Kalicharan Maharaj Arrested: कालीचरण खजुराहो से गिरफ्तार, रायपुर धर्म संसद में बापू पर की थी विवादित टिप्पणी

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हुए 'धर्म संसद' में महात्मा गांधी पर 'विवादित बोल' के बाद सुर्खियों में आए संत कालीचरण महाराज को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें, कि इससे पहले उन्हें फरार बताया जा रहा था।

Newstrack :  Network
Published By :  aman
Update: 2021-12-30 03:28 GMT

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हुए 'धर्म संसद' में महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) पर 'विवादित बोल' (Controversial remarks) के बाद सुर्खियों में आए संत कालीचरण महाराज (Kalicharan Maharaj) को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें, कि इससे पहले उन्हें फरार बताया जा रहा था। मिली जानकारी के अनुसार, कालीचरण महाराज को रायपुर पुलिस (Raipur Police) ने खजुराहो से गिरफ्तार किया है। अब कालीचरण महाराज को रायपुर लाने की कार्यवाही की जा रही है।

बता दें, कि कालीचरण पर भड़काऊ भाषण देने के आरोप में कई शहरों में केस दर्ज किए गए थे। दरअसल, छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित धर्म संसद में संत कालीचरण महाराज ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ऊपर अमर्यादित टिप्पणी की थी। साथ ही, कालीचरण ने नाथूराम गोडसे को बापू की हत्या के लिए सही ठहराया था। इसी के बाद विवाद बढ़ने लगा था। कालीचरण महाराज के खिलाफ रायपुर के टिकरापारा थाने में धारा 505 (2) (वर्गों के बीच शत्रुता, घृणा या द्वेष पैदा करने वाले बयान देना) और 294 के तहत मामला दर्ज किया गया था।

क्या था मामला? 

उल्लेखनीय है, कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक संगठन द्वारा धर्म संसद का आयोजन किया गया था। इसी धर्म संसद में धर्मगुरु कालीचरण महाराज ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बारे में अमर्यादित टिप्पणी की। बापू पर बोलते हुए उन्होंने नाथूराम गोडसे को उसे कृत्य ने सही ठहराया। बोले, कि बापू की हत्या कर नाथूराम ने सही कदम उठाया था। साथ ही, कालीचरण महाराज ने कहा था, कि इस्लाम का लक्ष्य राजनीति के जरिए राष्ट्र पर कब्जा करना रहा है। हमारी आंखों के सामने उन्होंने 1947 में कब्जा कर लिया था। पहले ईरान, इराक और अफगानिस्तान पर कब्जा किया। उसके बाद राजनीति के जरिए पाकिस्तान और बांग्लादेश पर कब्जा किया। मैं नाथूराम गोडसे को सलाम करता हूं, कि उन्होंने गांधी की हत्या कर दी। हालांकि, उनके इस बोल के समर्थन में धर्म संसद में लोगों ने तालियां भी बजाईं।

..और क्या कहा था?

कालीचरण महाराज ने धर्म संसद के दौरान कहा था, कि 'हमारा मुख्य कर्तव्य क्या है ? धर्म की रक्षा करना। हमें सरकार में एक कट्टर हिंदू राजा (उनका मतलब वर्तमान में नेता से था) का चुनाव करना चाहिए। वह भले ही कोई भी हो। आगे उन्होंने कहा, कि 'हमारे घरों की महिलाएं बहुत अच्छी और सभ्य हैं। वे मतदान के लिए नहीं जाती हैं। जब सामूहिक दुष्कर्म होंगे तो आपके घर की महिलाओं का क्या होगा? महामूर्खों... मैं उन लोगों को बुला रहा हूं जो वोट देने के लिए बाहर नहीं जाते हैं।'

महात्मा गांधी पर अमर्यादित बोल के बाद कालीचरण महाराज के खिलाफ रायपुर सहित देश के कई हिस्सों में केस दर्ज किया गया था। बुधवार देर शाम खबर आई, कि कालीचरण महाराज रायपुर से फरार हो गए हैं। जिसके बाद रायपुर पुलिस ने महाराष्ट्र तथा मध्य प्रदेश में उनकी तलाश शुरू कर दी थी। जिसके बाद आज गिरफ़्तारी हुई। 

Tags:    

Similar News