गुड न्यूज, गर्भवती महिलाएं भी लगवा सकेंगी कोरोना वैक्सीन

कोरोना वैक्सीनेशन ही इस महामारी से बचने का सबसे सशक्त हथियार है।

Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-07-02 13:53 GMT

नई दिल्ली: कोरोना वैक्सीनेशन ही इस महामारी से बचने का सबसे सशक्त हथियार है। वहीं वैक्सीनेशन को लेकर लोगों में अभी भी तरह-तरह भ्रांतियां बनी हुई हैं। ऐसे में स्वाथ्य मंत्रालय ने एक गुड न्यूज और दिया है। अब गर्भवती महिलाएं भी कोरोना की वैक्सीन लगवा सकती हैं। मंत्रालय ने गर्भवती महिलाओं को वैक्सीन लगवाने संबंधी नेशनल टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप ऑफ इम्यूनाइजेशन (NTAGI​) के प्रस्ताव को अपनी स्वकृति प्रदान कर दी है। इससे अब कोई भी गर्भवती महिला CoWIN ऐप पर जाकर वैक्सीनेशन के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकती है या फिर नजदीकी वैक्सीनेशन सेंटर पर जाकर भी वैक्सीन लगवा सकती हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार महिलाएं गर्भावस्था के किसी भी स्टेज पर वैक्सीन लगवा सकती हैं। गर्भवती महिलाओं को वैक्सीन लगाने के लिए ऑपरेशनल गाइडलाइन भी जारी की गई है। इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) की तरफ से बीते दिनों एक स्टडी जारी की गई है, जिसके अनुसार कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने गर्भवती महिलाओं और बच्चों को जन्म दे चुकीं महिलाओं को ज्यादा प्रभावित किया था। पहली लहर के मुकाबले इस लहर में गंभीर लक्षण वाले केस और मृत्यु दर भी ज्यादा रहे।

आईसीएमआर की इस स्टडी में गर्भवती और बच्चों को जन्म दे चुकीं महिलाओं के मामलों की तुलना पहली और दूसरी लहर के दौरान की गई। इसमें पाया गया कि दूसरी लहर में लक्षण वाले मामले इस बार अधिक थे जो कि 28.7 फीसदी थे, जबकि पहली लहर में ये आंकड़ा दूसरी लहर के आधे के करीब 14.2 फीसदी तक था। इसी तरह दूसरी लहर में मृत्यु दर 5.7 फीसदी था जबकि पहली लहर में मात्र 0.7 फीसदी तक था। 

Tags:    

Similar News