NCP के बाद अब शिवसेना शिंदे गुट नाराज, कहा- हमें कैबिनेट में जगह क्यों नहीं मिली?

Modi Cabinet 3.0: मोदी मंत्रिमंडल में जगह न मिलने की वजह से एनसीपी अजित गुट की नाराजगी के बाद अब शिंदे गुट की शिवसेना की भी नाराजगी देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि उनके पास चिराग की पार्टी और मांझी की पार्टी से अधिक सांसद हैं फिर भी उन्हें जगह नहीं दी गई।

Report :  Aniket Gupta
Update: 2024-06-10 11:44 GMT

Modi Cabinet 3.0: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 9 जून यानी रविवार को लगातार तीसरी बार देश के पीएम के रूप में शपथ ली। प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनके मंत्रिमंडल ने भी पद व गोपनीयता की शपथ ली। बता दें, प्रधानमंत्री व सभी मंत्रिगणों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शपथ दिलाई। अजित पवार गुट की एनसीपी ने मोदी कैबिनेट में जगह न मिलने से नाराजगी जताई थी अब उसके बाद एकनाथ शिंदे गुट की शिवसेना ने भी कैबिनेट मंत्रालय में जगह न मिलने से नाराजगी दिखाई है। पार्टी के चीफ व्हीप श्रीरंग बारणे ने कहा कि एक तरफ जहां, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और एचडी कुमारस्वामी की पार्टी को कम सीट मिलने के बाद भी कैबिनेट मंत्रालय जगह दिया गया। वहां दूसरी तरफ हमारी पार्टी के पास सात सांसद होने के बावजूद सिर्फ स्वतंत्र प्रभार के साथ राज्य मंत्री का पद दिया गया।

शिंदे गुट की शिवसेना ने जाहिर की नाराजगी

श्रीरंग बारणे ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि हम कैबिनेट में जगह की उम्मीद कर रहे थे। चिराग पासवान की पार्टी लोजपा(रा) के पास 5 सांसद हैं। मांझी के पास एक सांसद हैं। जेडीएस के दो सांसद हैं। फिर भी उन्हें एक कैबिनेट मंत्रालय मिला है। फिर हमारी पार्टी शिवसेना (शिंदे) को 7 सीटें मिलने के बावजूद सिर्फ एक राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) क्यों मिला? शिवसेना के चीफ व्हिप ने कहा कि हमारी शिवसेना की स्ट्राइक रेट को देखते हुए हमें मंत्रिमंडल में जगह दिया जाना चाहिए था।

अजित पवार को देना चाहिए था मंत्री पद: श्रीरंग बारणे

श्रीरंग बारणे ने कहा कि एनडीए के अन्य घटक दलों के एक-एक सांसद चुने गए, लेकिन उन्हें कैबिनेट मंत्री का पद दिया गया है, तो फिर बीजेपी ने शिंदे गुट के प्रति इतना अलग रुख क्यों अपनाया? शिवसेना सांसद ने आगे कहा कि अगर ऐसा होता है तो अजित पवार को मंत्री पद दिया जाना चाहिए था। इसके साथ ही बीजेपी को सतारा सांसद उदयनराजे भोसले को मंत्री पद देना चाहिए था। बता दें, रविवार पीएम के शपथ ग्रहण से पहले एनसीपी अजित गुट ने भी कैबिनेट में जगह न मिलने पर नाराजगी जताई थी।

Tags:    

Similar News