Article 370: पाकिस्तानी पत्रकार से बोले दिग्विजय सिंह- कांग्रेस आई तो कश्मीर में बहाल करेंगे 370

Article 370: दिग्विजय सिंह ने एक क्‍लब हाउस चैट में जम्‍मू-कश्‍मीर से आर्टिकल 370 बहाल करने की बात कही है।

Newstrack :  Network
Published By :  Chitra Singh
Update: 2021-06-12 08:40 GMT

दिग्विजय सिंह (फाइल फोटो- सोशल मीडिया)

Article 370: कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह (Congress General Secretary Digvijay Singh) एक बार फिर सुर्खियों में छाए हुए है। उन्होंने एक क्‍लब हाउस चैट (club house chat) के दौरान जम्‍मू-कश्‍मीर में आर्टिकल 370 (Article 370) बहाल करने की बात कही है। इस बयान के बाद कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह भाजपा के निधाने पर आ गए हैं।

दरअसल, भाजपा के आईटी सेल के हेड अमित मालवीय (Amit Malviya) ने एक वीडियो क्लीप शेयर किया है। यह वीडियो क्लीप क्लब हाउस लीक (Club House Leaks) चैट का है, जिसमें दिग्विजय सिंह आर्टिकल 370 की बात करते हुए सुन गए हैं। उन्होंने कहा है, "अगर कांग्रेस फिर से सत्ता में आती है, तो वह जम्‍मू-कश्‍मीर में आर्टिकल 370 को फिर से बहाल करने पर पुनर्विचार करेगी।"

दिग्विजय का बयान

उन्होंने ये भी कहा है कि, " जब कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाया गया था, जब वहां लोकतंत्र नहीं था। वहां इंसानियत भी नहीं थी। वहां कश्मीरियत सेक्युलरिज्म का हिस्सा बन गया है, क्योंकि मुस्लिम बहुल राज्य होने के बावजूद वहां का राजा हिंदू था और दोनों मिलकर काम करते थे। इन फैक्ट कश्मीर में कश्मीरी पंडितों को सरकारी नौकरी में आरक्षण दिया गया था, इसलिए जम्‍मू-कश्‍मीर में आर्टिकल 370 हटाने का निर्णय बेहल दुखद था। अगर कांग्रेस पार्टी सत्ता में आई , तो उसे फिर से हटाने के फैसले पर पुनर्विचार करेगी।" माना जा रहा है कि इस ग्रुप चैट में कुछ पाकिस्तानी पत्रकार भी शामिल थे।

यही तो पाकिस्तान चाहता है- अमित

इस बयान के बाद दिग्विजय सिंह भाजपा नेताओं के निशाने पर आ गए है। भाजपा नेता और आईटी सेल के हेड अमित मालवीय (Amit Malviya) ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, "क्लब हाउस चैट में, राहुल गांधी के शीर्ष सहयोगी दिग्विजय सिंह एक पाकिस्तानी पत्रकार से कहते हैं कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो वे आर्टिकल 370 को निरस्त करने के फैसले पर पुनर्विचार करेंगे। सच में, यही तो पाकिस्तान चाहता है…।"

'कांग्रेस राष्ट्रविरोधियों का क्लब हाउस' 

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने दिग्विजय सिंह पर निशाना साधते हुए कहा है, "पाक पत्रकार द्वारा पूछे जाने पर, "मोदी" से छुटकारा पाने और कश्मीर नीति पर दिग्विजय सिंह का कहना है कि अगर कांग्रेस सत्ता में वापस आती है तो वे आर्टिकल 370 को बहाल करने पर पुनर्विचार करेंगे। उन्होंने हिंदू कट्टरपंथियों के बारे में भी बात किया हैं। कांग्रेस राष्ट्रविरोधियों का क्लब हाउस है।"

'कांग्रेस का पहला प्यार पाकिस्तान है।'

वहीं केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है, "कांग्रेस का पहला प्यार पाकिस्तान है। दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी का संदेश पाकिस्तान तक पहुंचाया। कांग्रेस कश्मीर को हथियाने में पाकिस्तान की मदद करेगी।" इसके अलावा विश्वास सारंग ने भी दिग्विजय पर हमला बोलते हुए कहा है, "दिग्विजय सिंह द्वारा क्लब हाउस में आर्टिकल 370 पर दिया गया बयान ग़द्दारी की श्रेणी में आता है। उन्होंने देश के साथ ग़द्दारी की है। " 

दिग्विजय ने दी सफाई

विवाद में घिरने के बाद दिग्विजय सिंह ने कहा है, "अनपढ़ लोगों की जमात को Shall और Consider में फ़र्क़ शायद समझ में नहीं आता।"

Tags:    

Similar News