Nagar Nikay Chunav 2023: तुलसी नगरी में विकास की गति पकड़ाएगी ट्रिपल इंजन की सरकारः नीलम करवरिया

Nagar Nikay Chunav 2023: पूर्व विधायक ने भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में नुक्कड़ सभा किया। बोलीं-प्रदेश की भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में अयोध्या, काशी, मथुरा की तरह चित्रकूट भी है।

Update: 2023-05-07 22:02 GMT
Nagar Nikay Chunav 2023 (Pic: Newstrack)

Chitrakoot News: प्रचार के आखिरी दौर में दलीय प्रत्याशियों ने पार्टी के दिग्गजों को मैदान में उतारकर अपनी-अपनी जीत के लिए माहौल बनाने में जुटे हैं। रविवार को प्रयागराज के मेजा की पूर्व विधायक नीलम करवरिया ने भी राजापुर नगर पंचायत से अध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी संजीव मिश्र के समर्थन में नुक्कड़ सभाएं की। लोगों को भरोसा दिया कि प्रदेश में डबल के बाद ट्रिपल सरकार बनने पर शहरी क्षेत्रों का विकास होगा, जिसमें तुलसी नगरी अछूती नहीं रहेगी।

राजापुर कस्बे के तुलसी नगर, गयागंज, कृष्णानगर, रामनगर, कालिंदी नगर, हनुमानगंज में भ्रमण के दौरान नुक्कड़ सभाओं में पूर्व विधायक ने कहा कि यह गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली है। प्रदेश की भाजपा सरकार की प्राथमिकताओं में अयोध्या, काशी, मथुरा की तरह चित्रकूट भी है। तुलसी जन्मस्थली के विकास को लेकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाना जरूरी है। नगर निकाय में जब यहां पर भाजपा जीतेगी, तभी यहां विकास की गति तेजी पकड़ेगी और लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होनें कहा कि रामवन गमन मार्ग यहीं से निकल रहा है। इसके निर्माण की जल्द ही शुरुआत होगी। रामवनगमन मार्ग बनने से तुलसी नगरी का तेजी से विकास होगा। वह यहीं की बेटी हैं, यहां के विकास के लिए केन्द्र व प्रदेश स्तर पर लड़ाई लड़ी है। नगर पंचायत क्षेत्र के विस्तारीकरण में जिन मजरों को शामिल किया गया है, वहां भी विकास की गति तेजी पकड़ेगी। कोई भी मोहल्ला विकास में पीछे नहीं रहेगा। भाजपा सरकार ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के तहत काम किया है। यहां के विकास को लेकर अभी तक कुर्सी में काबिज होने वालों ने कुछ नहीं किया है। नुक्कड़ सभाओं के साथ ही उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ मिलकर कस्बे में भ्रमण किया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता देव त्रिपाठी, संतोष गौतम, अतुल मिश्र, रिंकू शुक्ला, प्रहलाद पांडेय, नवनीत मिश्रा आदि मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News