Telangana News: तेलंगाना में भाजपा अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर विवाद बढ़ा,नड्डा का राज्य सरकार पर हमला, रिहाई के लिए बढ़ाया दबाव

Telangana News: तेलंगाना के भाजपा अध्यक्ष बी संजय कुमार की गिरफ्तारी के बाद भाजपा ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने केसीआर सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Published By :  Shashi kant gautam
Update: 2022-01-04 12:16 GMT

Telangana News: तेलंगाना के भाजपा अध्यक्ष बी संजय कुमार (Telangana BJP President B Sanjay Kumar) की गिरफ्तारी के बाद भाजपा (BJP) ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा ने राज्य सरकार पर तानाशाही पूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कुमार की जल्दी रिहाई की मांग की है।

हालांकि कुमार की रिहाई की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है क्योंकि उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। भाजपा ने कुमार की गिरफ्तारी के मुद्दे पर तीखे तेवर अपना लिए हैं और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (Jagat Prakash Nadda) भी विरोध जताने के लिए आज हैदराबाद पहुंच रहे हैं। कुमार की गिरफ्तारी के विरोध में भाजपा की ओर से आज कैंडल मार्च का आयोजन किया गया है और नड्डा भी इस मार्च में हिस्सा लेंगे। इस मार्च के जरिए राज्य सरकार पर कुमार की रिहाई के लिए दबाव बनाने की तैयारी है।

नड्डा का केसीआर सरकार पर हमला (Nadda's attack on KCR government)

नड्डा ने कुमार को गिरफ्तार किए जाने के राज्य सरकार के कदम का तीखा विरोध किया है। उन्होंने कहा कि कुमार को बिना किसी के अपराध के गिरफ्तार किया गया है। वे कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अपने कार्यालय में शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने कार्यालय में जबरन घुसकर उनके साथ मारपीट की है।

उन्होंने इस गिरफ्तारी के लिए केसीआर सरकार ( KCR government) पर हमला बोलते हुए कहा कि हाल के उपचुनावों में भाजपा को मिली जीत के बाद राज्य सरकार बौखला गई है। भाजपा को राज्य के लोगों का लगातार समर्थन मिल रहा है और यह बात मुख्यमंत्री केसीआर को नागवार गुजरी है। इसी नाराजगी के चलते कुमार को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी पुलिस कार्रवाई और इस गिरफ्तारी का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।

पार्टी की प्रदेश इकाई के नेताओं का कहना है कि कुमार की गिरफ्तारी के खिलाफ आज बड़ा कैंडल मार्च निकाला जाएगा जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा भी हिस्सा लेंगे। राज्य इकाई ने इस गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए कहा कि यह कैंडल मार्च सिकंदराबाद में महात्मा गांधी स्मारक से निकाला जाएगा और पैराडाइज रोड पर जाकर समाप्त होगा।

Photo - Social Media

केंद्रीय मंत्री ने भी उठाए सवाल

केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने भी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि संजय कुमार की गिरफ्तारी का कोई कारण नहीं है। उन्होंने पार्टी के प्रदर्शन के दौरान कोविड-19 नियमों का कोई उल्लंघन नहीं किया है। राज्य के शिक्षक विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं और संजय कुमार ने प्रदर्शन के जरिए उनकी मांग उठाने का प्रयास किया था।

राज्य सरकार ने शिक्षकों की समस्याएं सुलझाने की जगह संजय कुमार को ही गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की केसीआर सरकार जनविरोधी नीतियों पर चल रही है और चुनाव के दौरान उसे अपने फैसलों के कारण खामियाजा भुगतना पड़ेगा। राज्य के लोग सरकार की ओर से किए जा रहे कामों को बारीकी से परख रहे हैं और चुनाव में मुख्यमंत्री को सबक सिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

करीमनगर में हुई थी गिरफ्तारी

तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष संजय कुमार ने राज्य के शिक्षकों की मांग को लेकर रविवार को करीमनगर में प्रदर्शन किया था। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। भाजपा अध्यक्ष पर कोविड नियमों के उल्लंघन का आरोप (Alleged violation of covid rules) लगाया गया है। अदालत ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब संजय कुमार की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा ने हमलावर रवैया अपना लिया है और सियासी घमासान काफी तेज हो गया है।

Tags:    

Similar News