सेना भर्ती में फर्जी डॉक्यूमेंट तैयार करने वाले चार सदस्य गिरफ्तार

Update: 2018-10-14 10:42 GMT

सहारनपुर: सहारनपुर में चल रही सेना भर्ती की प्रक्रिया अभी पूरी तरह से पूरी भी नहीं हो पाई थी कि सेना में भर्ती के लिए आने वाले युवाओं को पक्की नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह पूरी तरह से सक्रिय हो गए हैं। थाना जनकपुरी पुलिस ने रविवार को चार ऐसे लोगों को पकड़ा है, जो भर्ती स्थल के आसपास रहकर यहां भर्ती में आने वाले युवाओं को सेना में पक्की नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करते थे। इनके पास से सेना भर्ती के फर्जी कागजात बरामद हुए हैं।

 

ये है मामला

 

ज्ञात हो कि सहारनपुर में पिछले एक सप्ताह से सेना में भर्ती चल रही है। भर्ती के अंतिम दिन सहारनपुर जनपद के युवाओं की चयन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। उधर, इसी का फायदा उठाते हुए कुछ लोग पिछले कई दिनों से यहां रुके हुए थे और सेना भर्ती के फर्जी डेक्यूमेंट तैयार कर रहे थे। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना जनकपुरी पुलिस और अभिसूचना इकाई को जानकारी मिली थी कि देहरादून रोड स्थित भर्ती स्थल के पास कुछ ऐसे लोग ठहरे हुए हैं, जो सेना में भर्ती के नाम पर युवाओं से ठगी करते हैं। जानकारी मिलने के बाद चलाए गए सर्च आपरेशन के दौरान एक मकान से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह चारों सुरजीत उर्फ बोबी पुत्र वीरेन्द्र निवासी ग्राम काहरी कादिरपुर थाना पिंसावा (अलीगढ), राहुल पुत्र हरीशंकर निवासी ग्राम जवां थाना जहागींरपुर (बुलन्दशहर), रजत पुत्र विनोद निवासी मुरादखेडी थाना नकुड़ (सहारनपुर) तथा रामनिवास पुत्र छोटेलाल निवासी ग्राम हबीबपुर थाना महावन (मथुरा) है। इनके पास से 01 लैपटॉप 01 प्रिंटर, 2 फर्ज़ी अंक तालिका, 2 आधार कार्ड , 1 मोहर/पैड प्रवेश पत्र, 1 मूल निवास प्रमाण-पत्र व एक वोटर आईडी के साथ साथ सेना में भर्ती के फर्जी डेक्यूमेंट भी बरामद हुए हैं। इनका एक साथी आकाश फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

 

Tags:    

Similar News