UP Election 2022: दूसरे चरण में इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा लगी दांव पर, 9 जिलों की 55 सीटों पर मतदान

UP Election 2022: 14 फरवरी को यूपी में दूसरे चरण का मतदान होने वाला है। जिसमें 9 जिलों की 55 विधानसभा सीटों पर कई दिग्गजों की किस्मत का फैसला होगा।

Published By :  Shreya
Update:2022-02-13 19:32 IST

यूपी चुनाव (फोटो- न्यूजट्रैक) 

UP Election 2022: यूपी में दूसरे चरण के लिए कल (14 फरवरी) को मतदान (UP Second Phase Voting) होगा। इसमें 9 जिलों की 55 विधानसभा सीटें हैं जिसमें कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है, जिसमें योगी सरकार (Yogi Government) में कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना (Suresh Kumar Khanna), मंत्री गुलाबो देवी (Gulabo Devi), बलदेव सिंह औलख (Baldev Singh Aulakh), धर्मपाल सिंह सैनी (Dharampal Singh Saini) शामिल हैं। 

सपा की बात करें तो जेल में बंद रामपुर (Rampur) से सांसद आजम खां (Azam Khan) उनके बेटे अब्दुल्ला आजम (Abdullah Azam Khan), बीजेपी से सपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री धर्म सिंह सैनी (Dharam Singh Saini), कमाल अख्तर (Kamal Akhtar), महबूब अली (Mehboob Ali) जैसे बड़े नाम शामिल हैं।

दूसरे चरण की 55 विधानसभा सीटों पर 586 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 2 करोड़ मतदाता करेंगे। दूसरे चरण में जिन जिलों में वोटिंग होनी है उसमें अमरोहा, बरेली, बिजनौर, बदायूं, मुरादाबाद, रामपुर, सहारनपुर, संभल और शाहजहांपुर शामिल है। अगर सबसे अधिक प्रत्याशियों की बात करें तो बरेली कैंट, कांठ, शाहजहांपुर में 15-15 उम्मीदवार मैदान में हैं। इन 55 विधानसभा में 8 सीटें आरक्षित श्रेणी की है 2017 में इसमें भारतीय जनता पार्टी ने 7 पर जीत हासिल की थी। तो चलिए सबसे पहले बात शाहजहांपुर से विधायक और योगी सरकार में कद्दावर मंत्री रहे सुरेश खन्ना की करते हैं। 

(फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

सुरेश खन्ना की प्रतिष्ठा दांव पर

दूसरे चरण में जिन 9 जिलों में कल सोमवार को वोटिंग होनी है, उसमें शाहजहांपुर जिला भी शामिल है। शाहजहांपुर सदर सीट से संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना मैदान में हैं, वहीं समाजवादी पार्टी गठबंधन की ओर से तनवीर खान जबकि मायावती ने सर्वेश चंद को अपना प्रत्याशी बनाया है। 2017 की बात करें तो सुरेश खन्ना ने समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार को 16 हजार से ज्यादा मतों से हराया था। 

(फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

रामपुर से आज़म खान

वहीं दूसरे चरण की सबसे हॉट सीट में रामपुर सदर पर सबकी निगाहें हैं, आज़म खान रामपुर से सांसद हैं।आजम खान भले ही सीतापुर की जेल में बंद हों लेकिन अखिलेश ने उन्हें मैदान में उतारा है। आजम के साथ उनके बेटे अब्दुल्ला आजम भी मैदान में हैं। यहां पर अखिलेश ने बड़ा दांव चलकर पिता-पुत्र को टिकट देकर जहां मुस्लिम मतदाताओं को रिझाने की कोशिश की है वहीं आजम के प्रति रामपुर के लोगों में जो संवेदना है उसका भी लाभ उठाने का प्रयास किया है। 

बलदेव सिंह औलख (फाइल फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

मंत्री बलदेव सिंह औलख

योगी कैबिनेट में एक और मंत्री बलदेव सिंह औलख रामपुर की बिलासपुर सीट से मैदान में हैं। उनकी भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है क्योंकि सपा ने उनके खिलाफ अमरजीत सिंह तो बसपा ने रामअवतार कश्यप को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने संजय कपूर पर भरोसा किया है, उन्होंने 2017 में कांग्रेस के प्रत्याशी को हराकर चुनाव जीता था। 

गुलाबो देवी (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

मंत्री गुलाबो देवी

योगी सरकार में राज्य मंत्री गुलाबो देवी एक बार फिर संभल की चंदौसी सीट से प्रत्याशी हैं। उनके खिलाफ सपा से विमलेश, कांग्रेस से मिथिलेश तो बसपा ने रणविजय सिंह पर दांव लगाया है।

मंत्री धर्मपाल सिंह सैनी

योगी सरकार में सिंचाई मंत्री धर्मपाल सिंह सैनी को बीजेपी ने आंवला सीट से अपना प्रत्याशी घोषित किया है। सैनी के खिलाफ सपा ने राधा कृष्ण शर्मा, बसपा ने लक्ष्मण प्रसाद तो कांग्रेस ने ओमवीर यादव को उतारा है. आंवला सीट से धर्मपाल सैनी 1996, 2002, 2012 और 2017 में विधायक बन चुके हैं। 2022 में एक बार फिर बीजेपी ने उन पर भरोसा जताया है। 

धर्म सिंह सैनी (फोटो साभार- सोशल मीडिया) 

बीजेपी से सपा में आये धर्म सिंह सैनी की चुनौती?

2017 में बीजेपी के टिकट पर जीत कर आए धर्म सिंह सैनी योगी सरकार में 5 साल तक कैबिनेट मंत्री रहे। चुनाव की घोषणा के ऐन वक्त पहले उन्होंने पाला बदलते हुए समाजवादी पार्टी की साइकिल पर सवार हो लिया। दूसरे चरण में उनकी भी प्रतिष्ठा दांव पर लगी है, धर्म सिंह सैनी सहारनपुर की नकुड़ सीट से सपा के उम्मीदवार हैं तो वहीं भाजपा ने उनके खिलाफ मुकेश चौधरी को मैदान में उतार दिया है। डॉक्टर धर्म सिंह सैनी स्वामी प्रसाद मौर्य गुट के नेता माने जाते हैं। उनके पार्टी छोड़ने के बाद वह भी सपा में आ गए थे।

पूर्व मंत्री महबूब अली

वहीं अमरोहा सीट से पूर्व मंत्री महबूब अली को सपा ने टिकट दिया है इस सीट पर उनको भाजपा के रामसिंह सैनी और बसपा के नावेद चुनौती दे रहे हैं।

बरेली कैंट से सुप्रिया ऐरन मैदान में

दूसरे चरण में बरेली कैंट भी सबसे हॉट सीट में शामिल है, यहां से कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हुई सुप्रिया ऐरन को अखिलेश यादव ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है। बीजेपी ने संजीव अग्रवाल को मैदान में उतारा है तो बहुजन समाज पार्टी ने अनिल कुमार बाल्मीकि को टिकट दिया है। 2017 के नतीजों की बात करें तो बीजेपी उम्मीदवार राजेश अग्रवाल को 88441 वोट हासिल हुए थे वहीं मुजाहिद हसन खान को 75 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। सुप्रिया ऐरन कांग्रेस में रहे पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन की पत्नी हैं।

दोस्तों देश और दुनिया की खबरों को तेजी से जानने के लिए बने रहें न्यूजट्रैक के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलो करने के लिए @newstrack और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @newstrackmedia पर क्लिक करें। 

Tags:    

Similar News