राफेल डील को लेकर फिर जोश में आई कांग्रेस, केंद्र सरकार से दागे कई सवाल

राफेल डील में कथित भ्रष्टाचार की बात को लेकर शुरू ही जांच से कांग्रेस पार्टी एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमलावर हो गई है।

Published By :  Raghvendra Prasad Mishra
Update: 2021-07-04 09:36 GMT

लड़ाकू विमान राफेल (फाइल फोटो: सोशल मीडिया)

नई दिल्ली: फ्रांस में राफेल डील में कथित भ्रष्टाचार की बात को लेकर शुरू ही जांच से कांग्रेस पार्टी एक बार फिर केंद्र सरकार पर हमलावर हो गई है। आगामी समय में कुछ राज्यों में विधानसभा के चुनाव होने हैं, ऐसे में कांग्रेस एकबार फिर राफेल मुद्दा गरमाने में लग गई है। बता दें कि फ्रांस सरकार ने राफेल डील में कथित जांच के लिए जज की नियुक्ति की है। फ्रांस सरकार के इस आदेश के बाद से सियासी पारा चढ़ने लगा है। कांग्रेस पार्टी एक के बाद एक सवाल दाग कर मोदी सरकार को घेरने में लग गई है।

कांग्रेस ने मोदी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि केंद्र सरकार के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा की बात सिर्फ एक नारा बनकर रह गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि दाढ़ी में एक नहीं, कई तिनके हैं। ज्ञात हो कि कांग्रेस पार्टी भारतीय वायु सेना के लिए राफेल जेट खरीदने के लिए फ्रांसीसी निर्माता कंपनी डसॉल्ट एविएशन के साथ सौदे के खिलाफ शुरू से रही है। इसका लेकर वह सरकार की कड़ी आलोचना करती आई है। इसी कड़ी में रविवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा ने प्रेस कांफ्रेंस करके मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से केंद्र में चाहे जिसकी भी सरकार रही हो सभी ने राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे को सबसे अहम माना। सभी ने इसका राजनीतिकरण करने से परहेज किया। मोदी सरकार ने भी कहा था कि राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है इसके साथ कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए। लेकिन जब बात अपने उद्योगपति मित्र की जेब भरने की आती है तो सारी बातें गौढ़ हो जाती हैं। उनके उद्योगपति मित्र के सामने राष्ट्रीय सुरक्षा की बात सिर्फ नारा बनकर रह जाती है। पवन खेड़ा ने कहा कि फ्रांस में राफेल डील को लेकर जांच शुरू हुए 24 घंटे से ज्यादा का वक्त हो चुका है। ऐसे में सभी की निगाहें दिल्ली की तरफ टिकी हुई है। बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तरफ से लोकसभा चुनाव के दौरान राफेल डील को मुद्दा बनाया गया था, लेकिन इस डील में किसी तरह का भ्रष्टाचार हुआ है, जनता को इसका विश्वास दिला पाने में नाकामयाब साबित हुए।

Tags:    

Similar News