयों में जोश भरकर आजादी की अलख जगाने का काम कर रहे थे तब उनकी यशकीर्ति सुनकर मनकापुर के तत्कालीन महराज रघुराज सिंह के मन में भी उनके प्रति श्रद्धा जाग उठी। उस समय उनके सबसे छोटे पुत्र कुंवर देवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ लल्लन साहब गंभीर रुप से बीमार चल रहे थे और उन्हें विश्वास था कि बापू के आर्शीवाद से वे ठीक हो जाएंगे। राजा अपने पुत्र लल्लन साहब को लेकर नैनीताल में गांधी जी से मिले और उनका आर्शीवाद लिया।

उनका विश्वास फलीभूत हुआ और राज कुमार शीघ्र ही स्वस्थ हो गए, जिससे राजा रघुराज सिंह की गांधी जी के प्रति श्रद्धा और बढ़ गई। उन्होंने गांधी जी को मनकापुर आने का निमंत्रण दिया। बाद में गांधी जी ने उप्र के जिलों का भ्रमण प्रारम्भ किया तो राजा का पत्र लेकर बनारस गए लाल बिहारी टंडन से उन्होंने गोंडा आने का कार्यक्रम तय करने के लिए कहा। पूर्वी जिलों का दौरा निपटाने के बाद महात्मा गांधी 1929 में महात्मा गांधी ट्रेन से गोंडा आए। मनकापुर आगमन पर राजा रघुराज सिंह ने बग्घी (घोड़ों का रथ) भेजा। उन्होंने राजमहल में गांधी जी का राजसी एंग से जोरदार स्वागत किया। राज सदन के भीतर आयोजित विशाल सभा में राजा साहब ने स्वागत भाषण भी किया। सभा में गांधी जी ने स्वतंत्रता आन्दोलन से जुड़े क्रान्तिकारियों और युवाओं में जोश भरा। इसी दिन राजा महात्मा गांधी की प्रेरणा से कांग्रेस में शामिल हो गए और सक्रिय आंदोलन में हिस्सा लिया।

ये भी देखें: हाथरस मामलें में बड़ा खुलासा, एडीजी प्रशांत कुमार ने बताया नहीं हुआ रेप

राजा को दी थी अंदर से बदलने की सीख

मनकापुर राज भवन में जब राजा रघुराज सिंह अपने बच्चों को साथ लेकर महात्मा गांधी के पैर छूकर आशीर्वाद लेने गए तो गांधीजी ने मजाक ही मजाक में कह दिया कि राजा साहब अंग्रेजों से संघर्ष के लिए खुद को अंदर से बदलना पड़ेगा। हुआ यह था कि राजा साहब ने अपने बच्चों को सफेद कुर्ता-पायजामा पहनाया था और राजसी पोशाक भी पहन रखी थी जो गांधी जी की पैनी नजरों से बच नहीं पायी। इसके बाद गांधीजी छपिया के खजुरी गांव के लिए रवाना हो गए। गांव पहुंचकर अपना भाषण दिया। जहां पर प्रदेश के सबसे अधिक 14 स्वतंत्रता सेनानी देश की सेवा में समर्पित हुए। आज भी मनकापुर राजमहल इस गौरवमयी इतिहास को समेटे है।

gandhi jayanti-district gonda-3

राजा रघुराज सिंह बन गए गांधी राजा

जब गांधीजी मनकापुर आए तो राज परिवार के मुखिया राजा रघुराज सिंह उनसे मिलकर काफी प्रभावित हुए। यहां तक कि वह अपने दरबार में हमेशा गांधीजी चर्चा करते रहते और बात-बात में गांधीजी के उपदेशों का बखान करते थे। लोग राजा साहब के गांधी प्रेम को देखते हुए उन्हे गांधी राजा तक कहने लगे। वहीं आज भी खजुरी गांव गांधी की यादों को समेटे हुए है। गांव की गलियां व पंचायत का गांधी चबूतरा उनकी याद दिलाते हैं। गांव में गांधीजी के सानिध्य में रहने वाले लोग आज जिंदा नहीं हैं, लेकिन उनकी पीढिय़ां उन्हें नमन कर खुद को गौरवांवित महसूस करती हैं।

