शर्मनाक: अब वृद्धाश्रम में रेप, प्रबंधक पर लगा आरोप

Update: 2018-08-24 08:49 GMT

गोरखपुर: देवरिया के बालिका गृह मामले की पड़ताल अभी चल ही रही है कि इसी बीच गोरखपुर में समाज कल्‍याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धा आश्रम में रेप का शर्मनाक मामला सामने आया है। आश्रम में खाना बनाने वाली किशोरी ने आश्रम के प्रबन्धक पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी मैनेजर को गिरफ्तार कर आगे की कारवाई शुरू कर दी है।

दस दिनों तक बनाए रखा बंधक

जिले के चिलवाताल थाना अंतर्गत स्थित वृद्धा आश्रम की रसोइया ने आश्रम के प्रबंधक पर ही डरा धमकाकर रेप करने का आरोप लगाया है। इसका नाम अनुराग पांडेय है। दरअसल आश्रम में खाना बनाने वाली किशोरी ने गुरूवार को देर रात चिलवाताल थाने पर जाकर पुलिस को सुचना दी कि उसके साथ मोहरीपुर इलाके में जिला समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धा आश्रम के प्रबंधक ने 13 अगस्त को रेप किया और किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं उसे रेप के बाद दस दिनों तक बंधक भी बनाए रखा।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस के होश उड़ गए। आनन फानन में आश्रम पुलिस आश्रम पहुंची। पुलिस ने आरोपी प्रबंधक पर मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया और जांच में जुट गई।

स्‍थानीयों में आक्रोश

वहीं घटना संज्ञान में आने के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई। लोग आश्रम के बाहर जुटने लगे। आश्रम में रहने वाली एक वृद्ध महिला और स्थानीय लोगों ने आश्रम के मैनेजर के चरित्र पर सवाल खड़ा किया।

स्‍थानीय लोगों का कहना है कि फिलहाल पुलिस ने भले ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हो, लेकिन जिस तरह से आश्रम, बालिका गृह सहित अन्य जगहों पर महिलाओं से उत्पीड़न की घटनाएं बढ़ी हैं, वह महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

जांच में जुटी पुलिस

एसएसपी गोरखपुर शलभ माथुर ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच की जा रही है। किशोरी को मेडिकल कॉलेज में परीक्षण के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Tags:    

Similar News