2 हफ्ते से ज्यादा खांसी है तो न करें नजरअंदाज, इस खतरनाक बीमारी का हो सकता है संकेत, जानें बचने के उपाय

Tuberculosis Symptoms: लगातार खांसी और वजन कम होना टीबी के संकेत हो सकते हैं। एनएचएम ने चेताया कि शरीर में ऐसे लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराएं और समय पर इसका इलाज बेहद जरूरी है।

Update:2026-05-04 18:30 IST

Tuberculosis Symptoms

Tuberculosis Symptoms: हल्के लक्षणों को नजरअंदाज करना कई बार गंभीर बीमारियों को न्योता दे सकता है। खासकर लगातार खांसी को साधारण समस्या समझकर टालना खतरनाक साबित हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि दो हफ्ते से अधिक समय तक चलने वाली खांसी क्षय रोग का संकेत हो सकती है, जिसे समय रहते पहचानना बेहद जरूरी है।

एनएचएम की चेतावनी: लक्षणों को न करें नजरअंदाज

नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा है कि लगातार खांसी या बिना कारण वजन घटना जैसे लक्षणों को हल्के में नहीं लेना चाहिए। ये टीबी के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। यह एक संक्रामक बीमारी है, जो बैक्टीरिया के कारण फैलती है और समय पर इलाज न मिलने पर जानलेवा बन सकती है।

टीबी के प्रमुख लक्षण

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, कुछ लक्षण ऐसे हैं जिन पर तुरंत ध्यान देना चाहिए:

दो हफ्ते से ज्यादा समय तक लगातार खांसी

खांसी के साथ खून आना (हेमोप्टिसिस)

सीने में दर्द

बिना कारण तेजी से वजन घटना

भूख कम लगना

शाम के समय बुखार आना

रात में ज्यादा पसीना आना

लगातार थकान महसूस होना

गर्दन में सूजन

अगर इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क कर जांच करानी चाहिए।

कैसे फैलती है टीबी?

टीबी हवा के जरिए फैलने वाली बीमारी है। जब संक्रमित व्यक्ति खांसता, छींकता या बोलता है, तो उसके शरीर से बैक्टीरिया हवा में फैल जाते हैं और दूसरे लोगों को संक्रमित कर सकते हैं। इसलिए लक्षण दिखने पर खुद को दूसरों से अलग रखना और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

समय पर इलाज से संभव है पूरी तरह ठीक होना

टीबी का इलाज संभव है, बशर्ते समय पर इसकी पहचान हो जाए और नियमित रूप से दवाएं ली जाएं। सरकार द्वारा मुफ्त जांच और इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। मरीजों को सलाह दी जाती है कि वे नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या टीबी क्लिनिक में जाकर जांच करवाएं और पूरा इलाज लें।

बचाव ही सबसे बड़ा उपाय

टीबी से बचने के लिए कुछ आसान सावधानियां अपनाई जा सकती हैं। साफ-सफाई का ध्यान रखें, पौष्टिक आहार लें और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क का उपयोग करें। साथ ही, अगर कोई लक्षण दिखाई दे तो तुरंत जांच कराएं।

Tags:    

Similar News