BJP नेता रमन सिंह पर भी ट्विटर ने लगाया मैनिपुलेटेड मीडिया का ठप्पा, जानें वजह

Toolkit-Twitter Controversy: ट्विटर ने पात्रा के बाद अब रमन सिंह के ट्वीट पर मैनिपुलेटेड मीडिया का फ्लैग लगा दिया है।

Newstrack :  Network
Published By :  Shreya
Update: 2021-05-26 05:54 GMT

BJP नेता रमन सिंह (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

Toolkit-Twitter Controversy: टूलकिल-ट्विटर विवाद में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा (Sambit Patra) के बाद अब माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह (Raman Singh) के ट्वीट को भी मैनिपुलेटेड मीडिया लिखकर फ्लैग कर दिया है। इस मामले में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर रमन सिंह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधा है।

आपको बता दें कि बीते दिन ही रमन सिंह ने ट्विटर पर सवाल खड़ा किया था कि आखिर वो दिल्ली पुलिस के नोटिस का जवाब क्यों नहीं दे रहा है। रमन सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि Toolkit Case में जब Twitter के पास कार्यवाई करने के पर्याप्त सबूत हैं तो फिर दिल्ली पुलिस को जवाब देने में उसकी सांसे क्यों फूल रही हैं। नोटिस मिलते ही ट्विटर के संबंधित अधिकारी गायब हो गए, अब इनकी पैरवी करने वाले Rahul Gandhi और Bhupesh Baghel बताएंगे ये सब कहां छिपे हैं?

भूपेश बघेल ने कसा तंज

अब ट्विटर की इस कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट करते हुए लिखा कि Twitter ने डॉ रमन सिंह के कथित टूलकिट को भी Manipulated Media बता दिया है। साँच को आँच नहीं! हजार बार झूठ बोलने से झूठ सच हो जाता है ऐसी संघ दीक्षा अब काम न आएगी।

इससे पहले संबित पात्रा पर लगा था ठप्पा

आपको बता दें कि इससे पहले ट्विटर ने बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के ट्वीट को भी इसी तरह फ्लैग किया था, जिसके बाद बड़ा बवाल हुआ था। इसके बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आई और उसने ट्विटर के ऑफिस पहुंकर उसे नोटिस थमा दिया।

टूलकिट विवाद को लेकर भाजपा-कांग्रेस आमने सामने

बता दें कि टूलकिट विवाद को लेकर भाजपा और कांग्रेस आमने सामने हैं। दोनों ही पार्टियों के नेता एक दूसरे पर हमलावर नजर आ रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि संबित पात्रा और रमन सिंह ने गलत टूलकिट ट्वीट कर कांग्रेस को बदनाम करने की कोशिश की है। लेकिन ये मामले ट्विटर द्वारा पात्रा के ट्वीट को मैनिपुलेटेड मीडिया बताने के बाद और उलझ गया।

पात्रा और रमन सिंह के खिलाफ केस दर्ज

बता दें कि इससे पहले 'कांग्रेस टूलकिट' मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रमन सिंह व बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा के खिलाफ केस दर्ज किया था। इस मामले में कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने रमन सिंह और संबित पात्रा के खिलाफ रायपुर के सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज कराया था।

क्या पात्रा के ट्वीट पर लगा मैनिपुलेटेड मीडिया का फ्लैग

आपको बता दें कि संबित पात्रा ने 18 मई को एक ट्वीट किया था, जिसमें लिखा था कि कांग्रेस द्वारा एक टूलकिट तैयार किया गया है, जिसके जरिए बुद्धिजीवी केंद्र सरकार के खिलाफ माहौल बना रहे हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस की एक पीआर एक्सरसाइज बताया है। इस ट्वीट में संबित पात्रा ने एक पत्र भी शेयर किया था, जिसमे कांग्रेस पार्टी का लेटरहैड था। पत्र में जानकारी दी गई थी कि किस तरह ट्वीट साझा करना है।

संबित पात्रा ने एक अन्य ट्वीट में दावा किया था कि कांग्रेस एक टूलकिट के जरिए कोरोना संकट के बीच प्रधानमंत्री मोदी की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में ट्विटर ने एक्शन लेते हुए उस ट्वीट को तथ्यात्मक रूप से गलत बताया।

क्यों लगाया जाता है ये लेबल?

आपको बता दें कि अगर कोई व्यक्ति किसी तरह की जानकारी ट्विटर पर शेयर करता है और उसका सोर्स सटीक नहीं है और उस पोस्ट में उपलब्ध जानकारी गलत है तो ट्विटर की पॉलिसी के मुताबिक, उस ट्वीट पर इस तरह का लेबल लगा दिया जाता है। यह लेबल वीडियो, ट्वीट, फोटो या अन्य किसी भी कंटेंट पर लगाया जा सकता है।

Tags:    

Similar News