कुशलक्षेम के लिए बापू लिखते रहे पत्र

मनकापुर राजघराने के राजा राघवेंद्र प्रताप सिंह के पुत्र पूर्व सांसद और सूबे के पूर्व कृषि मंत्री राजा आनंद सिंह ने अपने बाल्यकाल में गांधी जी को राज भवन में ही देखा और गांधीजी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया था। वह कहते हैं कि गांधी जी केे बारे में सुना लेकिन उनके विचारों को बाद में समझ पाया। आनंद सिंह बताते हैं कि बाबा रघुराज सिंह और पिता राघवेंद्र प्रताप सिंह के व्यवहार और कार्यों से बापू इतने अविभूत हुए कि वह उनकी कुशलता के लिए पत्र लिखते थे। उनके द्वारा 1938 में लिखा गया पत्र आज भी उनके महल में सुरक्षित है। जिसमें कुशलक्षेम पूछने के साथ ही अंत में गांधीजी ने लिखा है बापू का आशीर्वाद।

ये भी देखें: आ गया Air India One: PM मोदी का ये विशेष विमान, यहां होगी लैंडिंग

सरयू प्रसाद कन्या पाठशाला में ठहरे थे गांधी जी

वर्ष 1929 में गोंडा जिले के मनकापुर क्षेत्र में आंदोलनकारियों को सम्बोधित करने के बाद गांधी जी राजा रघुराज सिंह के साथ गोंडा मुख्यालय आए। यहां उन्हें शहर के सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला में ठहराया गया था। दुखहरन नाथ मंदिर के पास उन्होंने एक बड़ी सभा की थी। यहां पर देश भक्त जनता द्वारा उन्हें पांच सौ रुपये की थैली भेंट की गई। सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला में भी रात में प्रार्थना सभा की गई। 1929 में ही पूर्ण स्वराज्य का लक्ष्य घोषित होने पर इसके लिए 26 जनवरी को सभी स्थानों पर प्रतिज्ञा करने की योजना बनाई गई। जिस पर प्रेम पकड़िया नामक स्थान पर सुदामा चरित पर प्रवचन हुआ।

प्रेम पकड़िया में चला नमक आन्दोलन

नगर के मध्य गोलागंज मोहल्ले में में प्रेम पकड़िया के ऐतिहासिक मैदान में भी गांधी जी का पदार्पण हुआ था। यहां भी उन्होंने स्वतंत्रता प्रेमियों को आन्दोलन में कूदने का आवाहन किया था। बाद में गांधी जी आवाहन पर 11 अप्रैल 1930 को इस मैदान में नमक आन्दोलन शुरु हुआ और आजादी के दीवानों ने नमक बनाने का प्रदर्शन किया था।

गोंडा में मिला था चांदी का पात्र

एक बार पूना से बंगाल जाते समय जब ट्रेन गोंडा में रूकी तो यहां के एक बड़े व्यापारी ने महात्मा गांधी को एक चांदी का पात्र भेंट किया। उसे गांधी जी ने नीलाम करने को कहा, जिसे एक अन्य धनी सेठ ने डेढ़ सौ रुपए में खरीद कर दोबारा उसे गांधी जी को समर्पित कर दिया। उन्होंने उसे फिर बेच दिया, इस पर उन्हें पांच हजार रुपए मिले। इस धन का उपयोग उन्होंने हरिजन कल्याण में किया था। महात्मा गांधी के गोंडा दौरे से जुड़े इस बात का जिक्र पंडिता क्षमाराव ने अपनी पुस्तक स्वराज्य विजय में किया है।

gandhi jayanti-district gonda-5

ये भी देखें: अभी-अभी सेना पर गोलियां: पाकिस्तान ने फिर की गंदी हरकत, शहीद हुए देश के जवान

खादी वस्त्र से सजा था बलरामपुर का यूरोपियन गेस्ट हाउस

गोंडा मुख्यालय के बाद दूसरे दिन महात्मा गांधी तब जिले की महत्वपूर्ण तहसील रहे बलरामपुर भी गए थे। कांग्रेस कार्यकर्ता मौलवी जमा खां उनके स्वागत की तैयारी कर रहे थे तभी बलरामपुर की महारानी राजलक्ष्मी कुमारी देवी और महाराजा पाटेश्वरी प्रसाद सिंह को इसकी जानकारी हुई। हालांकि महाराजा स्वतंत्रता आन्दोलनों से दूर थे लेकिन उन्होंने गांधी जी के स्वागत का निर्णय लिया। महाराजा ने कुआनो के पास गांधी जी का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया और स्वतंत्रता आन्दोलन में खर्च के लिए चार हजार रुपयों की थैली भेंट की। महाराजा के निर्देश पर गांधी जी को खादी कपड़ों से सजाया गए नगर के आलीशान यूरोपियन अतिथि गृह (अब माया होटल) में ठहराया गया। वहां गाधी जी के आगमन की जानकारी मिली तो हजारों लोगों ने उनके दर्शन किए। यहां की सभा में अपार भीड़ ने उनका स्वागत किया और महिलाओं ने दो हजार रुपए और कीमती आभूषण भेंट किया। गांधी जी की इस यात्रा का व्यापक असर हुआ और पूूरे जिले में स्वतंत्रता आन्दोलन को गति मिली और लोगों में चेतना जागृत हुई।

