BJP Manifesto For Gujarat: बीजेपी आज जारी करेगी घोषणापत्र, हो सकते हैं कई बड़े वादे

BJP Manifesto 2022 For Gujarat : गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए आज, शनिवार (25 नवंबर) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपना घोषणा पत्र जारी करने जा रही है।

Written By :  aman
Update: 2022-11-26 00:33 GMT

प्रतीकात्मक चित्र (Social Media)

BJP Manifesto 2022 For Gujarat : गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए आज, शनिवार (25 नवंबर) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपना घोषणा पत्र जारी करने जा रही है। बीजेपी आगामी गुजरात विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अपने घोषणा पत्र में उन बातों को रखने का प्रयास करेगी जिसके लिए उसने सुझाव मांगे थे। गौरतलब है कि, बीते 26 सालों से राज्य की सत्ता पर बीजेपी काबिज है। इस दौरान पार्टी ने अपने सभी वादों को पूरा करने का दावा किया है। बीजेपी के घोषणापत्र पर विपक्षी पार्टी कांग्रेस और AAP की भी नजर है। 

कांग्रेस पार्टी पहले ही अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर चुकी है। जिसमें उसने कई लोकलुभावन वादे किए हैं। बीजेपी जो लगातार जनसंपर्क के माध्यम से जनता से रूबरू होती रही है, बीते दिनों जनता से सुझाव मांगी थी। बीजेपी अपना चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने के लिए लोगों से सुझाव मांग रही थी। इस संबंध में पार्टी ने 5 नवंबर को 'अग्रसर गुजरात' (गुजरात में अग्रणी) अभियान शुरू किया था। तब प्रदेश बीजेपी के एक शीर्ष अधिकारी ने मीडिया से कहा था कि, हम गुजरात के कम से कम 1 करोड़ लोगों तक पहुंचाने का लक्ष्य बना रहे हैं। हम समाज के हर वर्ग, हर तबके तक पहुंचेंगे और उनसे सुझाव लेंगे। उसी आधार पर घोषणा पत्र तैयार किया जाएगा। 

बीजेपी ने टटोली नब्ज  

पहली बार बीजेपी ने मतदाताओं तक पहुंचने के लिए हटकर प्रयास किया। महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग से टाउन हॉल का आयोजन किया। राज्य के मंत्री और केंद्रीय मंत्री समाज के सभी वर्ग के लोगों की इच्छाओं को जानने-समझने के लिए 'आकांशा पेटी' यानी 'विश बॉक्स' लेकर भी गए। बीजेपी शीर्ष नेतृत्व ने सांसद तेजस्वी सूर्या (MP Tejasvi Surya), बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा (BJP Spokesperson Sambit Patra) मीडिया प्रोफेशनल्स से मिले। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद अर्जुन मुंडा, मंत्री स्मृति ईरानी, पुरुषोत्तम रूपाला तथा अन्य नेता भी आउटरीच कार्यक्रम में रहे।

कांग्रेस के घोषणापत्र में क्या?

वहीं, राज्य में प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस लंबे समय से सत्ता से बाहर है। ऐसे में पार्टी इस बार सरकार में आने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। कांग्रेस ने अपना घोषणापत्र (Congress Manifesto 2022) 12 नवंबर को जारी कर दिया। कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में सरकार बनने पर 10 लाख नौकरियां देने सहित कई बड़े वादे किए हैं। पार्टी स्टूडेंट्स, विकलांगों और विधावाओं के लिए भी बड़े वादे किए हैं। इसमें किसानों को फ्री बिजली की भी बात कही गई है। 

कांग्रेस ने घोषणापत्र में ये किया वादा :

- 10 लाख नौकरियों के वादे 

- किसानों को 10 घंटे बिजली मुफ्त दी जाएगी। 

- बेरोजगारों को भत्ता दिया जाएगा।

- भ्रष्टाचार से निपटने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए जाएंगे। 

- गुजरात के बच्चों के लिए मिलिट्री एकेडमी बनाई जाएगी।

- 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली मिलेगी 

- एलपीजी सिलेंडर महज 500 रुपए में दिए जाएंगे। 

- शिक्षा और स्वास्थ्य का व्यवसायीकरण पूरी तरह बंद किया जाएगा। 

- गुजरात के हर व्यक्ति को 10 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। 

- विकलांग, विधवा तथा जरूरतमंद महिलाओं को 2000 रुपये दिए जाएंगे।

Tags:    

Similar News