×

मौत की ठंड: अब तक 60 लोगों की गई जान, इन राज्यों में हाई अलर्ट जारी

ठंड का कहर पूरे भारत में जारी है। सर्द और हड्डीयां गलाने वाली हवाएं भी बहुत तेजी से चल रही है। पूरे उत्तर भारत में बर्फबारी और शीतलहर का माहौल बना हुआ है।

Roshni Khan
Published on: 29 Dec 2019 3:58 AM GMT
मौत की ठंड: अब तक 60 लोगों की गई जान, इन राज्यों में हाई अलर्ट जारी
X

नई दिल्ली: ठंड का कहर पूरे भारत में जारी है। सर्द और हड्डीयां गलाने वाली हवाएं भी बहुत तेजी से चल रही है। पूरे उत्तर भारत में बर्फबारी और शीतलहर का माहौल बना हुआ है। शनिवार को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश से लेकर केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की द्रास घाटी और जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर तक जबरदस्त शीत लहर से सब कुछ थम सा गया।

ये भी पढ़ें:रांची: मोरहाबादी मैदान में दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे हेमंत सोरेन

रोजाना पारा नए रिकॉर्ड बना रहा है। दिल्ली में सुबह तापमान गिरकर 2.0 डिग्री तक चला गया। दिसंबर में इस सीजन का यह न्यूनतम तापमान है। सर्दी के बदतर हालात को देख मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

यूपी, कानपुर में यह दो डिग्री और लद्दाख के कारगिल जिले के द्रास में पारा -28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में तापमान 1.2 डिग्री तक पहुंचा। राजस्थान के शेखावटी में न्यूनतम तापमान-4 डिग्री रहा।

छह राज्यों के लिए रेड अलर्ट

इस कड़ाके की ठंड को देखते हुए 6 राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली शामिल हैं।

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में सर्दी की वजह से झरना जम गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री रहा, जो दिल्ली के औसत 2.4 डिग्री से काफी ज्यादा है।

कोहरे की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली 24 ट्रेनों के मार्ग बदले गए। दिसंबर से अब तक 8 सर्द दिवस और 7 गंभीर सर्द दिवस रिकॉर्ड हो चुके हैं।

भीषण ठंड की वजह से वायु प्रदूषण ने भी हालात बदतर हो गए है। दिल्ली, यूपी समेत कई शहरों में वायु प्रदूषण की स्थिति बदतर रही। दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 413 रहा। जिसके चलते सांसों पर संकट बढ़ा है। कानपुर में यह 291 और लखनऊ में 338 के खतरनाक स्तर पर रहा।

ये भी पढ़ें:लखनऊ: आज दोपहर 12:30 बजे सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे अखिलेश यादव

दिल्ली: 15 दिनों से लगातार शीतलहर का बना रिकॉर्ड

दिल्ली शनिवार को लगातार 15वें दिन सबसे सर्द रहा। 1901 के बाद यहां सबसे ज्यादा ठंडा दिसंबर रहा है। 1997 में आखिरी बार इसी तरह की ठंड से दो चार हुआ था।

राजस्थान: सीकर में पारा माइनस में, खेतों पर पड़ा पाला

राजस्थान में सीकर में पारा-1 पर चला गया। जयपुर में पारा पांच साल बाद फिर 4 डिग्री तक गिर गया। जयपुर जिले के जोबनेर में तापमान-1 डिग्री दर्ज किया गया। माउंट आबू में -1.5 डिग्री दर्ज हुआ। सर्दी का आलम यह है कि सुबह छतों, खेतों और गाड़ियों में पाले की परत जम गई है।

उत्तर प्रदेश में ठंड से 57 लोगों की मौत, पारा जमाव बिंदु के करीब

उत्तर प्रदेश में ठंड के कहर की वजह से न्यूनतम तापमान शनिवार को अलीगढ़ में 1.8 डिग्री, बहराइच में 2.0 डिग्री, बरेली में 3.1 डिग्री, झांसी में 2.3 डिग्री, कानपुर में 2.0 डिग्री और लखनऊ में 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। ठंड की वजह से विभिन्न जिलों में 57 लोगों की मौत हो गई है।

कानपुर में शनिवार को एक झटके में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री लुढ़ककर रिकॉर्ड 2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी चेतावनी में कहा गया है कि आगामी 31 दिसंबर तक प्रदेश में कोल्ड डे रहेगा। 1 से 3 जनवरी तक बारिश हो सकती है। मौसम खराब होने के कारण बस, ट्रेन और विमान सेवाएं प्रभावित हुई हैं।

झांसी में ठंड ने 65 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। यहां ठंड की वजह से एक किसान समेत दो लोगों की मौत हो गई। मध्य यूपी और बुंदेलखंड में 35 जबकि पूर्वांचल में 16 लोगों की मौत ठंड से हो गई। अकेले कानपुर शहर में ही ठंड से 19 लोगों ने दम तोड़ दिया। हाथरस जिले में एक मासूम समेत तीन लोगों ने दम तोड़ दिया।

ये भी पढ़ें:29 DEC: इन 3 राशियों का अच्छा बितेगा आखिरी रविवार, जानिए पंचांग व राशिफल

