बॉर्डर हुए सील: महाराष्ट्र के हालात बहुत बुरे, 24 घंटे में 513 मौतें

पूरे देश में कोविड-19 के 93,000 से ज्यादा नए मामले सामने आ चुके हैं। जबकि बीते 24 घंटे में 513 मौतें हुई हैं।

Update:2021-04-04 15:34 IST

नई दिल्ली: कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मामले अब तबाही का रूप लेते जा रहे हैं। पूरे देश में कोविड-१९ के 93,000 से ज्यादा नए मामले सामने आ चुके हैं। जबकि बीते 24 घंटे में 513 मौतें हुई हैं। कई राज्यों ऐसे भी हैं जहां नए मामले दोगुनी रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं। महाराष्ट्र की बात करें तो कल 49,000 से ज्यादा मामले सामने आए, छत्तीसगढ़ में 5800 से ज्यादा नए मामले सामने आए और दिल्ली में भी 3500 से ज्यादा नए मामले सामने आए। इनसे हटकर टीकाकारण की बात करें तो अभी तक वैक्सीन की 7,59,79,651 खुराक लोगों को दी जा चुकी हैं।

बॉर्डर सील

तेजी से बढ़ते मामलों की वजह से महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र के बॉर्डर को सील कर दिया है। इधर जम्मू-कश्मीर में भी बढ़ते मामलों को देखते हुए दो सप्ताह के लिए कक्षा 9 तक के सभी स्कूलों को बंद करने और 10 वीं से 12 वीं तक की कक्षाओं को दो सप्ताह के लिए बंद करने का फैसला लिया गया।

स्थितियों के विकट होने से असम सरकार ने लैब में आरटी-पीसीआर कोविड 19 टेस्ट की अधिकतम कीमत 500 रुपये और घर से सैंपल ले जाने पर इसकी कीमत 700 रुपये तय की है। वहीं रैपिड एंटीजन टेस्ट 250 रुपये में किया जाएगा।

 आने-जाने पर भी प्रतिबंध

वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश के पड़ोसी राज्यों में स्थिति बहुत बुरी है। महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में स्थिति संकटपूर्ण है। ऐसी स्थिति को देखते हुए मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र की सीमा को सील किया गया है और छत्तीसगढ़ से आने-जाने पर भी प्रतिबंध लगाया जाएगा।

बीते 24 घंटे के हाल देखें तो 14 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों से एक भी मौत दर्ज नहीं की गई है। इन 14 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के नाम इस प्रकार हैं: ओडिशा, असम, पड्डुचेरी, लद्दाख, दमन और दीव, दादरा नगर हवेली, नागालैंड, मेघालय, मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम, लक्षद्वीप, मिजोरम, अंडमान और निकोबार द्वीप और अरुणाचल प्रदेश।

Tags:    

Similar News