Delhi News: दिल्ली में AAP की हार के बाद पंजाब में सियासी हलचल तेज, कांग्रेस का बड़ी टूट का दावा, केजरीवाल ने बुलाई आपात बैठक

Delhi News: कांग्रेस की ओर से पंजाब के आप विधायकों में बड़ी टूट की संभावना जताई गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा है कि पंजाब में आप विधायकों के टूटने के बाद मध्यावधि चुनाव हो सकता है।;

Written By :  Anshuman Tiwari
Update:2025-02-10 10:17 IST

Arvind Kejriwal   (PHOTO: social media )

Delhi News: दिल्ली के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की करारी हार के बाद पंजाब में सियासी हलचल तेज हो गई है। पंजाब में आप की सरकार है मगर यहां दिल्ली की हार का बड़ा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी विधायकों के दलबदल की अटकलों के बीच आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के पार्टी विधायकों और मंत्रियों को दिल्ली तलब कर लिया है।

जानकारों का कहना है कि यह बैठक 11 फरवरी को होगी। दिल्ली की हार के बाद आप नेतृत्व सतर्क हो गया है और इसी के मद्देनजर यह बैठक बुलाई गई है। हालांकि आप नेताओं ने इस बाबत चुप्पी साध रखी है। कांग्रेस की ओर से दावा किया गया है कि बड़ी संख्या में आप विधायक दूसरे दलों में जाने के लिए तैयार बैठे हैं। ऐसे में पंजाब के मंत्रियों और विधायकों की इस बैठक को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

केजरीवाल ने बुलाई विधायकों की आपात बैठक

दिल्ली के विधानसभा चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी सिर्फ 22 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब हुई है और पार्टी की सत्ता से विदाई हो गई है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने 48 सीटों पर जीत हासिल करते हुए 27 साल का वनवास खत्म करने में कामयाबी हासिल की है। दिल्ली में लगे इस बड़े झटके के बाद पंजाब की आप इकाई में भी गतिविधियां तेज हो गई हैं।

जानकारों का मानना है कि अब पंजाब में भी आप को झटका लग सकता है। पंजाब के आप विधायकों के टूटने की आशंकाओं के बीच पार्टी मुखिया केजरीवाल सक्रिय हो गए हैं। ट्रिब्यून इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब सरकार के सभी मंत्रियों और आप विधायकों की दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। यह बैठक 11 फरवरी को होने वाली है।

दो बार टली पंजाब कैबिनेट की बैठक

पार्टी विधायकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द करते हुए मंगलवार को कपूरथला हाउस में होने वाली इस बैठक में अनिवार्य रूप से हिस्सा लें। वैसे कोई भी इस बाबत खुलकर बोलने को तैयार नहीं है और यह भी साफ नहीं हो सका है कि इस बैठक का एजेंडा क्या होगा।

इस बीच पंजाब कैबिनेट की बैठक को दो बार टाला जा चुका है। पहले यह बैठक 6 फरवरी को होने वाली थी और बाद में इसे 10 फरवरी के लिए टाल दिया गया था। अब यह बैठक फिर टाल दी गई है और 13 फरवरी को पंजाब कैबिनेट की बैठक होगी।

दिल्ली की सत्ता गंवाने के बाद अब आप नेतृत्व का फोकस पंजाब में पार्टी को एकजुट बनाए रखने का है। माना जा रहा है कि इस बैठक के दौरान केजरीवाल पार्टी विधायकों को जन समस्याओं का निदान करने और एकजुट बने रहने का संदेश दे सकते हैं।

कांग्रेस ने जताई मध्यावधि चुनाव की आशंका

इस बीच कांग्रेस की ओर से पंजाब के आप विधायकों में बड़ी टूट की संभावना जताई गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा है कि पंजाब में आप विधायकों के टूटने के बाद मध्यावधि चुनाव हो सकता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की हार के बाद पंजाब के आप विधायकों में बिखराव आएगा और पंजाब को मध्यावधि चुनाव के लिए तैयार रहना चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के कम से कम 35 विधायक दलबदल करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने दिल्ली के चुनाव नतीजे के बाद पंजाब में भी भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा करने का दावा किया।

दिल्ली चुनाव में कांग्रेस और आप के बीच गठबंधन नहीं हो सका था। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ तीखा हमला बोला था। दिल्ली की दर्जन भर से अधिक सीटों पर आप को कांग्रेस के कारण हार का सामना करना पड़ा है।

Tags:    

Similar News