चालीस दिन का चिल्ला जाड़ा, महाकवि घाघ के छंद में है जिक्र

‘धनु के पंद्रह, मकर पचीस, चिल्ला जाड़ा दिन चालीस’। महाकवि घाघ का यह छंद बिल्कुल सटीक है। अमूमन 30 दिसंबर से 7-8 फरवरी तक रहने वाला चिल्ला जाड़ा इस बार थोड़ा जल्दी पड़ रहा है। जनवरी में कुछ दिन छोड़कर भीषण ठंड परेशान करती रहेगी।

2 जनवरी तक हाड़ कंपाने वाली ठंड रहेगी और उसके बाद 14 जनवरी से 5-6 फरवरी तक यही स्थिति रहेगी। चिंतक इंस्टीट्यूट ऑफ वैदिक साइंसेज के फाउंडर चेयरमैन रमेश चिंतक के मुताबिक दिसंबर माह के अंत में सूर्य जब धनु राशि में आता है, उसी समय से कड़ाके की ठंड शुरू होती है। इस बार सूर्य धनु राशि में 17 दिसंबर को ही आ गया था। लिहाजा, इस बार जल्दी कड़ाके की ठंड पड़ने लगी।

बिहार: पटना समेत 38 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने पटना के साथ-साथ बिहार के 38 जिलों में शनिवार को सर्दी का ऑरेंज अलर्ट व रविवार को येलो अलर्ट जारी किया है। पटना में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री दर्ज किया गया।

ये भी पढ़ें:अमिताभ बच्चन आये अनुराग कश्यप के निशाने पर, री-ट्वीट करते हुए कही ये बड़ी बात

हिमाचल और उत्तराखंड: तेल, दूध और तरल पेय भी जमे

उत्तराखंड के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी रेकॉर्ड तोड़ रही है। केदारनाथ और बद्रीनाथ बर्फ की चादर है।

शनिवार को पिथौरागढ़ में तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हिमाचल प्रदेश के किलोंग में पारा गिरकर-11 डिग्री पर आ गया। स्पीति में तापमान-30 डिग्री पर जा पहुंचा है।

हरियाणा और पंजाब: हिसार 0.2 डिग्री और बठिंडा 2.3 डिग्री पर ठिठुरा

मौसम विभाग के मुताबिक, पंजाब-हरियाणा में शीत लहर 31 दिसंबर तक जारी रह सकती है। बहुत से क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की भी संभावना है, जिसके बाद आसमान से बादल छंटेंगे। हरियाणा के हिसार में तापमान 0.2 डिग्री और नारनौल में 0.5 डिग्री दर्ज किया गया।

रोहतक में 1.8 डिग्री और सिरसा में दो डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री और लुधियाना में 5.6 डिग्री, जबकि बठिंडा में 2.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में शनिवार को न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री दर्ज किया गया।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व राज्य के अन्य जिलों में बुधवार को कोहरे का असर रहा।

ये भी पढ़ें:कांग्रेस की ऐसी बिल्डिंग: दरवाजा कहीं, तो रास्ता कहीं और ही है, अब हुआ नुकसान

सिक्किम: 1,500 पर्यटकों को सेना ने बचाया

भारी बर्फबारी की वजह से सिक्किम घूमने गए 1,500 पर्यटक रास्ते में फंस गए, जिन्हें सेना ने सुरक्षित निकाल लिया। खराब मौसम और कम दृश्यता के बावजूद सेना शुक्रवार से पर्यटकों को बचाने में लगी थी। ये सभी पर्यटक नाथूला दर्रे और सांगो झील के पास उस वक्त फंस गए, जब जवाहरलाल नेहरू रोड भारी बर्फबारी के चलते जाम हो गया। ये पर्यटक करीब 300 टैक्सियों में घूमने गए थे। इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी थे। सिक्किम के अलावा पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मेघालय, नगालैंड भी घने कोहरे और सर्द हवाओं की चपेट में है।

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख: पाइपों में जमा पानी

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में शनिवार को भी पारे ने रिकॉर्ड तोड़ दिया। जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में इस सीजन का न्यूनतम तापमान -5.8 डिग्री दर्ज किया गया। श्रीनगर के कई जगहों में पेयजल आपूर्ति करने वाली पाइपों में पानी जम गया है। यहां नए साल पर बारिश का अंदाजा लगाया जा रहा है। वहीं, लद्दाख के लेह में यह -19.1 ओर द्रास में 28.6 डिग्री दर्ज किया गया।

आगे क्या: 31 और एक को भी घना कोहरा, फिर राहत के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, अभी सर्दी का कहर दो दिन और रहेगा। बुधवार के बाद से मौसम में राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है। 31 दिसंबर और एक जनवरी को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, असम और मेघालय में घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। वहीं, मध्य प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़ और झारखंड में इन दिनों में गरज-चमक के साथ ओले गिरने की आशंका जताई गई है।

ये भी पढ़ें:कांग्रेस की ऐसी बिल्डिंग: दरवाजा कहीं, तो रास्ता कहीं और ही है, अब हुआ नुकसान

यह है सर्द और गंभीर सर्द दिवस

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार कोल्ड डे तब होता है, जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 4.5 डिग्री कम हो जाए। दूसरा कोल्ड डे वह होता है। जब अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 6.5 डिग्री सेल्सियस कम होता है।

Roshni Khan

Roshni Khan

Next Story