चमोली हिमस्खलनः भीषण हिमस्खलन में अब तक सात मजदूरों की मौत, एक का अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
Chamoli Avalanche: शुक्रवार को भारत-चीन सीमा पर स्थित सीमांत जिले चमोली के माणा के पास भीषण हिमस्खलन में कई मजदूर फंस गए जिनमें से कई लोगों को निकला दिया गया था।;
Chamoli Avalanche
Chamoli Avalanche: शुक्रवार को भारत-चीन सीमा पर स्थित सीमांत जिले चमोली के माणा के पास भीषण हिमस्खलन में अब एक मजदूर फंसा है। बचाव अभियान का आज तीसरा दिन है। अन्य सभी मजदूरों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पीआरओ डिफेंस, लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि सेना द्वारा जारी सर्च ऑपरेशन के दौरान बर्फ में दबे दो और श्रमिकों के शव बरामद किए गए हैं। शवों को माना पोस्ट लाया जा रहा है।
राज्य आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि अब तक 54 में से 53 श्रमिकों को निकाल लिया गया है, जबकि सात की मौत हो चुकी है। अभी भी एक लापता हैं, जिसकी तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि मौसम अनुकूल बना हुआ है, जिससे बचाव कार्यों में तेजी लाई जा रही है और जल्द ही लापता श्रमिकों को ढूंढ लिया जाएगा।
घायलों का एम्स में इलाज जारी
एम्स ऋषिकेश के पीआरओ संदीप सिंह के अनुसार, चार घायलों को इलाज के लिए एयरलिफ्ट किया गया है। इनमें अशोक कुमार को गंभीर रीढ़ की हड्डी की चोट आई है, और उनकी सर्जरी की जा सकती है। फिलहाल उनके पैर काम नहीं कर रहे, और मेडिकल टीम उनकी निगरानी कर रही है। वहीं, पवन कुमार को भी एयरलिफ्ट किया जाना है। अस्पताल प्रशासन घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित कर रहा है।
वहीं, पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह लगातार अपडेट ले रहे हैं। पीएम मोदी ने सीएम धामी से फोन पर बातचीत करके रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली थी। इसके साथ ही निर्देशित किया था हर संभव मदद पहुंचाई जाए।