Health Tips: ‘हेल्दी’ के नाम पर हो रहा खेल! ज्यादा खा रहे हैं ये चीजें तो सेहत को हो सकता है बड़ा नुकसान, आज ही जानें

Health Tips: लोग बेहतर स्वास्थ्य की उम्मीद में इन चीजों को अपनी डेली डाइट में शामिल कर रहे हैं, लेकिन क्या ये वाकई उतने हेल्दी हैं, जितना कि अक्सर दावा किया जाता है?

Update:2026-05-07 07:00 IST

Health Tips

Health Tips: आजकल तेजी से बदल रही लाइफस्टाइल और फिटनेस के बढ़ते ट्रेंड के बीच लोग अपनी डाइट को लेकर पहले से बहुत ज्यादा जागरूक हो गए हैं। बाजार में “हेल्दी”, “लो फैट”, “शुगर फ्री” और “डायट फ्रेंडली” जैसे टैग वाले प्रोडक्ट्स की भरमार है। लोग बेहतर स्वास्थ्य की उम्मीद में इन चीजों को अपनी डेली डाइट में शामिल कर रहे हैं, लेकिन क्या ये वाकई उतने हेल्दी हैं, जितना कि अक्सर दावा किया जाता है? तमाम एक्सपर्ट्स का ऐसा कहना है कि कई बार ये दावे भ्रामक हो सकते हैं और लंबे वक़्त में सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

ये लापरवाही भूलकर भी न करें

दरअसल, पैकेज्ड फूड इंडस्ट्री में कई ऐसे प्रोडक्ट्स होते हैं जिनमें छिपी हुई शुगर, अधिक नमक, अनहेल्दी फैट और प्रिजर्वेटिव्स शामिल होते हैं। लोग अक्सर बिना न्यूट्रिशन लेबल पढ़े केवल पैकेजिंग देखकर इन्हें खरीद लेते हैं। यही लापरवाही बाद में मोटापा, डायबिटीज और दिल की बीमारियों का सबसे बड़ा कारण बन सकता है।

क्या कहना है स्वास्थ्य विशेषज्ञों का ?

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, फ्लेवर्ड योगर्ट, पैकेज्ड फ्रूट जूस, एनर्जी बार और डायट स्नैक्स जैसे प्रोडक्ट्स को हेल्दी बताकर बेचा जाता है, लेकिन इनमें शुगर और रिफाइंड कार्ब्स की मात्रा काफी अधिक हो सकता है। विशेषकर पैकेज्ड जूस में प्राकृतिक फाइबर की कमी होती है और शुगर का स्तर ज्यादा होता है, जो ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ा सकता है।

इसी तरह, इंस्टेंट ओट्स को भी हेल्दी विकल्प माना जाता है, लेकिन कई ब्रांड्स में इसमें अतिरिक्त शुगर और फ्लेवर मिलाए जाते हैं। कुछ मामलों में इसमें 20 से 30 प्रतिशत तक शुगर पाई गई है। ऐसे में यह शरीर में अचानक शुगर स्पाइक का कारण बन सकता है, जिससे डायबिटीज और वजन बढ़ने का खतरा रहता है।

शुगर फ्री लिखे प्रोडक्ट्स भी सुरक्षित नहीं

लो फैट या शुगर फ्री लिखे प्रोडक्ट्स भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं होते। स्वाद बनाए रखने के लिए इनमें आर्टिफिशियल स्वीटनर्स, अधिक नमक या केमिकल्स मिलाए जाते हैं, जो हर व्यक्ति के लिए सही नहीं होते। लंबे वक़्त तक इनका सेवन शरीर पर नकारात्मक रूप से बड़ा प्रभाव डाल सकता है।

ऐसे में आवश्यक है कि उपभोक्ता किसी भी प्रोडक्ट को खरीदने से पहले उसका न्यूट्रिशन लेबल ध्यान से पढ़ें। इसमें मौजूद शुगर, सोडियम, फैट और कैलोरी की मात्रा पर खास ध्यान देना चाहिए। साथ ही, इंग्रीडिएंट्स की लिस्ट देखकर यह समझना बेहद अहम है कि प्रोडक्ट कितना प्रोसेस्ड है।

एक्सपर्ट्स यह भी सलाह देते हैं कि सिर्फ “हेल्दी” या “डायट” जैसे शब्दों पर विश्वास करने के बजाय पूरी जानकारी लेकर ही फैसला लें। एक्सपायरी डेट, प्रिजर्वेटिव्स और एडिटिव्स की जानकारी भी अवश्य जांचें।

घर का खाना ही ज्यादा बेहतर

वहीं, घर का बना खाना हमेशा एक बेहतर विकल्प माना जाता है। इसमें न सिर्फ ताजगी होती है, बल्कि आप अपनी आवश्यकता के अनुसार नमक, शुगर और तेल की मात्रा को नियंत्रित कर सकते हैं। घर के खाने में कम प्रिजर्वेटिव्स होते हैं, जिससे यह लंबे समय तक सेहत के लिए बेहद लाभकारी रहता है।

ऐसे में कहा जा सकता है कि हेल्दी रहने के लिए केवल ट्रेंड फॉलो करना ही काफी नहीं है, बल्कि सही जानकारी और समझदारी भी बेहद आवश्यक है। यदि आप भी “हेल्दी” के नाम पर कुछ भी खा रहे हैं, तो अब समय है सतर्क होने का और अपनी डाइट को सच में संतुलित बनाने का।

Tags:    

Similar News