×

महाराष्ट्र में बाप-बेटे की सरकार और परिवारवाद

महाराष्ट्र में शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस की गठबंधन की सरकार बनने के 32 दिन बाद सोमवार को कैबिनेट का विस्तार हुआ। उद्धव ठाकरे की कैबिनेट विस्तार में 36 मंत्रियों ने शपथ ली जिसमें 26 कैबिनेट और 10 राज्यमंत्री शामिल थे।

Dharmendra kumar
Published on: 31 Dec 2019 11:31 AM GMT
महाराष्ट्र में बाप-बेटे की सरकार और परिवारवाद
X

लखनऊ: महाराष्ट्र में शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस की गठबंधन की सरकार बनने के 32 दिन बाद सोमवार को कैबिनेट का विस्तार हुआ। उद्धव ठाकरे की कैबिनेट विस्तार में 36 मंत्रियों ने शपथ ली जिसमें 26 कैबिनेट और 10 राज्यमंत्री शामिल थे। इस समारोह में परिवारवाद का बोलबाला रहा। अभी तक शिवसेना राजनीति में परिवार के मुद्दे को जोर शोर से उठाती रही और इसको लेकर अन्य पार्टियों पर निशाना भी साधती रही है। हालांकि अब वह खुद परिवारवाद बढ़ा रही है।

महाराष्ट्र सरकार की कैबिनेट विस्तार में शरद पवार के भतीजे अजीत पवार उपमुख्यमंत्री बने हैं, तो मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे कैबिनेट मंत्री। विलासराव देशमुख के पुत्र अमित देशमुख को भी कैबिनेट में जगह दी गई है। हम आपको बताते हैं कि कैसे महाराष्ट्र में बाप बेटी की सरकार है और परिवारवाद का बोलबाला है।

यह भी पढ़ें...सेना प्रमुख के पद से रिटायर हुए बिपिन रावत, जानें इनके बारे में

आदित्य ठाकरे

महाराष्ट्र सरकार में आदित्य ठाकरे को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। आदित्य शिवसेना प्रमुख और प्रदेश के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे हैं। 29 वर्षीय आदित्य मुंबई के वर्ली विधानसभा सीट से जीतकर पहली बार विधायक बने हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि सुनील राउत के मंत्री पद की कुर्बानी लेकर आदित्य ठाकरे को मंत्री बनाया गया है। दोनो हीं मुबंई से विधायक हैं सुनील विक्रोली, तो आदित्य वर्ली से। आदित्य ठाकरे का राजनीतिक कद संजय राउत के भाई सुनील राउत पर भारी पड़ गया और आखिरी वक्त में मंत्री पद से उनका पत्ता कट गया। इसी वजह से नाराज पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत शपथ ग्रहण समारोह में नहीं शामिल हुए।

अजित पवार

महाराष्ट्र सरकार में नंबर-2 और उप मुख्यमंत्री अजित पवार एनसीपी के मुखिया शरद पवार के भतीजे हैं। अजित पवार बारामती सीट से एनसीपी विधायक हैं। उन्होंने कुछ दिनों पहले अपने चाचा से बगावत कर बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बना ली थी और डिप्टी सीएम बने थे। हालांकि बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया।

यह भी पढ़ें...जानें कौन हैं मनोज मुकुंद नरवाने, जो बने नए आर्मी चीफ

अशोक चव्हाण

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण को भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है। अशोक चव्हाण एक राजनीतिक परिवार से आते हैं और उनके पिता शंकरराव चव्हाण प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। इसके साथ ही वह भारत सरकार में भी मंत्री रहे। अशोक चव्हाण 2008 से 2010 तक तत्कालीन कांग्रेस और एनसीपी गठबंधन की सरकार के मुख्यमंत्री भी रहे हैं।

अमित देशमुख

विलासराव देशमुख के पुत्र अमित देशमुख को भी कैबिनेट में जगह दी गई है। अमित देशमुख लातूर से तीसरी बार विधायक बने हैं। कांग्रेस के दिवंगत नेता विलासराव देशमुख खुद महाराष्ट के मुख्यमंत्री रहे।

विश्वजीत कदम

कांग्रेस नेता विश्वजीत कदम ने राज्यमंत्री बनाए गए हैं। वह कांग्रेस के दिवंगत नेता पतंगराव कदम के बेटे हैं।

यह भी पढ़ें...गजब का संयोग: देश की सुरक्षा की कमान तीन दोस्तों के हाथ

शंकरराव गदख

क्रांतिकारी शेतकरी पक्ष के नेता शंकरराव गदख को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। वह पूर्व एनसीपी नेता यशवंतराव गदख के पुत्र हैं।

अदिति तटकरे

एनसीपी विधायक अदिति तटकरे भी उद्धव सरकार में राज्यमंत्री बनी हैं। वह श्रीवर्धन से महाराष्ट्र विधानसभा की सदस्य चुनी गई हैं। वह रायगढ़ से एनसीपी सांसद सुनील तटकरे की बेटी हैं। सुनील तटकरे कांग्रेस और एनसीपी सरकार में सिंचाई और वित्त मंत्री रह चुके हैं।

वर्षा गायकवाड

एकनाथ गायकवाड़ की पुत्री वर्षा गायकवाड को भी कैबिनेट में जगह दी गई है। एकनाथ गायकवाड़ मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष हैं। वर्ष धरावी सीट से जीतकर विधायक बनी हैं। वह कांग्रेस का दलित चेहरा भी हैं।

शंभूराजे देसाई

शिवसेना कोट से शंभूराजे देसाई को मंत्री बनाया गया है। वह महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और कांग्रेस नेता बाला साहेब देसाई के परपोते हैं।

यह भी पढ़ें...CAA पर बड़ी खबर: अब पास हुआ ये प्रस्ताव, तो सीएम ने किया ऐसा ऐलान

यशोमति ठाकुर

उद्धव सरकार में शामिल होने वाली मंत्री यशोमति ठाकुर पूर्व कांग्रेस विधायक दिवंगत भैया साहेब ठाकुर की पुत्री हैं।

धनंजय मुंडे

एनसीपी के कद्दावर नेता धनंजय मुंडे को महाराष्ट्र कैबिनेट में जगह दी गई है। वह केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता रहे दिवंगत गोपीनाथ मुंडे के भतीजे हैं। बता दें कि गोपीनाथ मुंडे की पुत्री पंकजा मुंडे बीजेपी की नेता हैं और वह फडणवीस सरकार में मंत्री रहीं। हालांकि वह इस बार चुनाव हार गई हैं।

सुनील केदार

सोमवार को मंत्री पद की शपथ लेने वाले सुनील केदार पूर्व मंत्री छत्रपाल केदार के पुत्र हैं।

यह भी पढ़ें...ऐतिहासिक 2019: मोदी सरकार के इन बड़े फैसलों ने मचा दिया बवाल

सतेज पाटिल

उद्धव सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने वाले सतेज पाटिल बिहार के पूर्व राज्यपाल और कांग्रेस नेता डीवाई पाटिल के बेटे हैं।

बालासाहेब थोराट

बालासाहेब थोराट को उद्धव मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। वह पूर्व कांग्रेस विधायक भाउसाहेब थोराट के बेटे हैं।

Dharmendra kumar

Dharmendra kumar

Next Story