BJP Foundation Day : PM मोदी ने कहा- हमने जितने काम किए,..चर्चा में ही कई घंटे बीत जाएंगे

पीएम मोदी ने कहा, 'बीजेपी एक भारत, श्रेष्ठ भारत के मंत्र पर चल रही है।' यहां पीएम ने वो तीन बातें भी बताई जिनकी वजह से बीजेपी का 42वां स्थापना दिवस और ज्यादा महत्वपूर्ण हो गया।

Written By :  aman
Update: 2022-04-06 05:29 GMT

BJP Foundation Day

BJP Foundation Day : भारतीय जनता पार्टी (BJP) आज 6 अप्रैल 2022 को अपना 42वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर बीजेपी के के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय पर झंडा फहराया। जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वहीं, यूपी की राजधानी लखनऊ में पार्टी दफ्तर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। 

इस मौके पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी ने जो बीजेपी की विकास यात्रा में अपने जीवन को समर्पित किया। उसका परिणाम आज हमारे सामने है। मैं पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं की तरफ से उनका हार्दिक अभिनंदन करता हूं। नड्डा ने आगे कहा, 'देश में हमारे विधायकों की संख्या अब 1,379 है। हमारे कार्यकर्ताओं ने दिन-रात काम किया है। सेवा ही संगठन है। सेवा ही हमारा लक्ष्य है। ये पार्टी गरीबों की पार्टी है।'

एक भारत, श्रेष्ठ भारत का मंत्र

इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'बीजेपी एक भारत, श्रेष्ठ भारत के मंत्र पर आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने वो तीन बातें बताई, जिस वजह से बीजेपी का 42 वां स्थापना दिवस और अधिक महत्वपूर्ण हो गया। पीएम मोदी ने आगे कहा, 'मैं देश और दुनिया भर में फैले बीजेपी के प्रत्येक सदस्य को अनेक-अनेक शुभकामनाएं देता हूं। कश्मीर से कन्याकुमारी और कच्छ से कोहिमा तक भारतीय जनता पार्टी 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को निरंतर सशक्त कर रही है।

मां स्कंदमाता का भी जिक्र

प्रधानमंत्री ने इस मौके पर कहा, कि 'आज नवरात्रि की पांचवी तिथि है। आज के दिन मां स्कंदमाता की पूजा होती है। हम सबने देखा है, कि मां स्कंदमाता कमल के आसन पर विराजमान रहती हैं। उनके दोनों हाथों में कमल का फूल रहता है।' पीएम ने अपनी पार्टी के चुनाव चिन्ह कमल के महत्व को धार्मिक नजरिए से भी बताया। 

राज्यसभा में पार्टी की संख्या 100 तक पहुंची

पीएम मोदी ने कहा, 'तीन दशक बाद ऐसा समय आया है जब राज्यसभा में किसी एक पार्टी के सदस्यों की संख्या 100 तक पहुंची है। वैश्विक या राष्ट्रीय जिस भी दृष्टिकोण से देखें बीजेपी का दायित्व, बीजेपी के प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व लगातार बढ़ रहा है।' उन्होंने आगे कहा, 'इस अमृत काल में भारत की सोच आत्मनिर्भरता की है। 'लोकल' को 'ग्लोबल' बनाने की है। सामाजिक न्याय और समरसता की है। इन्हीं संकल्पों के साथ एक विचार बीज के रूप में हमारी पार्टी की स्थापना हुई थी। इसलिए ये अमृत काल बीजेपी के हर कार्यकर्ता के लिए कर्तव्य काल है।'

स्थापना दिवस तीन वजहों से महत्वपूर्ण

प्रधानमंत्री बोले, 'इस बार का स्थापना दिवस तीन वजहों से महत्वपूर्ण है। पहला, इस समय देश आजादी के 75 वर्ष का पर्व मना रहा है। हम आजादी का 'अमृत महोत्सव' मना रहे हैं। ये समय प्रेरणा का बड़ा अवसर है। दूसरा, 'तेजी से बदलती वैश्विक परिस्थितियां। साथ ही, बदलता हुआ 'ग्लोबल ऑर्डर'। इसमें भारत के लिए लगातार नई संभावनाएं उभरती नजर आ रही हैं। तीसरा, कुछ सप्ताह पहले चार राज्यों में बीजेपी की डबल इंजन सरकार वापस लौटी है।'

'आज देश के पास नीतियां भी हैं, नियत भी'

पीएम नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, 'हमारी सरकार राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हुए काम कर रही है। आज देश के पास नीतियां भी हैं, नियत भी। आज देश निर्णय शक्ति के साथ आगे बढ़ रहा है। साथ ही, निश्चयशक्ति भी है। इसलिए, आज हम लक्ष्य तय कर रहे हैं और उन्हें पूरा भी कर रहे हैं।' इस मौके पर पीएम मोदी ने कहा, 'कुछ समय पहले देश ने 400 बिलियन डॉलर यानि करीब 30 लाख करोड़ रुपए के उत्पादों के निर्यात का लक्ष्य पूरा किया। कोरोना काल में इतना बड़ा लक्ष्य हासिल करना भारत के सामर्थ्य को दिखाता है।

हमने जितने काम किए, उसकी चर्चा में कई घंटे लग जाएंगे

प्रधानमंत्री बोले, 'गरीबों को पक्के घर से लेकर शौचालय निर्माण तक और आयुष्मान भारत योजना से उज्ज्वला योजना तक, हर घर जल से लेकर हर गरीब के बैंक खाते तक, न जाने ऐसे कितने ही काम हुए हैं। उनकी चर्चा में कई घंटे निकल जाएंगे।।' पीएम मोदी ने आगे कहा, 'बीते वर्षों में देश ने ये देखा कि अपने नागरिकों का जीवन आसान बनाना बीजेपी सरकारों की, डबल इंजन सरकार की प्राथमिकता रही है। सबका साथ, सबका विकास मंत्र के साथ हम सबका विश्वास प्राप्त कर रहे हैं। आज हम देश के विकास के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं।'

कुछ पार्टियों ने ज्यादातर लोगों को तरसा कर रखा

पीएम मोदी ने तंज भरे लहजे में विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा। बोले, 'हमारे देश में दशकों तक कुछ राजनीतिक दलों ने सिर्फ वोट बैंक की राजनीति की। जबकि, कुछ लोगों को ही वादे करो और ज्यादातर लोगों को तरसा कर रखो का काम किया। साथ ही, भेदभाव, भ्रष्टाचार ये सब वोट बैंक राजनीति का साइड ही इफेक्ट था। मगर, बीजेपी ने इस वोट बैंक की राजनीति को ना सिर्फ टक्कर दी, बल्कि इसके नुकसान, देशवासियों को समझाने में भी सफल रही।'

विजय तिलक के लिए सबसे आगे माताएं-बहनें   

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री बोले, बीते कई चुनावों में हमने लगातार देखा, बीजेपी का विजय तिलक करने के लिए सबसे आगे हमारी माताएं-बहनें आती हैं। इसलिए आज गरीबों, दलितों, पिछड़ों, आदिवासियों के साथ ही महिलाएं भी बीजेपी के पक्ष में खड़ी हैं। वो नए युग की ताकत का प्रतिबिंब है।'

Tags:    

Similar News