ram achal acharya

बापू की समृति में एडवर्ड बना गांधी पार्क

नगर के बीचो बीच मालवीय नगर मोहल्ले में आठ एकड़ में जिस पार्क की स्थापना वर्ष 1902 में हुई थी, पहले इसे एडवर्ड पार्क के नाम से जाना जाता था। वर्ष 1947 में देश की आजादी के बाद जिले में गांधी जी की समृति को संजोए रखने के लिए राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि स्वरूप एडवर्ड पार्क को गांधी पार्क का नाम देकर उनकी इटैलियन संगमरमर से बनी प्रतिमा 1950 में स्थापित की गई और पार्क को पर्यटन स्थल के रुप में करने का निर्णय लिया गया। उनकी स्मृति में स्थापित गांधी पार्क की इस प्रतिमा का अलग महत्व है। पार्क में दक्षिण ओर डा. सम्पूर्णानंद प्रेक्षागृह का निर्माण कराया गया। जिसका शिलान्यास 15 सितम्बर 1956 को तत्कालीन मुख्यमंत्री डा सम्पूर्णानंद और 17 अ्रैल 1964 को उत्तर प्रदेश के तत्कालीन न्याय मंत्री अली जहीर ने किया था।

ये भी देखें: रोहनियां विधायक सुरेंद्र सिंह : राजनीति ही नहीं, अर्थशास्त्र व कानून के भी जानकार

वायुयान से आई थी इटैलियन संगमरमर की प्रतिमा

गांधी पार्क में रजिस्टर्ड संस्था गांधी संस्थान की निगरानी में सफेद संगमरमर की प्रतिमा स्थापना की तैयारी बनी। संस्थान के तत्कालीन अध्यक्ष लाल बिहारी टंडन ने लखनऊ के गवर्नमेंट आटर्स एंड क्राफ्टस कालेज लखनऊ के प्रिंसिपल राय चौधरी से मिलकर माडल तैयार कराया। इटली के शिल्पकार एंटोनियो मारजोलो के देखरेख में प्रतिमा व उसका आधार स्तंभ तैयार किया गया। इटैलियन संगमरमर की यह प्रतिमा इटली में तैयार हुई थी, जिसे हवाई जहाज से लाया गया था। प्रतिमा के निर्माण पर 50 हजार रुपये, आधार निर्माण पर बीस हजार रुपये तथा वायुयान से प्रतिमा लाने पर 05 हजार रुपये खर्च किए गए थे। साढ़े नौ फीट ऊंची इस प्रतिमा का अनावरण वर्ष 1951 में उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री पंडित गोविंद वल्लभ पंत ने की थी। गांधी जी की यह प्रतिमा विश्व भर में लगाई गई तमाम प्रतिमाओं में सर्वाधिक मूल्यवान है।

anand singh

पार्क को स्मारक बनाने का प्रयास

तमाम दिग्गज नेताओं और विशाल कार्यक्रमों का साक्षी बन चुके गांधी पार्क के विकास को लेकर नगर पालिका परिषद ने कई स्तर पर प्रयास किए हैं। मुख्य द्वारा को भव्यता प्रदान की गई और विशालकाय प्रतिमा को घूप और बरसात से बचाने के लिए छतरी का निर्माण कराया गया है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष उजमा राशिद का कहना है कि पालिका की ओर से गांधी पार्क का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। जिसके तहत लोगों के बैठने के साथ ही प्रतिमा स्थल पर भी कार्य कराए गए हैं। परिसर में स्थित प्रेक्षागृह और विद्यालय को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित कर भव्य स्वरुप दिया गया है। यहां की साफ सफाई का भी विशेष इंतजाम किया गया है। गांधी पार्क में सुविधाओं का और अधिक विस्तार करके इसे स्मारक के तौर पर विकसित करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

देश दुनिया की और खबरों को तेजी से जानने के लिए बनें रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

फोटो 01, 02, 03, 04, 05 राजा आनंद सिंह, राम अचल आचार्य,

Newstrack

Newstrack

Next Story