Sudeep vs Devgn: भाषा पर लड़ाई में हुई राजनीति की एंट्री, कर्नाटक के नेताओं ने कहा हिंदी नहीं है राष्ट्रभाषा

Language Controversy: हिंदी विवाद में जेडीएस सुप्रीमो एचडी कुमारस्वामी और नेता प्रतिपक्ष एस सिध्दारमैया ने कन्नड़ एक्टर के बयान का समर्थन किया है और बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन पर निशाना साधा है।

Written By :  Krishna Chaudhary
Published By :  Deepak Kumar
Update: 2022-04-28 10:27 GMT

एचडी कुमारस्वामी और एस सिद्धारमैया।

Language Controversy: देश में भाषा को लेकर विवाद कोई नया विवाद नहीं है। विशेषकर दक्षिण भारत के राज्यों में अक्सर हिंदी विरोधी स्वरें सुनाई देती रहीं हैं। मोदी सरकार (Modi Government) के सत्ता में आने के बाद इन राज्यों की शिकायत रही है कि इनपर हिंदी जबरदस्ती थोपने की कोशिश की जा रही है। लेकिन हिंदी को लेकर छिड़ा ताजा विवाद दो सिनेमा स्टार के बीच से निकलकर अब सियासी मुद्दा बन गया है। कन्नड़ एक्टर सुदीप किच्चा (Kannada actor Sudeep Kicha) और बॉलीवुड स्टार अजय देवगन (Bollywood Star Ajay Devgan) के बीच बीच हिंदी को लेकर हुई बयानबाजी में कर्नाटक के सियासतदां कूद गए हैं।

क्य़ा है मामला

दरअसल कन्नड़ एक्टर सुदीप किच्चा (Kannada actor Sudeep Kiccha) ने हिंदी भाषा को लेकर जो बयान दिया था, वो अब बड़े विवाद की शक्ल अख्तियार करता नजर आ रहा है। उन्होंने कहा था कि हिंदी अब राष्ट्रीयभाषा नहीं रही है। बॉलीवुड अब पैन इंडिया फिल्में बना पा रहा है। वो लोग तमिल और तेलूगु में फिल्में डब कर सक्सेस के लिए संघर्ष कर रहे हैं। फिर भी वह कामयाब नहीं हो पा रहे हैं, लेकिन आज हम लोग ऐसी फिल्में बना रहे हैं, जो हर जगह देखी और सराही जा रही हैं।'

इस पर बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन (Bollywood Actor Ajay Devgan) ने पलटवार करते हुए कहा था कि अगर हिंदी राष्ट्रीय भाषा नहीं है तो आप अपनी मातृभाषा की फिल्में हिंदी में डब करके क्यों रिलीज करते हैं ? हिंदी हमारी मातृभाषा और राष्ट्रीय भाषा थी, है और हमेशा रहेगी।

भाषा विवाद में नेताओं की एंट्री

हिंदी को लेकर छिड़े विवाद में कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीएस सुप्रीमो एचडी कुमारस्वामी (JDS supremo HD Kumaraswamy) भी उतर आए। उन्होंने ट्वीटर के जरिए बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन (Bollywood Actor Ajay Devgan) पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अजय देवगन (Bollywood Actor Ajay Devgan) को यह महसूस करना चाहिए कि कन्नड़ सिनेमा हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को पछाड़ रहा है। कन्नड़ियों के ही प्रोत्साहन से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री का विकास हुआ है। देवगन को यह भी नहीं भुलना चाहिए उनकी पहली फिल्म फूल और कांटे बेंगलुरी में एक साल चली थी।

जेडीएस नेता ने अपने दूसरे ट्वीट में कन्नड़ एक्टर सुदीप किच्चा का समर्थन करते हुए कहा कि उनका यह कहना कि हिंदी राष्ट्रभाषा नहीं है, बिल्कुल सही है। उनके बयान में गलती खोजने की कोई जरूरत नहीं है। अजय देवगन (Bollywood Actor Ajay Devgan) न केवल हाईपर नेचर के हैं बल्कि अपना हास्यास्पद व्यवहार भी दिखाते रहते हैं।

कांग्रेस बोली हिंदी राष्ट्रभाषा नहीं

नेता प्रतिपक्ष एस सिध्दारमैया (S Siddaramaiah) ने भी कन्नड़ एक्टर के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि हिंदी राष्ट्रभाषा नहीं है, कहना बिल्कुल सही है। हमारे देश की भाषा की विविधता का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का कर्त्वय है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि सभी भाषाओं का अपना एक समृद्ध इतिहास होता है, जिस पर लोगों को गर्व होता है। मुझे भी कन्नर होने पर गर्व है।

बता दें कि कर्नाटक समेत दक्षिण के अन्य राज्यों में समय-समय पर हिंदी भाषा के खिलाफ विरोध के स्वर उठते रहते हैं। हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा राज्यों को अपने यहां हिंदी भाषा को बढ़ावा देने के निर्देश पर काफी सियासी बवाल खड़ा हो गया था। तमिलनाडु जैसे राज्यों ने इसपर सख्त ऐतराज जताया था। वहीं ताजा विवाद ने एकबार फिर बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के बीच विवाद की नई लकीर खींच दी है।

कर्नाटक सीएम ने भी किया किच्चा का समर्थन

कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने भी कन्नड़ अभिनेता किच्चा सुदीप के बयान को सही ठहराया है। उन्होंने कहा कि हमारे राज्यों का निर्माण भाषाओँ की वजह से हुआ है। रीजनल भाषाओं को महत्व दिया गया है। सभी को इसका सम्मान करना चाहिए।

देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें।

Tags:    

Similar News