Sushil Chandra: जानें कौन हैं मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुशील चंद्रा, कोरोना काल में चुनाव जिनके लिए है चुनौती

Chief Election Commissioner Sushil Chandra: सुशील चंद्रा ने 13 अप्रैल 2021 को देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में पदभार संभाला था। इससे पहले कानून मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति पर मुहर लगाई थी। चंद्रा ने तब रिटायर हुए तत्कालीन मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा की जगह ली थी।

Newstrack :  Network
Published By :  aman
Update: 2022-01-08 11:25 GMT

Chief Election Commissioner Sushil Chandra 

Chief Election Commissioner Sushil Chandra: मुख्य निर्वाचन आयुक्त या (CEC) सुशील चंद्र आज जब अपने दो अन्य सहयोगियों चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और अनूप चंद्र पांडे के साथ विज्ञान भवन पहुंचे, तभी तय हो गया था कि आज पांच राज्यों की 690 विधानसभा क्षेत्रों के लिए चुनाव की तारीखों सहित अन्य घोषणाएं होंगी। इस दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा, कि कोविड सेफ इलेक्शन (covid safe election) कराना चुनाव आयोग का पहला उद्देश्य है। उन्होंने कोरोना काल में चुनाव कराने को बेहद चुनौतीपूर्ण बताया। 

अब इसके बाद आपके मन में ये सवाल उठना लाजमी है कि मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा हैं कौन? जिनके हाथों में संविधान से मिली इतनी शक्तियां हैं। इससे पहले वो कहां सेवाएं दे रहे थे? उन्होंने कहां से पढ़ाई की आदि-आदि। तो चलिए, आज आपके इन सवालों के जवाब हम भी तलाशते हैं। 

देश के 24वें मुख्य निर्वाचन आयुक्त

सुशील चंद्रा ने 13 अप्रैल 2021 को देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त के रूप में पदभार संभाला था। इससे पहले कानून मंत्रालय ने उनकी नियुक्ति पर मुहर लगाई थी। चंद्रा ने तब रिटायर हुए तत्कालीन मुख्य निर्वाचन आयुक्त सुनील अरोड़ा की जगह ली थी। सुशील चंद्रा देश के 24वें मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) हैं। इनका कार्यकाल 14 मई 2022 तक रहेगा। 

2019 लोकसभा चुनाव से पहले हुई थी नियुक्ति 

वर्तमान निर्वाचन आयुक्त सुशील चंद्रा को लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पहले यानी 14 फरवरी 2019 को निर्वाचन आयुक्त के तौर पर नियुक्त किया गया था। तब उन्होंने CEC सुनील अरोड़ा और पूर्व चुनाव आयुक्त अशोक लवासा के साथ उस साल लोकसभा चुनाव को सफलतापूर्वक आयोजित करवाया था। 

सुशील चंद्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें (who is sushil chandra)

 15 मई, 1957 को जन्मे सुशील चंद्रा ने आईआईटी, रुड़की (IIT, Roorkee) से बी-टेक (B-Tech) की डिग्री हासिल की है। डीएवी, देहरादून से उन्होंने एलएलबी (LLB) की भी डिग्री ली है। सुशील चंद्रा भारतीय राजस्व सेवा (आयकर कैडर) के 1980 बैच के अधिकारी रहे हैं। साल 1980 में भारतीय राजस्व सेवा में शामिल होने से पहले, चंद्रा भारतीय इंजीनियरिंग सेवा में थे। चंद्रा के पहले टी.एस कृष्णमूर्ति (TS Krishnamurthy) ऐसे IRS अधिकारी थे, जिन्हें निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था। बता दें, कि कृष्णमूर्ति साल 2004 में मुख्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किए गए थे। अब तक की परंपरा के अनुसार, देश के तीन निर्वाचन आयुक्तों में से सबसे सीनियर अधिकारी को ही मुख्य निर्वाचन आयुक्त बनाया जाता है, उसी आधार पर सुशील चंद्रा की नियुक्ति हुई है।

कई पदों पर दे चुके हैं सेवाएं 

मुख्य निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किए जाने से पहले कई शीर्ष पदों पर काम कर चुके हैं। सुशील चंद्रा सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेज यानी सीबीडीटी (CBDT) के चेयरमैन (chairman) भी रहे हैं। आईआरएस अधिकारी (IRS Officer) रहते सुशील चंद्रा उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, गुजरात और मुंबई में कई अहम पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। मुंबई में डायरेक्टर पद पर भी वो रह चुके हैं। सुशील चंद्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात में भी काम किया है। गुजरात में वो महानिदेशक (इन्वेस्टिगेशन) के पद पर तैनात थे। इंटरनेशनल टैक्सेशन का बढ़िया जानकार माना जाता है.

39 वर्षों तक आयकर विभाग में दी सेवाएं 

सुशील चंद्रा 18 फरवरी, 2020 से परिसीमन आयोग के पदेन सदस्य रहे हैं। वो केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में प्रक्रियाओं को देख रहे हैं। करीब 39 वर्षों तक आयकर विभाग में विभिन्न पदों पर रहने के बाद चंद्रा को एक नवंबर 2016 को केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड यानी सीबीडीटी (CBDT) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।  

Tags:    

Similar News