Nitish Kumar Oath: बिहार में फिर 'नीतीशे सरकार', 8वीं बार बने राज्य के मुख्यमंत्री, तेजस्वी दूसरी बार डिप्टी सीएम

Nitish Kumar Oath Ceremony Live: बिहार में आज फिर महागठबंधन सरकार शपथ ले रही है। नीतीश कुमार बतौर मुख्यमंत्री तो तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यहां देखें पल-पल की अपडेट...

Written By :  aman
Update: 2022-08-10 08:45 GMT

Nitish Kumar Oath Ceremony

Nitish Kumar Oath Ceremony Live Updates : जनता दल यूनाइटेड (JDU) के नेता नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। नीतीश कुमार ने आज 8वीं बार सीएम पद की शपथ ली है। उनके साथ ही राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और लालू यादव के पुत्र तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) दूसरी बार राज्य के उपमुख्यमंत्री बने हैं। राज्यपाल फागू चौहान ने राजभवन में दोनों नेताओं को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के बाद तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के पैर छुए। आपको बता दें कि, बीते 22 सालों में यह 8वां मौका है, जब नीतीश कुमार राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं। नीतीश साल 2000 में पहली बार 07 दिनों के लिए राज्य का सीएम बने थे।

इससे पहले, मंगलवार को बिहार में सियासत ने एक बार फिर करवट ली। नीतीश कुमार ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) गठबंधन से नाता तोड़कर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का हाथ थामा है। अब बिहार राज्यपाल फागू चौहान (Bihar Governor Fagu Chauhan) ने जदयू नेता नीतीश कुमार (Nitish Kumar) को राज्य में फिर से सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। इससे पहले जेडीयू नेता ने मंगलवार को अपना दावा पेश किया था। उन्होंने 165 विधायकों के समर्थन वाली सूची भी गवर्नर को सौंपी।

Live Updates
2022-08-10 09:03 GMT

नीतीश बोले- चुनाव में साजिश रची गई, जिससे कम सीटें मिली

शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, 'हम काम करने वाले लोग हैं। 2020 के चुनाव के बाद मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहता था। बाद में क्या हुआ सबके सामने है। चुनाव में साजिश रची गई। 2020 में साजिश के चलते हमें कम सीटें मिली।'

2022-08-10 08:59 GMT

तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार के पैर छुए

शपथ ग्रहण के बाद जब नीतीश कुमार मंच से नीचे आए तो तेजस्वी यादव ने उनके पैर छुए। शपथ लेने के बाद तेजस्वी ने नीतीश के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। 

2022-08-10 08:50 GMT

अंतर्विरोध के कारण 3 महीने में गिरेगी सरकार 

राज्यसभा संसद और बीजेपी के वरिष्ठ नेता राकेश सिन्हा ने कहा, कि 'अंतर्विरोध के कारण यह सरकार 3 महीने में गिर जाएगी। 09 अगस्त को देश छोड़ो का नारा दिया था। कम्युनिष्टों ने अंग्रेजों का साथ दिया था। आज नीतीश कुमार ने भी यही किया।'

2022-08-10 08:43 GMT

नीतीश कुमार ने 8वीं बार ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 8वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी यादव ने डिप्टी सीएम पद की शपथ ली है। हालांकि, अभी भी मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।



2022-08-10 08:35 GMT

विजय कुमार सिन्हा इस्तीफा देंगे

बिहार विधानसभा अध्यक्ष और बीजेपी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा इस्तीफा देंगे।

2022-08-10 08:34 GMT

राबड़ी देवी बोलीं- 'सब माफ है'

तेजस्वी यादव के शपथ ग्रहण समारोह में बिहार की पूर्व सीएम राबड़ी देवी भी पहुंचीं हैं। उनके साथ तेजस्वी यादव की पत्नी भी हैं। इस मौके पर राबड़ी ने कहा, 'मैं बहुत खुश हूं। ये सब आप लोगों की वजह से ही हुआ है। राबड़ी आगे बोलीं, 'पुराना सब माफ है।' 

2022-08-10 08:04 GMT

महागठबंधन नेताओं की बैठक

जेडीयू अध्यक्ष ललन सिंह, विजय चौधरी, श्रवण कुमार, नीतीश कुमार के साथ तेजस्वी यादव की बैठक जारी है। एक अणे मार्ग में ये बैठक हुई। पोर्टफोलियो को लेकर महागठबंधन के नेताओं में चर्चा चल रही है। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष को लेकर भी माथापच्ची जारी है।

2022-08-10 07:51 GMT

नीतीश के पास बहुमत साबित करने के लिए 14 दिन

आज शपथ ग्रहण के बाद सदन में बहुमत साबित करने के लिए नीतीश कुमार के पास 14 दिन का समय होगा। वहीं, NDA का साथ छोड़ महागठबंधन के साथ जाने के खिलाफ बीजेपी 12 अगस्त को प्रदेश भर में विरोध-प्रदर्शन करेगी।

2022-08-10 07:48 GMT

देवेंद्र फडणवीस- बीजेपी अपने साथियों को नहीं देती धोखा

इस बीच, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बिहार की बदली राजनीति पर बयान दिया। फडणवीस बोले, 'भारतीय जनता पार्टी अपने साथियों के साथ कोई धोखाधड़ी नहीं करती। शिवसेना का उदाहरण देते हुए कहा, 'उन्होंने हमारे पीठ में छुरा घोंपा था। इसलिए आज असली शिवसेना हमारे साथ है।' शरद पवार पर तंज कसते हुए देवेंद्र ने कहा, उनका दुख अलग है। जब उन्होंने पार्टी तोड़ी थी, तब ठीक था। उस वक्त क़ानून नहीं थे। आज कानून है। एकनाथ शिंदे अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं।' 

2022-08-10 07:43 GMT



प्रशांत किशोर- वैकल्पिक विपक्ष पर नहीं हुआ विचार

बिहार की राजनीतिक सरगर्मी पर राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने कहा, 'मेरा मानना ​​है कि बिहार में ताजा राजनीतिक घटनाक्रम सिर्फ राज्य स्तर पर है। उन्होंने कहा, मुझे नहीं लगता है कि यह राष्ट्रीय स्तर पर वैकल्पिक विपक्ष बनाने के विचार के बाद किया गया है।'

Tags:    

Similar News