Bulandshahr News: निकाय चुनाव में भाजपा के माननीयों ने झोंकी ताकत, गुलावठी, बुलंदशहर, अनूपशहर में की जनसभाएं

Bulandshahr News: भूपेंद्र चौधरी ने कहा- उत्तर प्रदेश में होने वाले सभी नगर निगम नगर पंचायत और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पदों पर भाजपा के प्रत्याशी जीत हासिल करेंगे। उन्होनें निकाय चुनाव समितियों की बैठक कर कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने के गुर भी सिखाए।

Update: 2023-05-06 21:33 GMT
UP Nikay Chunav 2023 (Pic: Newstrack)

Bulandshahr News: यूपी में हो रहे निकाय चुनावों को लेकर भाजपा शीर्ष नेतृत्व कितना संजीदा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दूसरे चरण में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव मतदान को लेकर बुलंदशहर में भाजपा के विधायक, सांसद और मंत्री चुनाव प्रचार में जुटे हैं। गुलावठी में संसदीय कार्य मंत्री और औद्योगिक विकास मंत्री जसवंत सिंह सैनी, बुलंदशहर में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी तो अनूपशहर में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूजी कल्याण सिंह के सांसद पुत्र राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सभाएं कीं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने निकाय चुनाव समितियों की बैठक कर कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने के गुर भी सिखाए।

भाजपा नगरों को बनाएगी स्मार्ट सिटी

जनपद बुलंदशहर के गुलावठी नगर पालिका परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए खड़े भाजपा के प्रत्याशी शैलेश तेवतिया के समर्थन में महाराजा अग्रसेन धर्मशाला में व्यापारी नेता सुरेश जिंदल की अध्यक्षता में जनसभा हुई, जिसमें औद्योगिक विकास राज्य मंत्री और संसदीय कार्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी ने सर्व समाज से एकजुट होकर शैलेश तेवतिया के समर्थन में वोट कर भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील की। उन्होंने नगर में ट्रिपल इंजन की सरकार बनने के बाद विकास कराने का वादा किया। उन्होंने कहा कि यदि नगर में भी भाजपा की सरकार बनेगी उत्तर प्रदेश के शहर और नगर स्मार्ट सिटी बनेंगे। सभा को भाजपा प्रत्याशी शैलेश तेवतिया, व्यापारी नेता कुलदीप मोदी, भाजपा नेत्री विद्यावती तोमर, आदि भाजपा नेताओं ने संबोधित किया। देर रात को भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा ने भी भाजपा प्रत्याशी शैलेश तेवतिया के समर्थन में गुलावठी में सभा की और पुरानी गलतियों को भूल कर नगर में भाजपा की सरकार बना डबल इंजन में ट्रिपल इंजन जोड़ने की अपील की। सभा में माननीयों का भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत भी किया।

राजू भैया बोले..निकाय चुनाव 2024 का सेमीफाइनल-

जनपद बुलंदशहर के अनूपशहर में भाजपा प्रत्याशी बृजेश शर्मा उर्फ गोपाल भैया के समर्थन में पूर्व मुख्यमंत्री बाबूजी कल्याण सिंह के सांसद पुत्र राजवीर सिंह उर्फ राजू भैया ने जनसभा कर लोध राजपूत वोट बैंक को साधने को सभा की। शनिवार को अनूपशहर के रामलीला मैदान में आयोजित सभा में एटा के सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि भाजपा ने समाज के प्रत्येक वर्ग को बिना किसी भेदभाव के शासकीय योजनाओं का लाभ दिया है। नगर निकाय के माध्यम से भाजपा 2024 के चुनाव का रिहर्सल कर रही है। कार्यकर्ता और राष्ट्रवादी लोग किसी भी बहकावे में आए बिना पार्टी को अपनी मां मानते हुए सेवा भाव से भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से जिताने का काम करें।

निकाय चुनाव विकास का प्रथम इंजन है, विधायक विकास का दूसरा इंजन है, सांसद तीसरा इंजन है। एक साथ ट्रिपल इंजन की सरकार से अनूपशहर नगर का चहुमुखी विकास होगा। विकास कराने के लिए सभी वर्ग के लोग किसी हिचकिचाहट के बिना कमल के फूल पर मोहर लगाकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने में योगदान दें। इस मौके पर सांसद डॉ. भोला सिंह, डिबाई विधायक सीपी सिंह, स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी, अनूपशहर ब्लॉक प्रमुख अतुल कुमार सिंह, जहांगीराबाद ब्लॉक प्रमुख मनोज कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

बुलंदशहर में भूपेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओ को सिखाए जीत के गुर

बुलंदशहर आए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने निकाय चुनाव को जीतने का कार्यकर्ताओं को मंत्र दिया। भूपेंद्र चौधरी ने स्थानीय नगर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की जीत का दावा किया। उन्होंने चुनाव समितियों वार्ड और पन्ना प्रमुख तथा नगर इकाइयों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर 11 मई को दूसरे चरण में होने वाले मतदान में अधिकाधिक मतदान कराने के गुर सिखाए। भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि जितना ज्यादा मतदान होगा उतनी ही ज्यादा वोटों से भाजपा के प्रत्याशी जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर से वोट निकालकर मतदान कराने की अपील की।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाले सभी नगर निगम नगर पंचायत और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पदों पर भाजपा के प्रत्याशी जीत हासिल करेंगे। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण में 9 मंडलों में 7 नगर नगर निगम, 95 नगर पालिका परिषद और 268 नगर पंचायतों का मतदान 11 मई को होगा। भाजपा ने सभी निकाय अध्यक्षों और 90 प्रतिशत वार्ड सदस्यों के प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं को पहले मतदान फिर जलपान का नारा देते हुए कहा कि भाजपा विकास सुरक्षा और नगरों को स्मार्ट सिटी बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

Tags:    

Similar News