कोरोना से कोहराम : किसी को नहीं बख्श रही महामारी, कोरोना संक्रमित राजनेताओं की लिस्ट है लंबी

आने वाले दिनों में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। एक तरफ जहां चुनाव आयोग तैयारियों में जुटा है, तो दूसरी तरफ राजनीतिक पार्टियों ने सियासी सरगर्मी बढ़ा रखी है।

Update: 2022-01-05 07:58 GMT

Corona Effect in Politics : आने वाले दिनों में पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। एक तरफ जहां चुनाव आयोग तैयारियों में जुटा है, तो दूसरी तरफ राजनीतिक पार्टियों ने  सियासी सरगर्मी बढ़ा रखी है। सभी दलों के तमाम नेता लगातार जनसंपर्क में जुटे हैं। इसी वजह से ताबड़तोड़ रैलियां भी हो रही हैं। रैलियों में भीड़ भी जुट रही है। लेकिन, इन सबके बीच देश में कोरोना संक्रमण एक बार फिर बहुत तेजी से फ़ैल रहा है। क्या नेता और क्या अभिनेता। कोई इसके संक्रमण से अछूता नहीं है।

ज्यादा नहीं, हाल के तीन-चार दिनों में ही देश के कई बड़े राजनेता कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं। एक के बाद एक नेताओं के कोरोना की चपेट में आने से लगातार हो रही चुनावी रैलियों पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। तो चलिए नजर डालते हैं उन बड़े राजनेताओं की जो इस महामारी की चपेट में आए हैं।   


बिहार के दोनों उप मुख्यमंत्री कोरोना पॉजिटिव  

आज सुबह-सुबह खबर आई बिहार से। जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट मीटिंग से पहले ही चार मंत्रियों के कोरोना संक्रमित होने की खबर आई। इनमें बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री रेणु देवी और तार किशोर प्रसाद शामिल हैं। इनके अलावा बिहार सरकार में आबकारी मंत्री सुनील कुमार तथा भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बिहार में कोरोना का तांडव जारी है। प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री रेणु देवी और तारकिशोर प्रसाद समेत नीतीश कैबिनेट के पांच मंत्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। दरअसल, सीएम नीतीश के साथ कैबिनेट बैठक से पहले अब सभी मंत्रियों को कोरोना जांच कराने को कहा गया था। यह संख्या बढ़ सकती है। क्योंकि, कईयों की रिपोर्ट आना अभी बाकी है। 


सुखदेव सिंह ढींडसा

तीनों कृषि कानूनों की वापसी के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पंजाब में एक रैली होनी है। इस रैली से ठीक पहले शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के नेता सुखदेव सिंह ढींडसा भी कोरोना संक्रमित पाए गए। सुखदेव सिंह ढींडसा को आज प्रधानमंत्री मोदी के साथ मंच साझा करना था। लेकिन, रैली में जाने से ठीक पहले उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 


प्रियंका गांधी ने खुद को किया आइसोलेट

इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। प्रियंका गांधी के परिवार के एक सदस्य और उनका एक स्टाफ कोरोना संक्रमित पाया गया था। जिसके बाद एहतियातन प्रियंका गांधी ने खुद को आइसोलेट कर लिया। हालांकि, उनका कोविड टेस्ट नेगेटिव आया है। डॉक्टर की सलाह के बाद वो आइसोलेट हो गई हैं।


अरविंद केजरीवाल भी संक्रमित 

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी हाल ही में कोरोना संक्रमित पाए गए। इस बारे में उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी थी। उन्होंने बताया, कि, 'मैं कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया हूं. मामूली लक्षण हैं। होम आइसोलेशन में रह रहा हूं। पिछले कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आए लोग, कृपया खुद को दूसरों से दूर रखें और जांच कराएं।'


बीजेपी सांसद मनोज तिवारी भी 

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। इस बात की जानकारी उन्होंने भी ट्वीट के जरिए ही दी। ट्वीट में उन्होंने लिखा, 2 जनवरी की रात से ही अस्वस्थ महसूस कर रहा था। हल्का बुखार और जुकाम होने के कारण कल उत्तराखंड-रुद्रपुर प्रचार में भी नहीं जा पाया। टेस्ट में आज पॉजिटिव आया हूं। सतर्कता बरतते हुए अपने आप को कल ही आइसोलेट कर लिया था। कृपया अपना और अपने परिवार का ध्यान रखें।'


जीतन राम मांझी भी पॉजिटिव 

इसी क्रम में एक एक नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी का भी है। मांझी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उनके साथ उनकी पत्नी शांति देवी, बेटी पुष्पा माझी और बहू दीपा मांझी के साथ परिवार से जुड़े 18 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। फिलहाल सभी होम आइसोलेट हैं। 


टी.एस. सिंह देव को भी कोरोना 

छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार के स्वास्थ्य मंत्री टी.एस.सिंह देव के भी कोरोना संक्रमित होने की खबर आ रही है। उन्होंने ट्वीट के जरिए यह जानकारी दी। लिखा, 'कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखने पर रायपुर में मैंने अपनी कोविड जांच करवाई। मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अभी मेरी तबीयत ठीक है। चिकित्सकों के निर्देशानुसार मैं होम आइसोलेशन में रहकर उपचार ले रहा हूं।'


महेंद्र नाथ पांडेय अस्पताल में भर्ती

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय भी हाल ही में कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। गौरतलब है कि उन्हें दो-तीन दिनों से बुखार, सर्दी, खांसी, गला खराब और सीने में दर्द की शिकायत थी। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 


डिंपल यादव की रिपोर्ट भी पॉजिटिव 

इसके अलावा समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और पूर्व सांसद डिंपल यादव की भी हाल ही में कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। यह जानकारी डिंपल यादव ने खुद ट्वीट कर दी थी। उनकी बेटी भी कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। इसके बाद अखिलेश यादव की भी जांच की गई थी, लेकिन वो नेगेटिव आई। डिंपल ने उनके संपर्क में आए लोगों से भी कोरोना टेस्ट कराने का अनुरोध किया था। 


रेवंत रेड्डी ने ट्वीट कर दी जानकारी 

इस तरह दक्षिणी राज्य तेलंगाना के कांग्रेस अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने भी ट्वीट कर अपने बारे में जानकारी दी। उन्होंने लिखा, 'मुझे कुछ हल्के लक्षण दिखाई दे रहे थे। जिसके बाद मैंने अपनी जांच कराई। मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जो लोग कुछ दिनों पहले मेरे संपर्क में आए थे, वो सावधानी रखें।'

उद्धव ठाकरे सरकार के 10 मंत्री कोरोना संक्रमित  

इसके अलावा महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार के भी 10 मंत्री और 20 विधायक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें बालासाहेब थोराट, वर्षा गायकवाड, यशोमती ठाकुर,  प्राजक्त तनपुरे आदि शामिल हैं। 

Tags:    

Similar News