Prakash Raj: सनातन डेंगू जैसा, इसे खत्म करना जरूरी,एक्टर प्रकाश राज ने फिर दिया विवादित बयान,उदयनिधि का किया समर्थन

Prakash Raj: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन के बेटे और प्रमुख नेता उदय निधि स्टालिन की बातों का समर्थन करते हुए प्रकाश राज ने यह विवादित बयान दिया है।

Written By :  Anshuman Tiwari
Update: 2023-09-11 04:14 GMT

प्रकाश राज और उदयनिधि स्टालिन (सोशल मीडिया)

Prakash Raj: अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले एक्टर प्रकाश राज ने सनातन धर्म को लेकर एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने सनातन धर्म को डेंगू बीमारी की तरह बताते हुए कहा कि इसे खत्म किया जाना जरूरी है। वैसे ही यह पहला मौका नहीं है जब प्रकाश राज ने सनातन धर्म को लेकर विवादित बयान दिया है।

इससे पूर्व भी वे तनातन कहकर सनातन धर्म का मजाक उड़ा चुके हैं। चंद्रयान-3 को लेकर भी उन्होंने विवादित बयान दिया था। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन के बेटे और प्रमुख नेता उदय निधि स्टालिन की बातों का समर्थन करते हुए प्रकाश राज ने यह विवादित बयान दिया है।

सभी को धर्म का पालन करने की छूट मिले

कलबुर्गी में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फिल्म अभिनेता प्रकाश राज ने सनातन धर्म पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि श्रीराम के जुलूस में 18 साल के युवाओं के हाथों में चाकू और तलवार देखकर दुख हुआ। यह सोचकर हैरानी होती है कि आखिरकार इन युवाओं का ब्रेनवाश किसने किया होगा। उन्होंने कहा कि 8 साल के बच्चे को धर्म से जोड़ना ही सनातन धर्म है।

उन्होंने एक मुस्लिम बस कंडक्टर का मुद्दा भी उठाया जिसे एक महिला ने टोपी उतारने के लिए कहा था। उन्होंने कहा कि सवाल यह भी है कि आसपास कौन से लोग बैठे हुए थे जो यह सबकुछ होते हुए देख रहे थे। फिल्म अभिनेता ने कहा कि क्या हर कोई अपने कपड़े उतारकर बैठ सकता है? सभी को अपने धर्म का पालन करने की छूट मिलनी चाहिए। हर किसी को इस देश में रहने का हक हासिल होना चाहिए।

सनातन धर्म को बताया डेंगू जैसी बीमारी

फिल्म अभिनेता ने कहा कि सच्चाई तो यह है कि सनातन धर्म डेंगू की बीमारी के जैसा है और इसे खत्म किया जाना जरूरी है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की वजह से देश में अस्पृश्यता अवैध हो गई मगर अभी तक लोगों की मानसिकता से इसका खात्मा नहीं हुआ है। सबसे जरूरी बात तो यह है कि लोगों की मानसिकता से यह बुराई खत्म होनी चाहिए।

हिंदू संगठनों ने किया विरोध में प्रदर्शन

कलबुर्गी में प्रकाश राज को हिंदू संगठनों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा। हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रकाश राज को काले झंडे दिखाए। प्रदर्शनकारियों ने प्रकाश राज को हिंदू विरोधी बताते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। पुलिस ने हिंदू संगठनों के कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिंदू संगठनों की ओर से डीसी को ज्ञापन भी सोपा गया और इस ज्ञापन में प्रकाश राज की एंट्री पर बैन लगाने की मांग की गई।

पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान

वैसे यह पहला मौका नहीं है जब प्रकाश राज ने विवादित बयान दिया है। कुछ दिनों पूर्व उन्होंने सनातन धर्म को तनातन बताते हुए उसका मजाक उड़ाया था। उन्होंने नवनिर्मित संसद भवन के लिए धार्मिक अनुष्ठान किए जाने पर भी सवाल उठाए थे। हाल में इसरो के चंद्रयान-3 के अभियान पर भी उन्होंने विवादित टिप्पणी की थी जिसे लेकर उन्हें लोगों के तीखे हमले का सामना करना पड़ा था।

प्रकाश राज से पूर्व द्रमुक नेता उदयनिधि स्टालिन भी सनातन धर्म को लेकर विवादित बयान दे चुके हैं। उन्होंने सनातन धर्म को डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारी बताया था। उनका कहना था कि इसका विरोध नहीं किया जाना चाहिए बल्कि इसे समाप्त किया जाना चाहिए।

Tags:    

Similar News